Hindustanmailnews

Author name: Hindustanmailnews

स्पेन ने पहली बार जीता विमेंस फीफा वर्ल्ड कप, इंग्लैंड को 1-0 से हराया

स्पेन ने पहली बार विमेंस फीफा वर्ल्ड कप जीत लिया। फाइनल में स्पेन ने इंग्लैंड को 1-0 से हराया। मैच का इकलौता गोल 29वें मिनट में स्पेन की ओल्गा कामोर्ना ने किया। इसके साथ ही 2011 के बाद पहली बार फीफा को विमेंस फुटबॉल में नया चैंपियन मिला है। 2011 में जापान ने वर्ल्ड कप जीता था। यह जापान का पहला खिताब था।
स्पेन मेंस-विमेंस दोनों टाइटल जीतने वाला दूसरा देश बना – स्पेन मेंस और विमेंस दोनों का फुटबॉल वर्ल्ड कप जीतने वाला दूसरा देश बन गया है। जर्मनी दोनों कैटेगरी में खिताब जीतने वाला पहला देश है। विमेंस वर्ल्ड कप की शुरुआत 1991 में हुई थी। इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा खिताब अमेरिका ने (4 बार) जीते हैं।
स्पेन ने किया डॉमिनेट – इंग्लैंड ने पहले हॉफ में चांस बनाए, लेकिन स्पेन ने दूसरे हॉफ में पूरी तरह डॉमिनेट किया। मैच में स्पेन ने 58% समय बॉल अपने कब्जे में रखी। वहीं, गोल की ओर 13 शॉट मारे। इंग्लैंड ने गोल की ओर 8 शॉट मारे और 42% बॉल पजेशन रखा।
दूसरे हॉफ में स्पेन को मिला मौका, लेकिन चूका – दूसरे हॉफ में स्पेन अपनी बढ़त को बरकरार करने में सफल रहा। 70वें मिनट में स्पेन को पेनल्टी से गोल करने का चांस मिला। हालांकि इंग्लैंड की गोलकीपर मैरी इयरप्स ने स्पेन की खिलाड़ी जेनिफर हर्मोसो की पेनल्टी बचाकर स्कोर 1-0 पर बनाए रखा।
इंग्लैंड ने किए ज्यादा फाउल, पासिंग में भी गलतियां कीं – इंग्लैंड ने गेम में 16 फाउल किए, जबकि स्पेन ने सिर्फ 9 फाउल ही किए। इंग्लैंड की हार का एक बड़ा कारण पासिंग रहा। इंग्लैंड ने पूरे गेम में 362 पास किए, टीम का सक्सेस रेट 72% रहा, जबकि स्पेन ने 486 पास किए और 81% सफलता हासिल की। स्पेन आमतौर पर पासिंग की फिलॉसफी को ही अपनाता है। वर्ल्ड नंबर-6 स्पेन ने इस सीजन में सिर्फ एक मुकाबला गंवाया। वह ग्रुप-सी के टेबल टॉपर जापान से हारकर दूसरे स्थान पर रहा था।

स्पेन ने पहली बार जीता विमेंस फीफा वर्ल्ड कप, इंग्लैंड को 1-0 से हराया Read More »

इंदौर में चल रहा IMEI नंबर बदलने का गोरखधंधा

इंदौर पुलिस ने चोरी के मोबाइल ठिकाने लगाने वाली गैंग का खुलासा कर दिया है। पुलिस पांच लोगों की लिंक को पकड़ते हुए असली बदमाश तक पहुंच गई। चोरी के मोबाइल ठिकाने लगाने वाला बदमाश व्यापारी फ्लैट लेकर मोबाइल की लैब चलाने लगा। यहीं से मोबाइल के आईएमईआई और सॉफ्टवेयर में बदलाव कर बाजार में बेचता था।
रावजी बाजार पुलिस के जवान जब इस फ्लैट तक बदमाशों का पीछा करते हुए पहुंचे, इतने मोबाइल देखकर वे भी चौंक गए। उन्होंने मामले में वरिष्ठ अफसरों को मौके पर ही बुला लिया। इसके बाद सभी मोबाइल जब्त कर थाने ले गए। रावजी बाजार इलाके में शुक्रवार को इत्र बेचने वाले मोहम्मद अमीन का डेढ़ लाख रुपए मूल्य का आईफोन पलसीकर पर विक्की उर्फ नादिया निवासी अर्जुन मल्टी चुराकर ले गया। आरोपी ने सिर पर हाथ रखने की बात की और मोहम्मद अमीन निवासी टाटपट्‌टी बाखल की जेब से आईफोन चुरा लिया। अमीन तत्काल रावजी बाजार थाने पहुंचा। यहां से पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के बाद केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
थाने के सिपाही मुकेश और धर्मेंद्र को विक्की की लोकेशन मिली। पुलिस ने विक्की को पकड़ा तो उसने अर्जुन को बेचने की बात कही। विक्की की निशानदेही पर पुलिस ने अर्जुन को पकड़ लिया। अर्जुन ने कृष्णा का नाम लिया। कृष्णा को रंगेहाथ पकड़ने के लिए सिपाही मुकेश ने अपना मोबाइल अर्जुन को दिया। कहा इसे कृष्णा को भेजो और सौदा तय करो। सौदा 6 हजार में तय हुआ और कृष्णा ने शुभम और वरुण नाम के युवकों को मोबाइल लेने पुलिस के बताए पते पर फूटी कोठी चौराहे भेजा। पुलिस के जवानों ने मोबाइल लेने आए शुभम को तो पकड़ लिया, लेकिन दूर से रेकी कर रहा वरुण मौका देखकर भाग गया। दोनों पुलिसकर्मियों ने वरुण की जानकारी निकाली तो पता चला कि वह अन्नपूर्णा मंदिर इलाके में रहता है। पुलिस उसके घर पहुंची तो वरुण नहीं मिला, लेकिन इसी बीच उसके पिता ने पूछताछ में बताया कि वरुण जितेंद्र वाधवानी निवासी राजमल कॉलोनी को मोबाइल बेचता है, जिसका जेल रोड पर मोबाइल हेरफेर का बड़ा काम है। दोनों पुलिसकर्मी रात में ही जितेंद्र के फ्लैट पर शुभम को लेकर पहुंचे। यहां बैग में मोबाइल रखकर जितेन्द्र और उसका कर्मचारी हेमंत भागने की तैयारी में था। उसके पहले ही पुलिस ने पकड़ लिया।

इंदौर में चल रहा IMEI नंबर बदलने का गोरखधंधा Read More »

कमलनाथ को शाही जवाब………..

हिन्दुस्तान मेल, भोपाल
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 20 साल की भाजपा सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश करने कल भोपाल आए थे। शाह ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने दस साल की और 15 महीने की सरकारों में कई घोटाले किए, इनका जवाब मिस्टर बंटाढार और कमलनाथ दें।
इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि परिवारवाद का आशय मिल्कियत से है यानी सरकार और शासन में अगर एक ही परिवार का दबदबा है तो यह परिवारवाद है। यह देश और लोकतंत्र के लिए जहर है। कहीं किसी के परिजन को योग्यता के आधार पर टिकट दिया, तो इसे परिवारवाद नहीं कह सकते हैं। शाह ने कांग्रेस नेताओं के भाषणों में जांच एजेंसियों को लेकर हायतौबा मचाने पर कहा कि यह घोटालों की जांच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि परिवारवाद के मुद्दे को कांग्रेस कमजोर कर रही है। क्या आप कह सकते हैं कि मध्यप्रदेश में भाजपा किसी परिवार की मिल्कियत है? अटलबिहारी वाजपेयी, नरेंद्र मोदी, राजनाथ सिंह और शिवराज सिंह चौहान किसके बेटे हैं? मैं पार्टी अध्यक्ष बना, पर मेरी कोई पारिवारिक पृष्ठभूमि नहीं थी और न ही जेपी नड्डा की ही है।
कर्नाटक, हिमाचल छोड़ बहुत से राज्यों में भाजपा जीती
कर्नाटक और हिमाचल के चुनाव परिणाम पर गृहमंत्री ने कहा कि मणिपुर, असम, उत्तरप्रदेश में हम दो बार जीते। जीत का सबसे अच्छा रिकॉर्ड भाजपा का है। 20 वर्षों के बाद दो बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का सम्मान नरेंद्र मोदी को है। रेवड़ी बांटना गरीब को भी समझ में आता है। मोदी जी ने एक लाख रुपए का घर दिया और किसी ने दो सौ रुपए का बिल माफ कर दिया, इस अंतर को वे समझते हैं।
कांग्रेस और कमलनाथ के 24 भ्रष्टाचार
शाह ने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस को मौका मिला, उसने भ्रष्टाचार किया। कांग्रेस बोफोर्स, टू-जी, सत्यम, कॉमनवेल्थ, कोयला, चापर, टेट्रा ट्रक, वोट के बदले नोट, आदर्श हाउसिंग, डीएलएफ, नेशनल हेराल्ड, खाद्य सुरक्षा बिल, शेयर बाजार, आईपीएल, एलआईसी हाउसिंग, मधु कोड़ा कांड, खरीदी, सबमरीन, मंदिर कलेक्शन और वाक्स वैगन इक्विटी जैसे 24 से अधिक घोटालों में लिप्त रही है।
कमलनाथ के पुराने मामलों के भ्रष्टाचार गिनाए
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और कमलनाथ पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि दोनों इधर-उधर की बात न करें, यह बताएं कि काफिला क्यों लुटा। इंटरनेट मीडिया पर कमलनाथ सरकार को करप्शननाथ की सरकार कहने लगे हैं। त्यागपत्र देने के पहले मोबाइल घोटाले पर उन्होंने हस्ताक्षर किए। 350 करोड़ रुपये के मोजर वेयर, 24 करोड़ रुपये के अगस्ता वेस्ट लैंड, 600 करोड़ रुपये के इफको और 25 हजार करोड़ रुपये की कर्जमाफी में भी घपले हुए।

हिन्दुस्तान मेल के भोपाल संपादक संजय सोनी का सवाल
सवाल : आपने माना कि कांग्रेस ने कर्ज माफी की, पर मप्र सरकार, मंत्री और संगठन के नेता कहते हैं कर्ज माफी नहीं हुई?
शाह का जवाब : मैं तो यह कह रहा हूं कि कांग्रेस ने डेढ़ साल की सरकार में कर्ज माफी पर भी भ्रष्टाचार किया। हालांकि कांग्रेस ने कर्ज माफी की।
अमित शाह ने शिवराज को बताया बहुत मेहनती। उन्होंने उमा भारती और बाबूलाल गौर के नेतृत्व वाली सरकार को भी याद किया, लेकिन वीडी शर्मा और नरोत्तम मिश्रा का नाम तक नहीं लिया।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा की तैयारियों को लेकर सागर आए राष्ट्रीय सचिव शिव भाटिया ने कहा कि 22 अगस्त को बुंदेलखंड के सागर में राष्ट्रीय अध्यक्ष की सभा से प्रदेश में परिवर्तन की शुरुआत होने जा रही है। हम भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जनता के बीच जाएंगे। भाजपा सरकार के 126 कारनामों की लिस्ट मेरे पास है। हम नारी सम्मान योजना, सस्ता सिलेंडर और बिजली के वादे निभाएंगे। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित वरिष्ठ नेता मध्यप्रदेश में चुनावी दौरे करेंगे।
22 अगस्त को राष्ट्रीय अध्यक्ष सागर आ रहे हैं। उनकी सभा से प्रदेश में कितनी सीटों पर लाभ मिलने का अनुमान है? जवाब- निश्चित तौर पर बुंदेलखंड समेत पूरे मध्यप्रदेश में सीटें बढ़ेंगी। हमारे नेता राहुल गांधी ने 150 सीटें आने का अनुमान लगाया है। वहीं प्रदेश के नेताओं ने तय किया है कि हम इससे ज्यादा सीटें लाकर देंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष की सभा के साथ सागर से प्रदेश में परिवर्तन की शुरुआत होने जा रही है। मध्यप्रदेश में पार्टी ने किसे सीएम प्रोजेक्ट किया है? उन्होेंने कहा पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ा जाएगा और वे ही मुख्यमंत्री बनेंगे।
कांग्रेस वर्किंग कमेटी का ऐलान
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 39 सदस्यों वाली कांग्रेस वर्किंग कमेटी का ऐलान किया है। इसमें सोनिया, राहुल, प्रियंका शामिल हैं। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह (90) को भी कमेटी में बरकरार रखा गया है। मध्यप्रदेश से दिग्विजय सिंह और कमलेश्वर पटेल, छत्तीसगढ़ से ताम्रध्वज साहू और राजस्थान से सचिन पायलट को जगह मिली है। खरगे ने अपने खिलाफ चुनाव लड़ने वाले शशि थरूर को भी वर्किंग कमेटी में शामिल किया है।

कमलनाथ को शाही जवाब……….. Read More »

Chandrayaan 3: इसरो ने शेयर की चांद के सुदूर भागों की तस्वीरें, जानें कैसे देख सकेंगे लैंडर विक्रम की लैंडिंग

अबतक कोई भी देश चंद्रमा के दक्षिणी सतह पर नहीं पहुंच पाया है, इसी उद्देश्य के साथ इसरो ने 14 जुलाई को चंद्रयान-3 लॉन्च किया था। चंद्रयान-3 मिशन का लैंडर मॉड्यूल चांद की सतह से अब महज 25 से 150 किलोमीटर की दूरी पर चक्कर लगा रहा है।

इसरो ने बताया कि चंद्रयान-3 का दूसरा और अंतिम डीबूस्टिंग मनूवर सफलतापूर्वक हो चुका है। अब केवल 23 अगस्त का इंतजार है, जब चांद की सतह पर लैंडिंग के साथ ही भारत इतिहास रचेगा। चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाले अमेरिका, चीन और रूस के साथ भारत चौथा देश बन जाएगा।

इसरो ने रविवार 20 अगस्त को एक्स पर एक वीडियो जारी कर 23 अगस्त को चांद पर चंद्रयान के सॉफ्ट लैंडिंग करने की जानकारी दी है। वहीं सोमवार 21 अगस्त को इसरो ने कुछ तस्वीरे भी शेयर की है। इन तस्वीरों में इसरो ने लैंडर हजार्ड डिटेक्शन एंड अवॉएडेंस कैमरा से ली गई चांद के सुदूर भागों की तस्वीरों को दिखाया गया है।

Chandrayaan 3: इसरो ने शेयर की चांद के सुदूर भागों की तस्वीरें, जानें कैसे देख सकेंगे लैंडर विक्रम की लैंडिंग Read More »

Manipur Violence: जस्टिस गीता मित्तल कमेटी ने सौंपी तीन रिपोर्ट्स, सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से मांगा सहयोग

मणिपुर हिंसा पर जस्टिस (रिटायर्ड) गीता मित्तल कमेटी ने अपनी रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट को सौंप दी है। सुप्रीम कोर्ट ने बताया कि मणिपुर हिंसा को लेकर जस्टिस गीता मित्तल की कमेटी ने तीन रिपोर्ट सौंपी हैं। कोर्ट ने अब सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता को रिपोर्ट देखने और इस मामले में सहयोग देने को कहा है।

हिंसा प्रभावितों के राहत और पुनर्वास के कामों पर तैयार की रिपोर्ट
बता दें कि मणिपुर हिंसा को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिकाएं दायर हुईं थी। इन याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट की तीन पूर्व महिला जजों की एक कमेटी बनाई थी। इस कमेटी को मणिपुर में हिंसा प्रभावित लोगों के लिए चलाए जा रहे राहत और पुनर्वास कार्यक्रमों की देखरेख करने और रिपोर्ट सौंपने की जिम्मेदारी दी गई थी। कमेटी का अध्यक्ष जम्मू कश्मीर हाईकोर्ट की पूर्व मुख्य न्यायाधीश गीता मित्तल को बनाया गया था। साथ ही इस कमेटी में जस्टिस (रिटायर्ड) पी जोशी और जस्टिस (रिटायर्ड) आशा मेनन को भी शामिल किया गया था। 

जस्टिस आशा मेनन दिल्ली हाईकोर्ट की पूर्व जज हैं और जस्टिस शालिनी जोशी बॉम्बे हाईकोर्ट की पूर्व जज हैं। सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र पुलिस के पूर्व चीफ दत्तात्रेय पदसालगिकर को मणिपुर में आपराधिक मामलों की जांच की निगरानी करने का निर्देश दिया था। यह रिपोर्ट भी जल्द सुप्रीम कोर्ट में पेश की जाएगी। बता दें कि मणिपुर में जनजातीय आरक्षण की मांग को लेकर बीती तीन मई को हिंसा भड़की थी। इस हिंसा में अभी तक सैंकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग विस्थापित हो चुके हैं। 

Manipur Violence: जस्टिस गीता मित्तल कमेटी ने सौंपी तीन रिपोर्ट्स, सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से मांगा सहयोग Read More »

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights