Hindustanmailnews

Author name: Hindustanmailnews

देवी अहिल्या अस्पताल में फर्जी डॉक्टर कर रहे थे कैंसर का इलाज

बिना किसी सुरक्षा मानक, अनुमति और योग्यता के दम पर कैंसर जैसी भयावह बीमारी का इलाज करके लोगों की जान से खिलवाड़ करने के मामले में कलेक्टर आशीष सिंह ने बड़ी कार्रवाई की। उन्होंने नेमावर रोड स्थित देवी अहिल्या हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर को न सिर्फ सील करने के आदेश दिए, बल्कि सीएमएचओ को संचालकों के खिलाफ केस दर्ज कराने और नगर निगम को भवन की वैधानिकता जांचने के आदेश दिए हैं। भर्ती मरीजों का इलाज या शिफ्टिंग सरकारी डॉक्टरों की निगरानी में होगा। खाली होते ही अस्पताल सील हो जाएगा।

7 मार्च, 2024 को यह आदेश कलेक्टर सिंह ने जारी किया है। आदेश में उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) से 1 मार्च, 2024 को मिले पत्र का हवाला दिया है। लिखा है 1, आनंदनगर स्थित देवी अहिल्या हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर की जांच जूनी इंदौर एसडीएम, अपर तहसीलदार, आईडीएसपी के नोडल अधिकारी, जोनल चिकित्सा अधिकारी संयोगितागंज, आयुर्वेद/होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी आयुष विभाग ने की। दल ने अस्पताल की आकस्मिक जांच की। मौका पंचनामा बनाया गया। बयान लिए गए। पता चला कि अस्पताल में जनमानस को गुमराह किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट में म.प्र. उपचर्यागृह तथा रूजोपचार संबंधी स्थापनाएं (रजिस्ट्रीकरण तथा अनुज्ञापन अधिनियम 1973) नियम 1997 (यथा संशोधित 2021) एवं चिकित्सा शिक्षा संस्था (नियंत्रण) अधिनियम 1973 की धारा 7-ग का उल्लंघन करके अस्पताल का संचालन पाया गया। अस्पताल में मरीजों की जान को गंभीर संकट में डालकर सिर्फ नाम का इलाज किया जा रहा है। इस बात की पुष्टि समिति द्वारा अस्पताल से जब्त दस्तावेजों से भी होती है। इसे अस्पताल प्रबंधन की बदनियती या हिमाकत कहेंगे कि बिना किसी सक्षम स्वीकृति के कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का इलाज गैर पेशेवर व्यक्ति द्वारा किया जा रहा है। प्राइवेट हॉस्पिटल के लिए जो सुरक्षा मानक तय हैं, उनका पालन भी नहीं है। न प्रमाण-पत्र है। हॉस्टिल के संचालक द्वारा चिकित्सा शिक्षा संस्था (नियंत्रण) अधिनियम 1973 की धारा 7-ग का उल्लंघन किया जा रहा है। अपने नाम के सम्मुख डॉक्टर शब्द का उपयोग कर आम जनमानस को गुमराह किया जा रहा है। कलेक्टर ने अपने आदेश में कहा कि नियम विरुद्ध अस्पताल का संचालन मिला है, इसीलिए अस्पताल के साथ ही संचालक पर भी कार्रवाई जरूरी है, इसीलिए तय किया जाता है कि हॉस्पिटल में भर्ती मरीजों के डिस्चार्ज होने या उन्हें किसी दूसरे अस्पताल में शिफ्ट होने तक उनकी मॉनिटरिंग आईडीएसपी के नोडल अधिकारी डॉ. अमित मालाकार करेंगे। सभी मरीजों के डिस्चार्ज या शिफ्ट होने पर तत्काल एसडीएम को सूचना देंगे। खाली होने के बाद एसडीएम अस्पताल को सील करेंगे। तब तक अस्पताल में कोई नया मरीज भर्ती नहीं होगा।

देवी अहिल्या अस्पताल में फर्जी डॉक्टर कर रहे थे कैंसर का इलाज Read More »

असम के काजीरंगा नेशनल पार्क पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी

दिसपुर, एजेंसी। पीएम नरेंद्र मोदी असम दौरे के दूसरे दिन शनिवार सुबह काजीरंगा नेशनल पार्क पहुंचे। उन्होंने सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच हाथी पर बैठकर जंगल सफारी की। इसके बाद जीप पर नेशनल पार्क का भ्रमण भी किया। इस दौरान उनके साथ पार्क डायरेक्टर सोनाली घोष और सीनियर फॉरेस्ट आॅफिसर भी थे। प्रधानमंत्री मोदी नॉर्थ-ईस्ट के 2 दिन के दौरे पर हैं। वे शुक्रवार की शाम असम की राजधानी तेजपुर पहुंचे। यहां सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने काजीरंगा में रोड शो किया। फिर रात में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के गेस्ट हाउस में रुके थे। वे आज राज्य में 18 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन भी करेंगे। काजीरंगा को नेशनल पार्क का दर्जा 1974 में मिला था। 50 साल हो चुके हैं।

असम के काजीरंगा नेशनल पार्क पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी Read More »

भारत को रिप्रजेंट करेंगी सिनी शेट्टी….मिस वर्ल्ड-2023 का फिनाले आज शाम मुंबई में…

भारत 27 साल बाद मिस वर्ल्ड की मेजबानी कर रहा है। मिस वर्ल्ड-2023 का फिनाले आज शाम मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में होगा। इसमें फेमिना मिस इंडिया-2022 की विनर सिनी शेट्टी भारत को रिप्रजेंट करेंगी। 2 अगस्त 2001 में मुंबई में जन्मीं सिनी शेट्टी मूल रुप से कर्नाटक की हैं। उनके पिता सदानंद शेट्टी होटल शिकिन के मालिक हैं। सिनी के पास अकाउंटिंग और फाइनेंस में ग्रेजुएशन की डिग्री है। फिलहाल वे सीएफए की पढ़ाई कर रही हैं। मिस वर्ल्ड दुनिया का सबसे बड़ा ब्यूटी पेजेंट है। हालांकि, यह कई बार विवादों में रहा है। जब 1996 में भारत के बेंगलुरु में इसका आयोजन हुआ था, तो पूरे कर्नाटक में आंदोलन शुरू हो गए थे। वहीं, 1970 में ब्रिटेन में चल रहे इवेंट के दौरान 60 महिलाओं ने हॉल में सड़े आटे के गोले बरसाए थे।

भारत को रिप्रजेंट करेंगी सिनी शेट्टी….मिस वर्ल्ड-2023 का फिनाले आज शाम मुंबई में… Read More »

आज दूल्हा रूप में दर्शन दे रहे महाकाल, दोपहर में हुई भस्म आरती

महाशिवरात्रि के दूसरे दिन भगवान महाकाल दूल्हा रूप में दर्शन दे रहे हैं। शनिवार सुबह 4 बजे भगवान महाकाल का सवा मन फूलों और सप्त धान का सेहरा सजाया गया है। उन्हें दूल्हे के रूप में श्रृंगारित किया गया है। इससे पहले भगवान महाकाल को सप्त धान का मुखौटा, स्वर्ण त्रिकुंड, कुंडल, चांदी का छत्र और नए वस्त्र धारण कराए गए। सुबह 6 बजे सेहरा आरती हुई। इस दौरान करीब सवा लाख बिल्व पत्र भी अर्पित किए। बाबा महाकाल की भस्म आरती साल में एक बार दोपहर 12 बजे होती है, जो आज हुई। आज आम भक्तों को भी दोपहर की भस्म आरती के चलायमान दर्शन मिल सके। सभी को कार्तिकेय मंडपम से प्रवेश और दर्शन दिया जा रहा है। इससे पहले महाशिवरात्रि पर गुरुवार की रात ढाई बजे भगवान महाकाल मंदिर के पट खुले। शनिवार रात 10.30 बजे तक लगातार 44 घंटे भगवान महाकाल के दर्शन हो सकेंगे। शुक्रवार रात 10 बजे तक 7.35 लाख से ज्यादा भक्तों ने बाबा महाकाल के दर्शन कर लिए थे। हालांकि प्रशासन ने 12 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने का दावा किया था।

आज दूल्हा रूप में दर्शन दे रहे महाकाल, दोपहर में हुई भस्म आरती Read More »

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पचौरी सहित पूर्व विधायक संजय शुक्ला, विशाल पटेल भाजपा में

इंदौर-1 और देपालपुर में भी भाजपा का कॉम्पीटिशन लगभग खत्म……..

इंदौर। भारत जोड़ने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जब से न्याय यात्रा शुरू की तब से उनके नेताओं ने पार्टी छोड़ना शुरू कर दिया था। मणिपुर से सिलसिला शुरू हुआ। मप्र में भी कायम रहा। पूर्व केंद्रीय मंत्री और मप्र कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुरेश पचौरी, धार के पूर्व सांसद गजेंद्र सिंह राजूखेड़ी, इंदौर-1 के पूर्व विधायक संजय शुक्ला और देपालपुर के पूर्व विधायक विशाल पटेल ने शनिवार सुबह भाजपा ज्वाइन कर ली। राजनीतिक संत की संज्ञा देकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पचौरी को पार्टी का हिस्सा बनाया। बोले उनकी जगह कांग्रेस जैसी सनातन विरोधी पार्टी में नहीं है। इस राजनीतिक उठापटक ने इंदौर-1 और देपालपुर को सांवेर, इंदौर-2 और इंदौर-4 की तरह करीब-करीब प्रतिद्वंदी मुक्त कर दिया है।
पूर्व मुख्यमंत्री अध्यक्ष कमलनाथ सहित एक दर्जन विधायकों के भाजपा में शामिल होने की प्लानिंग विफल रही। इसके बाद पचौरी व उनके सहयोगी भाजपा नेताओं के संपर्क में आए। शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वी.डी.शर्मा की मौजूदगी में पचौरी, राजूखेड़ी, शुक्ला, पटेल, अर्जुन पलिया और भोपाल कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष कैलाश मिश्रा भी प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे। भाजपा का हिस्सा बने। कांग्रेस की सरकार में पचौरी कई मंत्रालयों के केंद्रीय राज्य मंत्री रह चुके हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में उन्होंने रक्षा, कार्मिक, सार्वजनिक शिकायत और पेंशन, पार्टी के जमीनी स्तर के संगठन कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष भी रहे। दूसरे बड़े नेता गजेंद्र सिंह राजूखेड़ी हैं, जो तीन बार धार से सांसद रहे हैं।
बदलेगी इंदौर की राजनीति…
इंदौर-1 के पूर्व विधायक संजय शुक्ला के साथ ही देपालपुर के पूर्व विधायक विशाल पटेल भी भाजपा में शामिल हुए। शुक्ला ने 2018 में दो बार के विधायक सुदर्शन गुप्ता को शिकस्त दी थी। 2022 में पुष्यमित्र भार्गव से महापौर चुनाव और 2023 में कद्दावर भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय से भारी मतों से हारे। 2018 में नर्मदा-गंभीर जैसी महत्वपूर्ण योजना के बावजूद विशाल पटेल ने मनोज पटेल को मात दी थी। 2023 में त्रिकोणीय मुकाबला होने के बाद भी हारे। दोनों को भाजपा की सदस्यता दिलाने में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की भूमिका अहम है। विजयवर्गीय ने इससे इंदौर-1 और देपालपुर में राजनीतिक प्रतिद्वंदता करीब-करीब समाप्त कर दी। क्योंकि इंदौर-1 में शुक्ला से पहले ही कमलेश खंडेलवाल भाजपा में जा चुके हैं। इंदौर-5 से लगातार दूसरी बार हारने के बाद सत्यनारायण पटेल राजनीतिक सन्यास की घोषणा कर चुके हैं। कांग्रेस मोतीसिंह को पहले ही बाहर कर चुकी है। पटेल भीतरघातियों से परेशान थे। शुक्ला को अवैध खनन में 140 करोड़ का नोटिस मिला था। खजराना में उनकी कॉलोनी संकट में थी।

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पचौरी सहित पूर्व विधायक संजय शुक्ला, विशाल पटेल भाजपा में Read More »

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights