शहर से गोवा के लिए पहली बार मंगलवार को फ्लाइट चली। कुल 149 यात्रियों को लेकर फ्लेन उड़ा। राजा भोज एयरपोर्ट मैनेजमेंट ने पहली बार शुरू हुई फ्लाइट का स्वागत वाटर कैनन सेल्यूट देकर किया गया। वहीं, केक काटकर एक-दूसरे का मुंह भी मीठा कराया। इंडिगो की यह फ्लाइट 186 सीटर एयरबस के जरिए सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी।
एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी ने बताया कि फ्लाइट का संचालन नॉर्थ गोवा के मोपा एयरपोर्ट से होगा। पहले दिन यात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला। गोवा की पहली उड़ान में 144 यात्रियों का आगमन व 149 यात्रियों का प्रस्थान हुआ। यह उड़ान (6ए6971-6972) सप्ताह मे तीन दिन मंगलवार, गुरुवार एवं शनिवार को प्रचालित होगी। उड़ान का आगमन समय सुबह 11.40 बजे और प्रस्थान दोपहर 12.10 बजे होगा।
दो घंटे में गोवा पहुंच जाएंगे यात्री
इस उड़ान से पहले जहां यात्रियों को भोपाल से गोवा जाने में वाया मुंबई लगभग 8 घंटे का समय लगता था। अब यह उड़ान यात्रियों को 1 घंटे 55 मिनट में सीधे गोवा तक ले जाएगी। राजा भोज एयरपोर्ट से गोवा फ्लाइट के शुरू होने के बाद यात्रियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। माना जा रहा है कि अगले महीने तक यात्री संख्या करीब सवा लाख तक पहुंच जाएगी। अब फ्लाइट संख्या दोनों ओर की मिलाकर 34 हो जाएगी। हालांकि, शनिवार को 32 फ्लाइट संख्या के साथ यात्री संख्या 4159 रही, जो अब तक का रिकॉर्ड है। गोवा की पहली फ्लाइट को वाटर कैनन से सेल्यूट दिया गया।