Hindustanmailnews

Author name: Hindustanmailnews

तीसरे चरण में दिखा मतदाताओं का जोश

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए मंगलवार की सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। इस चरण में 11 राज्यों की 93 सीटों पर चुनावी मैदान में 1331 प्रत्याशियों का भाग्य तय होगा। इनमें गुजरात की सभी 25 सीटों के साथ मप्र की नौ लोकसभा सीटें भी शामिल है। जहां पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, दिग्विजय सिंह, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया चुनाव मैदान में है। सुबह 9 बजे तक अच्छी खबर यह है कि मप्र (14.43%) में पश्चिम बंगाल (15.85%) के बाद दूसरा ज्यादा मतदान हुआ। वहीं सबसे कम 6.64% वोट महाराष्ट्र में पड़े हैं। वहीं देश की बात करें तो शुरूआती दो घंटे में औसत 11.40 प्रतिशत मतदान हुआ है।
लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में मध्यप्रदेश की 9 सीटों पर सुबह 9 बजे तक 14.22 प्रतिशत वोटिंग हुई। इनमें मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, राजगढ़, विदिशा, सागर, बैतूल और भोपाल सीट शामिल हैं। 127 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। एक करोड़ 77 लाख 52 हजार 583 मतदाता वोट करेंगे। भिंड में वोट डालने जा रहे एक युवक को घेरकर कुछ लोगों ने गोली मार दी। गोली उसके पेट में लगी है। इधर, मुरैना में कांग्रेस कैंडिडेट सत्यपाल सिकरवार ने पुलिस-प्रशासन पर वोटिंग डंप कराने के आरोप लगाए। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने भोपाल में मतदान किया।
विदिशा भाजपा प्रत्याशी शिवराज सिंह चौहान ने वोट डालने से पहले अपने गृह ग्राम जैत में पूजा की। इसके बाद परिवार समेत वोट डालने पहुंचे। गुना से भाजपा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, पिछले दो चरणों को देखते हुए इस बार वोट पर्सेंटेज बढ़ाने का प्रयास है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद स्थित निशान हायर सेकेंडरी स्कूल में वोट डाला। उनके साथ गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद थे। मतदान के बाद मोदी ने कहा- लोकतंत्र के इस महायज्ञ में हिस्सा लेने वाले सभी लोग अभिनन्दन के अधिकारी हैं। मेरा सभी से आग्रह है कि आज गुजरात में और देश में जहां-जहां भी मतदान है, वहां बहुत भारी मात्रा में मतदान करें और लोकतंत्र के इस पर्व को उत्सव के रूप में मनाएं।
मुरैना में तीनों प्रत्याशी नजरबंद
मुरैना लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सत्यपाल सिंह सिकरवार, भाजपा प्रत्याशी शिवमंगल सिंह तोमर और बसपा प्रत्याशी रमेश चंद्र गर्ग को पुलिस लाइन बुलाया और नजरबंद कर दिया। कांग्रेस प्रत्याशी सत्यपाल सिंह सिकरवार ने कहा संभवत: पुलिस प्रशासन लोकप्रिय लोगों से भयभीत है। सिकरवार ने भाजपा प्रत्याशी सिंह के पैर छुए और दोनों प्रत्याशी गले भी मिले।
अशोकनगर में जवान को आया अटैक
अशोकनगर जिले की मुंगावली विधानसभा के पोलिंग क्रमांक 267 टांडा गांव में तैनात होमगार्ड के जवान को दिल का दौरा पड़ा। आनन-फानन में सिविल अस्पताल मुंगावली में भर्ती कराया गया है। जहां जवान का इलाज जारी है।

भिंड में वोट डालने जा रहे युवक को गोली मारी
भिंड शहर के शिवपुरी का पुरा में एक युवक को घेरकर कुछ लोगों ने गोली मार दी। गोली युवक के पेट में लगी। गोली से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से ग्वालियर रेफर कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक देहात थाना क्षेत्र के शिवहरे का पुरा में रहने वाले राघवेंद्र पुत्र महेंद्र खटीक (25) सुबह करीब 8 बजे अपने घर से वोट डालने जा रहा था, तभी कुछ लोगों ने गोली चला दी। राघवेंद्र गोली लगते ही गिर पड़ा। बताया गया कि हमलावरों का उससे पुराना विवाद चल रहा था।

तीसरे चरण में दिखा मतदाताओं का जोश Read More »

नगर निगम में 125 करोड़ से अधिक का फर्जी बिल घोटाला

इंदौर नगर निगम में हुए 125 करोड़ रुपए से अधिक के फर्जी बिल घोटाले में रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं। इस मामले में नगर निगम के जिन कर्मचारियों को पकड़ा गया है उन्होंने पुलिस पूछताछ में कई बड़े लोगों के नाम उगले हैं, जिसमें कई राजनेता शामिल है। वहीं मामले में प्रदेश सरकार ने भी जांच के लिए हाई पावर कमेटी का गठन कर दिया है। वाणिज्यिक कर विभाग के प्रमुख सचिव अमित राठौर की अध्यक्षता में गठित समिति अपनी रिपोर्ट एक पखवाड़े में सरकार को सौपेंगी। समिति में वित्त सचिव अजित कुमार व लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को शामिल किया गया है। जांच में बड़े खुलासे के संकेत है। उल्लेखनीय है कि घोटाला उजागर होने के बाद महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सीएम मोहन यादव और नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से घोटाले की उच्च स्तर पर जांच कराने की मांग की थी। इसी मांग पर सीएम ने जांच के लिए समिति गठित की है। वहीं निगमायुक्त शिवम वर्मा ने भी अपर आयुक्त सिद्धर्थ जैन की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया था जिसकी जांच लगभग पूरी हो गई है। जानकारों का कहना है उच्च स्तरीय जांच में बड़े खुलासे की उम्मीद है। जांच में वे बड़े चेहरे भी सामने आ सकते है,जो किसी न किसी रूप में घोटाले से जुड़े है। जानकारों के अनुसार पुलिस जांच कुछ बड़े नाम सामने आए हैं लेकिन राजनैतिक पहुंच के चलते पुलिस के हाथ उन लोगों तक नहीं पहुंच पा रहे है।

2 फर्म को किया ब्लैक लिस्ट, केस दर्ज
ड्रेनेज घोटाले की जांच में दो फर्मे भी जुड़ गई है। क्रिस्टल इंटरप्राइजेज और ईश्वर इंटरप्राइजेज के नाम से पंजीकृत इन फर्मों से एक्जीक्यूटिव इंजीनियर अभय राठौर ने पांच करोड़ रुपए का गबन किया है। शुक्रवार को एमजी रोड़ पुलिस ने निगम अफसरों की शिकायत पर दोनों फर्मों के संचालकों पर दो नई एफआईआर दर्ज कर ली। इन दोनों फर्मों को नगर निगम ने ब्लैक लिस्ट भी कर दिया है। नगर निगम अफसरों ने स्वयं संज्ञान लेते हुए संचालक इमरान खान (क्रिस्टल) निवासी जूनी कसेरा बाखल और मौसम व्यास (ईश्वर) निवासी पलसीकर कॉलोनी के खिलाफ केस दर्ज करवाया। दोनों फर्मों में 5 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ है।

नगर निगम में 125 करोड़ से अधिक का फर्जी बिल घोटाला Read More »

20 लाख का भुगतान मिला तो चले 150 सिटी बसों के पहिए

आपरेटर को 20 लाख रुपये का भुगतान किया गया। इससे शनिवार को बसें अपने निर्धारित रूट पर चलने लगीं। दरअसल, शहर में शुक्रवार को करीब 150 सिटी बसों के पहिए थम गए थे। इस वजह से यात्रियों को गर्मी में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लगभग छह करोड़ 80 लाख रुपये का पेमेंट बकाया होने से आॅपरेटर नाराज चल रहे हैं, जिन्होंने बसों को चलाने से इंकार कर दिया। इसी वजह से रूटों पर कम बसें पहुंची तो लोगों को इंतजार करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार शहर में चल रही सिटी बसें मां एसोसिएट की है। एसोसिएट के मालिक अतुल जैन ने बताया कि पिछले कई दिनों का छह करोड़ 80 लाख रुपये बकाया थे। स्थिति यह हो गई थी कि बसों में ईंधन भरवाने के लिए भी पेमेंट नहीं था। इसके चलते बीसीएलएल से बसों का संचालन करने में असमर्थता जताई। शुक्रवार को बसें नहीं चलाई गईं। इसके बाद कुछ राशि का भुगतान बीसीएलएल ने कर दिया है। इसके चलते शनिवार से नियमित रूप से बसों का संचालन किया जा रहा है।

इन मार्गों पर दौड़ती
हैं बसें
भोपाल के 25 रूट पर कुल 368 बसें चलती हैं। ये बसें शहर के सभी क्षेत्र को कवर करती हैं। बैरागढ़ के पास चिरायु अस्पताल से लेकर अवधपुरी, न्यू मार्केट, अयोध्या बायपास, करोंद, एमपी नगर, मिसरोद, मंडीदीप, भोजपुर, नर्मदापुरम रोड, कटारा हिल्स, बैरागढ़ चिचली, कोलार रोड, गांधीनगर, बंगरसिया, रायसेन रोड, लांबाखेड़ा, नारियलखेड़ा, भौंरी समेत अधिकांश शहरी क्षेत्रों में चलती हैं।
प्रतिदिनि डेढ़ लाख यात्री : सिटी बसों में एक दिन में करीब डेढ़ लाख से ज्यादा लोग सफर करते हैं। इनमें करीब 60 हजार महिला यात्री हैं। नौकरीपेशा के अलावा छात्र भी बसों से आना-जाना करते हैं। किराये के रूप में उनके न्यूनतम सात और अधिकतम 42 रुपये लगते हैं। सभी बसों में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम और कैमरे लगे हैं।

20 लाख का भुगतान मिला तो चले 150 सिटी बसों के पहिए Read More »

चूना भट्‌टी में पानी की लाइन फूटी

भोपाल के चूना भट्‌टी चौराहे पर पानी की लाइन फूट गई। इससे पानी का फव्वारा 20 फीट तक ऊपर उठ गया। करीब 3 घंटे में लाखों लीटर पानी बह गया। निगम की टीमें लाइन को सुधार रही है। कोलार सिक्सलेन में खुदाई के चलते यह लाइन ब्रेक हुई थी। सुबह पौने 11 बजे चूना भट्‌टी चौराहा स्थित मां काली मंदिर के ठीक सामने यह लाइन फूट गई। निगम के कार्यपालन यंत्री अजय मालवीय ने बताया यह डिस्ट्रिब्यूशन लाइन है। जिससे कुछ इलाके में पानी की सप्लाई होती है। कोलार सिक्सलेन निर्माण के चलते ज्यादातर लाइन शिफ्ट हो गई है, लेकिन काली मंदिर के पास शेड होने की वजह से शिफ्ट नहीं हो पाई। शुक्रवार को काम करते समय लाइन ब्रेक हो गई। टीम इसे सुधार रही है। निगम के सहायक यंत्री गौरव परमार ने बताया इस लाइन से ईश्वर नगर समेत आसपास के क्षेत्र में पानी की सप्लाई होती है। शुक्रवार को पानी सप्लाई हो गया था। इसके बाद लाइन फूट गई। इसे सुधार रहे हैं। करीब 3 घंटे तक सड़क पर पानी बहता रहा। इसे देखने के लिए गुजर रहे राहगीर रुक गए और मोबाइल से फोटो-वीडियो बनाने लगे, हालांकि कई दुकानदार और रहवासियों के लिए यह आफत भी बन गया। फव्वारे की वजह से मंदिर के पास की दुकानों का सामान भीग गया। कोलार सिक्सलेन के लिए सर्वधर्म ब्रिज के पास भी हाल ही में खुदाई शुरू की गई। इस दौरान गुरुवार शाम को केरवा लाइन भी फूट गई। इस लाइन से कई इलाकों में पानी की सप्लाई होती है। इससे जलप्रदाय व्यवस्था बाधित हुई। वहीं राहगीरों को भी गुजरने में दिक्कतें हुईं।

चूना भट्‌टी में पानी की लाइन फूटी Read More »

बोनट पर ट्रैफिक जवान, आधा किमी तक दौड़ाई कार

शहर का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी कार पर बैठा है। कार तेज रफ्तार से दौड़ रही है। एक पुलिसकर्मी बाइक से कार का पीछा कर रहा है। दरअसल, शहर के पिपलानी पेट्रोल पंप के पास ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक जवान ने सिग्नल तोड़कर भाग रहे कार सवार को रोकने की कोशिश की थी। इस दौरान कार सवार ने उसे टक्कर मार दी। ट्रैफिक जवान उछलकर कार के बोनट पर सवार हो गया, लेकिन चालक ने कार नहीं रोकी। वो इसी हालत में करीब आधा किलोमीटर की दूरी तक कार दौड़ाता रहा। साथी पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर रोका। उसे पिपलानी पुलिस के हवाले कर दिया गया है। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
चैकिंग के दौरान सिग्नल तोड़ा : पिपलानी थाना टीआई अनुराग लाल के मुताबिक लोकसभा चुनाव के चलते आचार संहिता का पालन करवाने के लिए सड़क पर वाहनों की चैकिंग की जा रही है। पिपलानी पेट्रोल पंप चौराहे पर शुक्रवार को ट्रैफिक के एएसआई और दो सिपाही रोजाना की तरह चैकिंग पॉइंट पर तैनात थे। शाम के समय इस चौराहे पर ट्रैफिक का दबाव ज्यादा था। शाम करीब सवा 6 बजे ग्रे रंग की एक कार, जिसमें काली फिल्म चढ़ी हुई थी, वह पिपलानी से रत्नागिरी की तरफ जा रही थी। उसने सिग्नल तोड़ा, तब आरक्षक राहुल जायसवाल ने उसे रोकना चाहा। चालक ने कार रोकने के बजाए राहुल को टक्कर मार दी। जिससे वह उछलकर कार की बोनट पर जाकर गिरा। फिर भी उसने कार नहीं रोकी।
चिल्लाता रहा सिपाही…
बोनट पर फंसा सिपाही चालक को कार रोकने के लिए आवाज लगाता रहा। राहुल के शोर मचाने पर राहगीरों ने भी कार रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने कार नहीं रोकी। बाइक पर सवार एक बुजुर्ग राहगीर ने हाथ देकर कार को रोकने का प्रयास किया। कार ड्राइवर ने बाइक को भी टक्कर मार दी। जिससे बुजुर्ग गिरकर घायल हो गए। इधर, चौराहे पर तैनात दूसरे पुलिस कर्मियों ने बाइक से उसका पीछा कर किसी तरह रोका और गिरफ्तार किया।

बोनट पर ट्रैफिक जवान, आधा किमी तक दौड़ाई कार Read More »

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights