Hindustanmailnews

Author name: Hindustanmailnews

नगर निगम की कार्रवाई … सिख मोहल्ले में खतरनाक मकान ढहाया

नगर निगम द्वारा खतरनाक मकानों को तोड़े जाने की कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में निगम की टीम द्वारा सिख मोहल्ले में दो मंजिला जर्जर मकान को ध्वस्त किया गया। किसी प्रकार का हादसा न हो इसको ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा शहर में खतरनाक मकानों को तोड़े जाने की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में निगम के अमले ने सिख मोहल्ला में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। कार्रवाई के तहत दो मंजिला खतरनाक मकान को तोड़ दिया गया। सालों पुराना यह मकान राहुल मंगवानी का है। कार्रवाई के पहले निगम द्वारा नोटिस जारी किए गए थे। कार्रवाई के दौरान निगम उपायुक्त लता अग्रवाल और रिन्यूवल अधिकारी बबलू कल्याने मौजूद थे।

नगर निगम की कार्रवाई … सिख मोहल्ले में खतरनाक मकान ढहाया Read More »

आठ हजार से अधिक चयनित अभ्यर्थियों का भविष्य अंधकार में………..

पटवारी परीक्षा में कथित घोटाले की जांच रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है। यह रिपोर्ट 31 अगस्त को आनी थी। दूसरी तरफ मध्यप्रदेश में चुनावी माहौल भी चल रहा है आचार संहिता भी लग जाएगी। ऐसे में रिपोर्ट में देरी के चलते कहीं न कहीं 8 हजार से अधिक चयनित उम्मीदवारों का भविष्य अधर में लटक गया है। इस मामले में चयनित अभ्यर्थियों का कहना है कि इसमें हमारी क्या गलती है। हम जबरदस्ती इस मामले में पिस रहे हैं।
दरअसल, रविवार को भोपाल के नीलम पार्क के अलावा शहर की सड़कों पर चयनित पटवारियों ने पैदल मार्च भी निकाला था। रविवार को चयनित पटवारी बड़ी संख्या में भोपाल पहुंचे। इनकी प्रमुख मांग नौकरी जॉइन कराने की है। उल्लेखनीय है कि पटवारी भर्ती परीक्षा 2022 के रिजल्ट में टॉप 10 स्टूडेंट की जो सूची जारी हुई तो उसमें एक ही सेंटर के 7 छात्र इसमें शामिल थे। जिसके बाद मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता गौरव त्रिपाठी ने मामले की शिकायत कर्मचारी चयन मंडल को की। उन्होंने इसमें गड़बड़ी होने की बात भी लिखी। उन्होंने अपनी शिकायत में लिखा कि टॉप 10 में से 7 अभ्यर्थी ग्वालियर के एनआरआई कॉलेज से हैं।
मुरैना के एक अभ्यर्थी का कहना था कि मेरा चयन ग्रुप फोर में हुआ है। संदेह के आधार पर हमारी नियुक्ति रोक दी गई है। हमारी ईमानदारी का फल हमें नहीं मिल पा रहा है। हमारा दोष क्या है यह समझ नहीं आ रहा है। सरकार क्या करना चाह रही है। यह समझ नहीं आ रहा है। वहीं एक अन्य अभ्यर्थी ने कहा हम सरकार को बस इतना कहना चाहते हैं कि कुछ गलत हुआ भी है। तो वह कार्रवाई करे। लेकिन हमें इस तरह की सजा नहीं दी जाए। मैंने पांच साल बहुत मेहनत की है। मैं पांच साल तक मेहनत करके परीक्षा पास की है। बस हमें बता दें कि हमारी गलती क्या है।
लगातार भोपाल के चक्कर काट रहे
कुछ प्रतिभागियों का कहना था कि हम लगातार भोपाल के चक्कर काट रहे हैं। सरकार से हम यही कहना चाहते हैं कि न्याय कीजिए और न्याय होना भी चाहिए, जो दोषी हैं उन पर कार्रवाई भी होनी चाहिए। मगर जिन्होंने पढ़ाई की है, उनके साथ ऐसा नहीं किया जाए।
हाईकोर्ट के रिटायर जस्टिस कर रहे जांच
इस मामले की जांच हाईकोर्ट के रिटायर जस्टिस राजेंद्र कुमार वर्मा कर रहे हैं। वह 31 अगस्त को रिपोर्ट सौंपने वाले थे। मामले में अभी तक किसी प्रकार की कोई रिपोर्ट भी सौंपी नहीं गई है। दूसरी तरफ कर्मचारी चयन मंडल बोर्ड भी इस बारे में बात करने को तैयार नहीं है।
19 जुलाई को जांच की बात कही
इस मामले में 19 जुलाई को मुख्यमंत्री ट्वीट करके जांच की बात की जानकारी दी। सीएम ने कहा, जब तक संदेह समाप्त नहीं होगा नियुक्ति नहीं होगी। सीएम ने ट्वीट कर लिखा- कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से आयोजित ग्रुप-2 , सब ग्रुप-4 और पटवारी भर्ती परीक्षा की जांच के लिये उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधिपति राजेन्द्र कुमार वर्मा को नियुक्त किया गया है। जांच में इस परीक्षा से संबंधित शिकायतों और जांच के दौरान सभी बिंदुओं पर भी जांच की जाए।

आठ हजार से अधिक चयनित अभ्यर्थियों का भविष्य अंधकार में……….. Read More »

ओडिशा में 2 घंटे में 61 हजार बार बिजली गिरी, 12 की मौत

ओडिशा में सबको हैरान कर देने वाली घटना हुई है। यहां पर लगभग दो घंटे में 61,000 बार आकाशीय बिजली गिरने से 12 लोगों की मौत हो गई और 14 घायल हो गए। बिजली गिरने से मारे गए लोगों के लिए चार लाख रुपए मुआवजे का ऐलान किया गया है, वहीं ओडिशा में मौसम खराब है। मौसम विभाग (आईएमडी) ने 7 सितंबर तक राज्य में चरम मौसम की स्थिति की चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय एक चक्रवाती परिसंचरण अगले 48 घंटों में कम दबाव वाले क्षेत्र में बदल सकता है और इसके प्रभाव में पूरे ओडिशा में व्यापक वर्षा होने की संभावना है। आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, सप्ताह के अंत में बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना है।
विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) सत्यब्रत साहू ने कहा कि ओडिशा में एक के बाद एक 61,000 बार बिजली गिरी। आईएमडी ने कहा कि इस तरह की घटनाएं आगे भी हो सकती हैं। 7 सितंबर तक अधिकांश जिलों में भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
ओडिशा में कहां कितनों की मौत- एसआरसी ने कहा कि बिजली गिरने से मारे गए लोगों में से चार खुर्दा जिले से, दो बलांगीर से और एक-एक अंगुल, बौध, ढेंकनाल, गजपति, जगतसिंहपुर और पुरी से थे। एसआरसी ने कहा कि इसके अलावा गजपति और कंधमाल जिलों में बिजली गिरने से आठ मवेशियों की भी मौत हो गई। साहू ने कहा कि प्रत्येक शोकसंतप्त परिवार को 4 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी।
कैसे गिरती है बिजली- मौसम वैज्ञानिकों ने कहा कि यह असामान्य और अत्यधिक बिजली गिरने की गतिविधियां तब होती हैं, जब मानसून लंबे अंतराल के बाद सामान्य स्थिति में लौटता है। उन्होंने कहा कि ठंडी और गर्म हवा के द्रव्यमान का टकराव इस तरह की अभूतपूर्व बिजली गिरने की घटनाओं के लिए सही परिस्थितियां पैदा करता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार तक अगले 48 घंटों में उत्तर ओडिशा के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।
48 घंटे ओडिशा के लिए संकट भरे- आईएमडी भुवनेश्वर के वरिष्ठ वैज्ञानिक उमाशंकर दास ने कहा कि अगले 48 घंटों में व्यापक वर्षा हो सकती है। उत्तरी ओडिशा के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बौछारें और बिजली गिरने की भी संभावना है। पांच जिलों में ढेंकनाल, अंगुल, कालाहांडी, बौध और कंधमाल में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। लोगों को बिजली गिरने और आंधी-तूफान के दौरान सुरक्षित आश्रय लेने की चेतावनी दी गई है। लोगों को पेड़ों और जल निकायों से दूर रहना चाहिए।

ओडिशा में 2 घंटे में 61 हजार बार बिजली गिरी, 12 की मौत Read More »

2047 तक भ्रष्टाचार, जातिवाद, सांप्रदायिकता मुक्त होगा विकसित भारत : पीएम

भारत की अर्थव्‍यवस्‍था तेजी से आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कहना है कि भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र होगा। भ्रष्टाचार, जातिवाद और सांप्रदायिकता की हमारे राष्ट्रीय जीवन में कोई जगह नहीं होगी। दुनिया का जीडीपी-केंद्रित दृष्टिकोण अब मानव-केंद्रित दृष्टिकोण में बदल रहा है। भारत इसमें उत्प्रेरक की भूमिका निभा रहा है। ‘सबका साथ, सबका विकास’ विश्व कल्याण के लिए भी एक मार्गदर्शक सिद्धांत हो सकता है।
एक दशक से भी कम समय में पांच पायदान की छलांग लगाने की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने न्‍यूज एजेंसी पीटीआई को दिए इंटरव्‍यू में कहा कि निकट भविष्य में भारत दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में होगा। आज भारतीयों के पास विकास की नींव रखने का एक बड़ा मौका है, जिसे अगले एक हजार वर्षों तक याद किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कश्मीर और अरुणाचल प्रदेश में जी-20 की बैठकें आयोजित करने पर पाकिस्तान और चीन की आपत्तियों को खारिज करते हुए कहा कि (भारत के) हर भाग में बैठक आयोजित होना ‘स्वाभाविक’ है। पीएम मोदी ने कहा- जी-20 में हमारे शब्दों और दृष्टिकोण को विश्व ने केवल विचारों के रूप में ही नहीं, बल्कि भविष्य के एक रोडमैप के रूप में देखा है। बढ़ते साइबर अपराधों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा- साइबर अपराधों से लड़ने में वैश्विक सहयोग न केवल वांछनीय, बल्कि अपरिहार्य है। साइबर क्षेत्र ने अवैध वित्तीय गतिविधियों और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एक नया आयाम पेश किया है। साइबर खतरों को बहुत गंभीरता से लिया जाना चाहिए। साइबर आतंकवाद, आॅनलाइन कट्टरपंथ, धनशोधन इस खतरे की झलकभर हैं। आतंकवादी अपने नापाक मंसूबों को पूरा करने के लिए ‘डार्कनेट’, ‘मेटावर्स’ और ‘क्रिप्टोकरेंसी प्लेटफॉर्म’ का उपयोग कर रहे हैं। राष्ट्रों के सामाजिक ताने-बाने पर इसका असर पड़ सकता है। आपराधिक उद्देश्यों के लिए आईसीटी के उपयोग का मुकाबला करने के लिए एक समग्र अंतर्राष्ट्रीय संधि करने की जरूरत है।
गैर-जिम्मेदाराना वित्तीय नीतियों
की चुकानी पड़ेगी कीमत
पीएम मोदी ने कहा कि नौ साल की राजनीतिक स्थिरता के चलते कई सुधार हुए हैं और विकास इसका स्वाभाविक प्रतिफल है, साथ ही उन्‍होंने चेताया कि गैर-जिम्मेदाराना वित्तीय और लोकलुभावन नीतियों के अल्पकालिक राजनीतिक परिणाम मिल सकते हैं, लेकिन लंबी अवधि में इसकी बड़ी सामाजिक और आर्थिक कीमत चुकानी पड़ सकती है। गैर-जिम्मेदाराना वित्तीय नीतियों और लोकलुभावनवाद का सबसे अधिक असर सबसे गरीब वर्ग पर पड़ता है।

2047 तक भ्रष्टाचार, जातिवाद, सांप्रदायिकता मुक्त होगा विकसित भारत : पीएम Read More »

अन्य प्रदेशों से बिजली खरीदी जाएगी…………

श्री महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार सुबह 8.45 बजे मुख्यमंत्री पहुंचे। यहां पर उन्होंने प्रदेश में अच्छी बारिश की कामना के साथ महारुद्र अनुष्ठान प्रारंभ होने के पहले नंदी हॉल में पूजन किया। इसके बाद उन्होंने गर्भगृह में भगवान श्री महाकालेश्वर का पंचामृत पूजन और अभिषेक किया। इस दौरान नंदी हॉल में अन्य जनप्रतिनिधि व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। पूजन के बाद मंदिर के पुजारी व पुरोहितों ने अनुष्ठान शुरू किया। महारुद्र अनुष्ठान के दौरान दो लघु रुद्र के साथ ही 121 पाठ किए जाएंगे। अनुष्ठान सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। बताया गया कि अनुष्ठान प्रदेश में अच्छी बारिश की कामना के साथ कराया जा रहा है। अनुष्ठान में मंदिर के करीब 66 पुजारी-पुरोहित बैठकर एक साथ महारुद्र का पाठ कर रहे हैं। पूजन के बाद सीएम चौहान ने कहा- वर्षा नहीं होने के कारण बिजली संकट पैदा हुआ है… जरूरी हुआ तो अन्य प्रदेशों से बिजली ली जाएगी।

अन्य प्रदेशों से बिजली खरीदी जाएगी………… Read More »

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights