Hindustanmailnews

देश

मुंबई पुलिस ने शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के खिलाफ “लुक‑आउट सर्कुलर” (LOC) जारी किया है

शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के खिलाफ बड़ा कदम, धोखाधड़ी मामले में मुंबई पुलिस ने जारी किया लुकआउट सर्कुलर

अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा के खिलाफ एक अहम कार्रवाई सामने आई है। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने ₹60 करोड़ की धोखाधड़ी के मामले में दोनों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया है।

क्राइम ब्रांच की कार्रवाई

एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी कि यह सर्कुलर इसलिए जारी किया गया है क्योंकि यह दंपति अक्सर विदेश यात्रा करता है, जिससे उनके देश छोड़ने की आशंका बनी हुई थी। अधिकारी ने बताया कि 14 अगस्त को जुहू पुलिस स्टेशन में एक व्यवसायी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई थी। आरोप है कि एक निवेश और ऋण समझौते के तहत इस दंपति ने लगभग ₹60 करोड़ की धोखाधड़ी की।

क्या होता है लुकआउट सर्कुलर?

लुकआउट सर्कुलर (LOC) एक वैधानिक प्रावधान है, जिसका उपयोग किसी व्यक्ति की विदेश यात्रा पर रोक लगाने या उस पर निगरानी बनाए रखने के लिए किया जाता है। यह सर्कुलर इमीग्रेशन और सीमा चौकियों पर अलर्ट के रूप में भेजा जाता है, ताकि संबंधित व्यक्ति देश छोड़कर भाग न सके।

मुंबई पुलिस ने शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के खिलाफ “लुक‑आउट सर्कुलर” (LOC) जारी किया है Read More »

UP: कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा, डीएम-एसपी ने बरसाए फूल, श्रद्धालु बोले- ये हमारे लिए यादगार

बाराबंकी: महादेवा में कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा, शिवभक्ति का अद्भुत दृश्य

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी स्थित महाभारतकालीन शिवधाम महादेवा में सावन के तीसरे मंगलवार को भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने स्वयं हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की, जिसे श्रद्धालुओं ने अलौकिक क्षण बताया।

सुबह 9:24 बजे, मंदिर परिसर के ऊपर हेलीकॉप्टर ने तीन बार चक्कर लगाते हुए गेंदे और गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा की। “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के गगनभेदी जयकारों से वातावरण शिवमय हो उठा। तेज धूप के बावजूद श्रद्धालु सुबह से ही मंदिर में मौजूद रहे और इस अविस्मरणीय पल को अपने कैमरों में कैद करते रहे।

इस अनूठे आयोजन में पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी, जिला उपाध्यक्ष शेखर हयारण, एसडीएम विवेकशील यादव, सीओ गरिमा पंत, तहसीलदार विपुल सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे।

श्रद्धालुओं ने प्रशासन की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह अनुभव जीवन भर याद रहेगा। महादेवा में शिवभक्ति, प्रशासन और जनसहभागिता का यह संगम सावन की आस्था को और भी पवित्र बना गया।

UP: कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा, डीएम-एसपी ने बरसाए फूल, श्रद्धालु बोले- ये हमारे लिए यादगार Read More »

भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता: पांचवां दौर सफलतापूर्वक सम्पन्न, संसद में दी गई जानकारी

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर 5वें दौर की वार्ता संपन्न, संसद में दी गई जानकारी

भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (Trade Deal) को लेकर अब तक पांच दौर की वार्ता पूरी हो चुकी है। वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने लोकसभा में एक लिखित उत्तर में बताया कि यह बातचीत मार्च 2025 में शुरू हुई थी और पांचवां दौर 14 से 18 जुलाई, 2025 के बीच वाशिंगटन में आयोजित किया गया।

इसके साथ ही उन्होंने बताया कि भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के लिए अब तक 12 दौर की बातचीत हो चुकी है, जिनमें अंतिम दौर 7 से 11 जुलाई तक ब्रुसेल्स में हुआ था।

बौद्धिक संपदा (IP) फाइलिंग में उल्लेखनीय वृद्धि:
एक अन्य प्रश्न के जवाब में मंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में बौद्धिक संपदा से जुड़ी फाइलिंग में 44% की वृद्धि हुई है — जो 2020-21 में 4,77,533 से बढ़कर 2024-25 में 6,89,991 हो गई।
इसमें सबसे अधिक बढ़ोतरी भौगोलिक संकेत (GI) में 380% की देखी गई, इसके बाद डिज़ाइन (266%), पेटेंट (180%), कॉपीराइट (83%), ट्रेडमार्क (28%) और सेमीकंडक्टर लेआउट डिज़ाइन (SICLD) में 20% की वृद्धि दर्ज की गई।

जीआई पंजीकरण:
अब तक 697 GI टैग हस्तशिल्प, कृषि और खाद्य जैसे क्षेत्रों में जारी किए जा चुके हैं।


भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता: पांचवां दौर सफलतापूर्वक सम्पन्न, संसद में दी गई जानकारी Read More »

ओलंपिक में गोल्ड लाओ, 7 करोड़ पाओ — दिल्ली सरकार ने इनाम राशि बढ़ाई, नौकरी का भी वादा

ओलंपिक विजेताओं के लिए दिल्ली सरकार का ऐतिहासिक फैसला — अब मिलेगा बड़ा कैश रिवॉर्ड और सरकारी नौकरी

दिल्ली के मंत्री आशीष सूद ने सोमवार को प्रेस वार्ता के दौरान ओलंपिक और पैरा-ओलंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रोत्साहन राशि बढ़ाने का बड़ा ऐलान किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री खेल प्रोत्साहन योजना के तहत अब ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने पर 7 करोड़ रुपये, सिल्वर पर 5 करोड़ और ब्रॉन्ज पर 3 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

इसके साथ ही, गोल्ड और सिल्वर मेडलिस्ट खिलाड़ियों को ग्रुप A और ब्रॉन्ज मेडलिस्ट को ग्रुप B की सरकारी नौकरी भी दिल्ली सरकार की ओर से दी जाएगी।

मंत्री ने यह भी बताया कि पहले यह राशि क्रमश: 3 करोड़, 2 करोड़ और 1 करोड़ थी, जिसे अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दोगुना से अधिक कर दिया गया है।

ओलंपिक में गोल्ड लाओ, 7 करोड़ पाओ — दिल्ली सरकार ने इनाम राशि बढ़ाई, नौकरी का भी वादा Read More »

मॉनसून सत्र: SIR मुद्दे पर विपक्ष का हंगामा, लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही ठप; सरकार ने किया तीखा जवाब

मॉनसून सत्र में लगातार हंगामा, संसद की कार्यवाही ठप — SIR और ऑपरेशन सिंदूर पर विपक्ष हमलावर, सरकार का पलटवार

संसद का मानसून सत्र लगातार दूसरे दिन भी भारी हंगामे की भेंट चढ़ गया। विपक्ष, खासकर कांग्रेस सहित कई दल, बिहार में चल रही मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चर्चा की मांग कर रहे हैं और इसे चुनाव से पहले साज़िश बता रहे हैं। वहीं, सरकार इसे संविधानसम्मत प्रक्रिया बताते हुए चर्चा के लिए तैयार है।

लोकसभा का हाल:
मंगलवार को जैसे ही लोकसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुई, विपक्षी सांसदों ने एसआईआर और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर बहस की मांग करते हुए जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की अपील की, लेकिन हंगामा नहीं थमा। स्पीकर ओम बिरला द्वारा सदन की मर्यादा बनाए रखने की अपील के बावजूद हंगामा जारी रहा, जिसके कारण कार्यवाही पहले दोपहर 12 बजे, फिर 2 बजे और अंत में पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई।

राज्यसभा में भी जारी रहा गतिरोध:
राज्यसभा में भी विपक्ष ने एसआईआर, पहलगाम आतंकी हमला और ऑपरेशन सिंदूर जैसे मुद्दों पर प्रधानमंत्री की उपस्थिति में चर्चा की मांग की। कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी की, जिसके चलते उपसभापति हरिवंश को दो बार सदन स्थगित करना पड़ा। दोपहर बाद कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई।

सरकार ने विपक्ष पर लगाया दोहरे मापदंड का आरोप:
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि विपक्ष एक ओर बहस की मांग करता है और दूसरी ओर खुद ही सदन नहीं चलने देता। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार हर विषय पर चर्चा को तैयार है, लेकिन विपक्ष संसद का समय बर्बाद कर रहा है।

विशेष मांगें और स्थगन प्रस्ताव:
राज्यसभा में CPI सांसद पी. संतोश कुमार ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के कथित इस्तीफे पर भी चर्चा की मांग की, जिसे अन्य 12 स्थगन प्रस्तावों के साथ नियम 267 के तहत खारिज कर दिया गया।

मॉनसून सत्र: SIR मुद्दे पर विपक्ष का हंगामा, लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही ठप; सरकार ने किया तीखा जवाब Read More »

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights