Hindustanmailnews

मध्य प्रदेश

नशे का कारोबार : रेस्टोरेंट संचालकों को पहली बार पकड़ा रंगे हाथ

शहर में अहाते बंद होने से होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट संचालक अवैध रूप से शराब लोगों को परोस रहे हैं। इसकी जानकारी आबकारी विभाग को न लगे, इससे बचने के लिए रेस्टोरेंट संचालकों ने वाट्सएप ग्रुप बना लिया था। उनको आबकारी की कार्रवाई का पहले से पता चल जाता था और वह इसे वाट्सएप ग्रुप में प्रसारित कर देते थे। इससे नशे का कारोबार करने वाले डेढ़ दर्जन कारोबारी सतर्क हो जाते थे। आबकारी विभाग को इसकी जानकारी कुछ दिनों से लगातार मिल रही थी। जानकारी पुख्ता होते ही नीलबड़ क्षेत्र के बाघ भ्रमण क्षेत्र में स्थित रेस्टोरेंट पर छापामार कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया है।
आबकारी से मिली जानकारी के अनुसार नीलबड़ क्षेत्र के केरवा डैम मार्ग पर वन विभाग चौकी के पास बाघ भ्रमण क्षेत्र में स्थित रेस्टोरेंट व्हाइट आर्चिड में अवैध रूप से शराब परोसे जाने की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही आबकारी की टीम शनिवार देर रात 11 बजे मौके पर पहुंची और दबिश दी तो देखा कि रेस्टोरेंट में देर रात तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। वहां मौजूद युवक अवैध रूप से शराब पी रहे थे। रेस्टोरेंट संचालक के पास किसी तरह की कोई अनुमति भी नहीं थी। इससे मौके पर ही शराब पी रहे होटल संचालक सागर सहित नौ युवकों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

रेस्टोरेंट अपडेट के नाम से बनाया वाट्सएप ग्रुप
आबकारी कंट्रोलर सजेंद्र मोरी ने बताया कि रेस्टोरेंट मैनेजर नरेंद्र शर्मा उर्फ मोनू का मोबाइल खंगाला गया तो पता चला कि उसने रेस्टोरेंट अपडेट के नाम से एक वाट्सएप ग्रुप बना रखा था। जिसमें लगभग 15 रेस्टोरेंट संचालकों को जोड़ रखा था। इनको आबकारी के छापे की कार्रवाई पहले से पता चल जाती थी और वह इसी ग्रुप पर प्रसारित कर देता था। इससे कार्रवाई नहीं हो पाती थी। अब मैनेजर से पूछताछ कर अन्य रेस्टोरेंट संचालकों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पूर्व से दर्ज थे
20 प्रकरण
उन्होंने बताया कि रेस्टोरेंट व्हाइट आर्चिड बाघ भ्रमण क्षेत्र में संचालित किया जा रहा था। वनविभाग द्वारा भी पूर्व में कई बार पत्र लिखकर बताया गया था कि यहां पर देर रात तक शोरशराबा होता है और अवैध शराब परोसी जाती है। इससे पहले भी यहां पर अवैध शराब परोसे जाने के 20 प्रकरण दर्ज थे। आदतन शराब पिलाने के चलते प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए रेस्टोरेंट को सील कर दिया गया है।

नशे का कारोबार : रेस्टोरेंट संचालकों को पहली बार पकड़ा रंगे हाथ Read More »

मुस्लिम लड़की करा रही थी हिंदू का धर्मांतरण

भोपाल में धर्मांतरण की कोशिश का नए तरह का मामला सामने आया है। एक हिंदू लड़की ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी एक मुस्लिम दोस्त उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बना रही थी। वो खुद को जर्नलिस्ट और फिल्म प्रोड्यूसर बताती थी। कहती थी कि तुम्हारा धर्म गंदा है। तुम डोनेशन पर पलती हो।
पीड़िता का कहना है कि दोस्त का कथित पति रात में सोते वक्त उसका शारीरिक शोषण करता है। मैंने उनके साथ रहने के लिए मना किया तो उन्होंने मारपीट की और मुझे कैद कर लिया। इस शिकायत के बाद मामला सुर्खियों में आ गया। शिकायत के एक दिन बाद 5 अगस्त को दोपहर 12 बजे पुलिस ने अनम नाम की आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पति फरार है।
22 साल की पीड़िता ने बताया- मैं बालाघाट की रहने वाली हूं। जुलाई के महीने में मैंने पशुपालन पत्रोपाधि महाविद्यालय में एडमिशन लिया। पहले सेमेस्टर की पढ़ाई शुरू कर दी। इसके कुछ ही दिनों के बाद कॉलेज में मेरी पहचान अनम सैयद से हुई। अनम वहां नहीं पढ़ती थी, लेकिन हर दिन कॉलेज आती थी। कुछ दिनों में हमारी अच्छी दोस्ती हो गई। एक दिन उसने मुझे पूजा करते हुए देखा। उस दिन उसने मुझसे कहा कि हमारे यहां ये सब नहीं चलेगा। वो मेरे धर्म और समाज के बारे में गलत और गंदी बातें बोलती थी। कहती थी कि तुम जिस समाज से आती हो तो वो बहुत घटिया है। डोनेशन के पैसे पर पलता है। तुम्हारे धर्म के जनरल कैटेगरी के लोग जो डोनेशन देते हैं, तुम्हारा पेट उसी से भरता है। बोली कि तुम्हारे धर्म में गलत मान्यताएं हैं। मैं थोड़ा-थोड़ा उसकी बातों से प्रभावित भी होने लगी थी। मैं अनम के साथ कुल एक महीने तक रही। इसी दौरान मेरे एग्जाम शुरू हो गए थे। एक दिन अचानक रात को मेरी नींद खुल गई तब हामिद मेरे पास बैठा था। मैंने उससे कहा कि आप यहां क्या कर रहे हैं? उसने कहा नो आॅरगुमेंट। यहां पर कोई सवाल-जवाब नहीं होगा। मैं किसी भी चीज पर सवाल करती थी तो वो दोनों बोला करते थे- बदतमीज है। मुझे हर दिन मेंटली टॉर्चर किया किया जाने लगा।

मुस्लिम लड़की करा रही थी हिंदू का धर्मांतरण Read More »

पिछले वर्ष जुलाई में दो बार खोले थे भदभदा डैम के गेट

अगस्त में भी 25 प्रतिशत खाली है बड़ा तालाब………………..

राजधानी में एक जून से चार अगस्त के बीच करीब 506.8 मिमी. वर्षा हो चुकी है, लेकिन यह सामान्य से 60.3 मिमी. कम है। पिछले वर्ष 2022 में अब तक 600 मिमी. वर्षा हो चुकी थी। वहीं जुलाई माह में ही बड़ा तालाब छलकने लगा था, जिसकी वजह से दो बार भदभदा डैम के गेट खोलने पड़े थे। लेकिन इस बार कम वर्षा की वजह से बड़ा तालाब 25 प्रतिशत खाली है। अभी बड़े तालाब को फुल टैंक लेवल तक पहुंचने के लिए ढाई फीट पानी की जरूरत है। यही हाल शहर के अन्य जलाशयों का भी है। इस वर्ष जुलाई में बादल तो खूब आए, लेकिन वर्षा अन्य वर्षों की अपेक्षा कम हुई। पिछले वर्ष पहली बार 24 जुलाई को भदभदा डैम के गेट खोले गए थे। इसके बाद केरवा, कलियासोत व कोलार डेम का गेट भी खोला गया था। लेकिन जलस्तर कम होते ही डेम के गेट बंद कर दिए गए थे। इसके बाद 25 जुलाई को फिर एक बार सभी डैमों के गेट खोले गए थे। लेकिन इस बार अब तक बड़े तालाब में केवल 1200 एमसीएफटी पानी बढ़ा है। जिसके बाद बड़े तालाब का जलस्तर 2708 एमसीएफटी पर पहुंच गया है। वहीं इसे फुल टैंक लेवल तक पहुंचने के लिए अभी 880 एमसीएफटी पानी की और जरूरत है।

पिछले वर्ष जुलाई में दो बार खोले थे भदभदा डैम के गेट Read More »

बरगी डैम के 15 गेट खोले, नर्मदा किनारे आधा दर्जन जिलों में बाढ़ का अलर्ट

मध्यप्रदेश के जबलपुर सहित नर्मदा किनारे बसे शहरों में बाढ़ का अलर्ट है। रानी अवंति बाई लोधी सागर परियोजना (बरगी बांध) के वाटर लेवल को नियंत्रित करने के लिए आज खोल दिये गए। बांध से पानी छोड़े जाने से निचले क्षेत्र में नर्मदा नदी के जल स्तर में 30 से 36 फुट तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
जबलपुर में बने बरगी डैम के 21 में से 15 गेट 1.76 मीटर की ऊंचाई तक खोलने का निर्णय परियोजना प्रशासन ने लिया है। कार्यपालन यंत्री (बरगी बांध) अजय सूरे ने बताया कि जलग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण बरगी बांध का जलस्तर बढ़ता जा रहा है। गुरुवार की दोपहर इसका वाटर लेवल 420 मीटर हो गया था। बांध का अधिकतम वाटर लेवल 422.76 मीटर है। फिलहाल बांध में 13 हजार घन मीटर जल की आवक हो रही है। इसे देखते हुए आज गुरुवार 3 अगस्त की रात 8 बजे से लगभग 4 017 क्यूबिक (1 लाख 41 हजार 860 क्यूसेक) जल की निकासी की जा रही है।
पानी छोड़े जाने से बढ़ सकता है जल स्तर – कार्यपालन यंत्री सूरे के मुताबिक बांध से पानी छोड़े जाने से निचले क्षेत्र में नर्मदा नदी के जल स्तर में 30 से 36 फुट तक की बढ़ोतरी हो सकती। उन्होंने निचले क्षेत्र के रहवासियों से नर्मदा नदी के घाटों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने का अनुरोध किया है। सूरे ने बताया कि बांध में पानी की आवक को देखते हुए जल निकासी की मात्रा घटाई या बढ़ाई भी जा सकती है।
शासन-प्रशासन है मुस्तैद – बरगी डेम के गेट खोलने से जबलपुर के साथ नरसिंहपुर, नर्मदापुरम, रायसेन, सीहोर, खंडवा जिले में बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों के निचले इलाकों में बाढ़ की संभावना को देखते हुए शासन-प्रशासन भी मुस्तैद है।

बरगी डैम के 15 गेट खोले, नर्मदा किनारे आधा दर्जन जिलों में बाढ़ का अलर्ट Read More »

राष्ट्रपति बनने के बाद मेरी सबसे अधिक यात्राएं मप्र में हुईं : मुर्मू…

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को भोपाल के रवींद्र भवन में एशिया के सबसे बड़े साहित्यिक और सांस्कृतिक आयोजन ‘उन्मेष’ और ‘उत्कर्ष’ का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा- भारत में एक मजबूत कल्चरल इको सिस्टम विकसित हो रहा है। देवर्षि नारद, महर्षि वाल्मीकि, रवींद्रनाथ टैगोर, जयशंकर प्रसाद और रामधारी सिंह दिनकर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि साहित्य लोगों से सीधा जुड़ता है और उन्हें आपस में जोड़ता है। वही साहित्य और कलाएं सार्थक हैं, जो मैं और मेरा से ऊपर उठकर रचे जाते हैं।
मुर्मू ने कहा कि राष्ट्रपति बनने के बाद मेरे सर्वाधिक दौरे मप्र में ही हुए हैं। यह पांचवां मौका है, जब मैं राष्ट्रपति के रूप में मप्र आई। उन्होंने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनने के लिए जनजातीय भाई-बहनों की प्रगति आवश्यक है। हमारा सामूहिक प्रयास होना चाहिए कि वे अपनी संस्कृति, लोकाचार, रीति-रिवाज और प्राकृतिक पर्यावरण को संरक्षित करते हुए विकास में भागीदार बनें। राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने उन्मेष और उत्कर्ष को भारत की विभिन्न परंपराओं को जोड़ने का प्रयास बताया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक नया दौर शुरू हुआ है।

राष्ट्रपति बनने के बाद मेरी सबसे अधिक यात्राएं मप्र में हुईं : मुर्मू… Read More »

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights