Hindustanmailnews

Author name: Hindustanmailnews

कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में नए मेहमान

इंदौर। कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में छह महीने के भीतर तीसरी मर्तबा नन्हे शावकों की किलकारियां गूंजीं। सफेद बाघिन सुंदरी और शेरनी मेघा के बाद कल सुबह बाघिन जमना ने तीन शावकों को जन्म दिया। नौ वर्षीय जमना चौथी बार मां बनी है। इन्हें मिलाकर अब चिड़ियाघर में बाघों की संख्या 11 तक पहुंच गई है। रविवार होने की वजह से जमना और नन्हें शावकों को देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। चिड़ियाघर प्रशासन के मुताबिक, जमना और शावक पूरी तरह स्वस्थ हैं।

कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में नए मेहमान Read More »

खजराना गणेश को बांधी जाएगी विश्व की सबसे बड़ी राखी…………….

खजराना गणेश को प्रतिवर्ष बांधी जाने वाली विश्व की सबसे बड़ी राखी इस वर्ष भी 31 अगस्त को सुबह ब्रह्ममुहूर्त में बांधी जाएगी। 20 वर्षों से निरंतर चली आ रही खजराना गणेश को बांधी जाने वाली राखी को गोल्डन बुक आॅफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी स्थान प्राप्त हो चुका है। इस वर्ष खजराना गणेश को बांधी जाने वाली राखी की थीम भारत की उपलब्धियों को दर्शाई जाएगी। पुंडरिक पालरेचा एवं शांतु पालरेचा ने बताया कि खजराना गणेश मंदिर के साथ ही इंदौर के अति प्राचीन 10 मंदिरों पर भारत की उपलब्धियों की थीम पर तैयार की गई राखी बांधी जाएगी।

राखी की ये हैं विशेषताएं
’ राखी हैंडवर्क से बनाई गई है। इसमें सलमा, सितारा, नग-नगीने व जरदोसी के साथ ही आर्टिफिशियल फ्लॉवर हैं।
’ राखी में दुनिया के साथ ही भारत का मानचित्र, चंद्रयान-3, नया संसद भवन, वंदे भारत, राष्ट्रीय चिह्न एवं राजदंड सेंगोल की हूबहू प्रतिकृति बनाई गई है।
’ पोशाकों को भी नग-नगीनों से तैयार किया है। भगवान की सूंड, आंखें, त्रिशूल के साथ ही गणेश परिवार की पोशाक तैयार की गई है।
’ इंदौर के 10 अति प्राचीन मंदिरों के लिए भी 24 से 36 इंच की भारत की उपलब्धियों को दर्शाती राखी तैयार की गई है।
’ रक्षाबंधन के पर्व पर एक साथ-एक समय पर सभी मंदिरों में बांधी जाएगी।

खजराना गणेश को बांधी जाएगी विश्व की सबसे बड़ी राखी……………. Read More »

विधानसभा चुनाव से पहले दी 11 वचन पूरे करने की गारंटी

राजधानी में लाड़ली बहना सेना सम्मेलन के ठीक पहले मध्‍यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने ट्वीट कर मध्‍य प्रदेश की जनता को 11 वचन याद दिलाते हुए उन्हें पूरा करने की गारंटी दी है। उन्होंने साफ कहा कि प्रदेश में सरकार बनने पर 11 (पांच सौ में सिलिंडर, सौ यूनिट बिजली फ्री-दो सौ तक बिल हाफ, किसानों का कर्ज माफ, पुरानी पेंशन बहाली, पांच हार्स पावर सिंचाई के लिए बिजली फ्री, किसानों के बिजली बिल माफ, ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण, 12 घंटे सिंचाई के लिए बिजली, जातिगत जनगणना और किसानों के मुकदमे वापस) सौगातें दी जाएंगी।
नाथ ने कहा कि जनता को सुनिश्चित करना है कि वोटों की बोली लगाने वाली सौदागर सरकार के नापाक मंसूबे कामयाब न हों, अब सच्चाई की राजनीति को ही समर्थन और आशीर्वाद मिले। मैं बार-बार दोहरा रहा हूं कि भाजपा सरकार इस समय जनता को राहत देने के लिए नहीं बल्कि अपनी डूबती नैया बचाने के लिए रोज मुखौटे बदल रही है। 18 साल के शासनकाल के बाद भी जिन्हें चुनावी चाल चलना पड़े, वो दल और उनकी सरकार बनावटी, दिखावटी और सजावटी है जो जनता का कभी हित नहीं कर सकती। नाथ ने कहा कि कांग्रेस सभी वर्ग और सभी समाज के कल्याण के लिए कृत संकल्पित है। कांग्रेस का पूरा वचन पत्र मप्र के भविष्य के लिए होगा।

विधानसभा चुनाव से पहले दी 11 वचन पूरे करने की गारंटी Read More »

अमित शाह 3 सितंबर को चित्रकूट से दिखाएंगे भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा को हरी झंडी

मध्‍यप्रदेश विधानसभा चुनाव में जनता से जीत का आशीर्वाद लेने के लिए भाजपा जन आशीर्वाद यात्रा निकालेगी। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तीन सितंबर को चित्रकूट से जन आशीर्वाद यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे।
जन आशीर्वाद यात्रा की तैयारियों को लेकर की गई बैठक को भूपेंद्र यादव, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद एवं जनआशीर्वाद यात्रा के प्रदेश संयोजक मंत्री भूपेंद्र सिंह ने संबोधित किया। यात्रा के नेतृत्व को लेकर पार्टी की रणनीति किसी एक चेहरे पर फोकस करने के बजाय, दिन और स्थान बदलने के साथ नए नेता के चेहरे को सामने रखकर क्षेत्र के जातीय समीकरण को साधने की बनाई जा रही है।
एक और सूची जल्‍दी आ सकती है
पार्टी की कोशिश अभी जारी हुई 39 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा के बाद एक और सूची सामने लाने की है। पार्टी को फिलहाल यह चिंता सता रही है कि जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान टिकट के दावेदारों में प्रतिस्पर्धा से ज्यादा विवाद की नौबत न बनें, क्योंकि घोषित उम्मीदवारों की सीट पर कलह पार्टी के अंदर अभी थमा नहीं है।

अमित शाह 3 सितंबर को चित्रकूट से दिखाएंगे भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा को हरी झंडी Read More »

केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय के दल ने देखे स्मार्ट मीटर, रूफ टॉप सोलर सिस्टम

केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय का उच्च स्तरीय दल देशभर में स्मार्ट मीटर के उपभोक्ताओं, रूफ टॉप सोलर नेट मीटर से संबंधित उपभोक्ताओं की संतुष्टि के लिए फीडबैक ले रहा है। इसी सिलसिले में केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय के संयुक्त सचिव शशांक मिश्रा एवं पॉवर फाइनेंस कॉर्पोरेशन के कार्यपालक निदेशक सौरव शाह ने रविवार को इंदौर का दौरा किया। पोलोग्राउंड में ली गई बैठक में पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक अमित तोमर ने उन्हें स्मार्ट मीटर की स्थापना, रूफ टॉप सोलर नेट मीटर, उपभोक्ता संतुष्टि के संबंध में जानकारी दी। दिल्ली के दल ने इंदौर के संगम नगर बिजली जोन के अंतर्गत पुष्प नगर में सात उपभोक्ताओं के यहां पहुंचकर बिलिंग, रूफ टॉप सोलर नेट मीटर की जानकारी ली। रूफ टॉप सोलर नेट मीटर की अधिकाधिक स्थापना का आह्वान भी किया। इस अवसर पर मप्रपक्षेविविकं के निदेशक पुनीत दुबे, वरिष्ठ अधिकारी एसएल करवाड़िया, रवि मिश्रा, शहर अधीक्षण यंत्री मनोज शर्मा आदि मौजूद थे।

केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय के दल ने देखे स्मार्ट मीटर, रूफ टॉप सोलर सिस्टम Read More »

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights