Hindustanmailnews

Author name: Hindustanmailnews

मां दुर्गा ने जैसे राक्षसों को मारा वैसे ही विपक्ष को हराने का प्रण लें : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी एक रैली में विपक्ष पर निशाना साधते हुए मां दुर्गा के उस रूप को याद किया जिस रूप में उन्होंने राक्षसों का दमन किया था। राज्य के मऊगंज जिले में शिवराज सिंह चौहान ने सनातन धर्म का भी जिक्र किया और विपक्ष को निशाने पर लिया। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कांग्रेस अब गठबंधन बना रही है, इंडी गठबंधन बना लिया और गठबंधन के लोग कह रहे हैं सनातन मलेरिया, डेंगू है इसे खत्म करना होगा… अरे तुम क्या करोगे कांग्रेसियों, कई आए और चले गए, कोई सनातन की तरफ उंगली नहीं उठा पाया।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा, घबराई हुई कांग्रेस गठबंधन कर रही है। वो अलग-अलग पार्टियों को जुटा रही है इसमें समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी, इत्यादि हैं। वो ऐसा इसलिए कर रही है क्योंकि उन्हें पता है कि बीजेपी हारने वाली नहीं है। उन्होंने एक गंठबंधन बनाया – इंडी गठबंधन। इस गठबंधन के लोग कहते हैं कि सनातन धर्म मलेरिया और डेंगू है तथा इसे खत्म करना चाहिए। ये लोग विकास-विरोधी हैं। यह लोग पीएम मोदी की लोकप्रियता से घबरा गए हैं। शिवराज ने कहा कांग्रेस के शासनकाल में अगर कोई भ्रष्टाचार में पकड़ा जाता था तो उसे कभी सजा नहीं मिलती थी। लेकिन अब अगर कोई गलत काम करता है, तो उसे जेल की सलाखों के पीछे जाना होगा। जिस तरह मां दुर्गा ने राक्षसों का वध किया, उसी तरह हम भी दुर्गा अष्टमी पर यह प्रण लें कि जो लोगों के अधिकार छीनते हैं हम उन्हें नहीं छोड़ेंगे।

सीएम शिवराज ने विधि-विधान
से किया कन्या पूजन
मुख्यमंत्री निवास में महानवमी के अवसर पर कन्या पूजन एवं भोजन तथा कन्याओं के साथ विशेष प्रदेशव्यापी कार्यक्रम आयोजित किया गया है। मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से शक्ति स्वरूपा कन्याओं को भोजन कराकर प्रदेश की समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान सीएम ने ट्वीट कर कहा कि शक्तिस्वरूपा बेटियों की चरण रज से आंगन धन्य हो गया! मैया की कृपा से प्रदेश और देश के हर घर-आंगन में सुख, समृद्धि व खुशहाली के दीप दैदीप्यमान हों, सबका मंगल एवं कल्याण हो, नवमी के पुनीत अवसर पर, यही प्रार्थना करता हूँ।

बहन-बेटियों के साथ दुर्व्यवहार करने वाले को दी जाएगी फांसी
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बेटियों और बहनों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। दुर्गाष्टमी के अवसर पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी दोबारा सत्ता में आई तो महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने वालों को फांसी पर लटका दिया जाएगा। महिलाओं के खिलाफ अपराध पर सख्त रुख अपनाते हुए, सीएम चौहान ने कहा कि बेटियों और बहनों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। अगर जरूरत पड़ी तो उनकी संपत्तियों को ढहाने के लिए बुलडोजर भी चलाया जा सकता है।सीएम चौहान का यह बयान मध्य प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध में कथित वृद्धि पर विपक्ष द्वारा लगातार चुनावी सभाओं में यह मुद्दा उठाए जाने के बाद आया है।

मां दुर्गा ने जैसे राक्षसों को मारा वैसे ही विपक्ष को हराने का प्रण लें : मुख्यमंत्री Read More »

वर्ल्डकप में भारत की 5वीं जीत न्यूजीलैंड को 20 साल बाद हराया

भारत ने वर्ल्ड कप 2023 में लगातार 5वीं जीत हासिल की। टीम ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हरा दिया। भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट में कीवियों पर 20 साल बाद जीत हासिल की है। इससे पहले, 2003 में सेंचुरियन के मैदान पर कीवियों को 7 विकेट से हराया था। इस जीत से भारतीय टीम पॉइंट्स टेबल के टॉप पर आ गई। अब टीम इंडिया के खाते में 5 मैचों के बाद 10 अंक हो गए हैं। ऐसे में भारत के टॉप-4 में पहुंचने की संभावनाएं मजबूत हो गई हैं। टीम को अब 4 में से 2 ही मैच जीतने होंगे।
धर्मशाला के मैदान पर रविवार को भारत ने टॉस जीतकर फील्डिंग चुनी। टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 50 ओवर में 273 रन पर आॅलआउट हो गई। 274 का टारगेट भारतीय टीम ने 48 ओवर में 6 विकेट पर हासिल कर लिया। विराट कोहली ने 104 बॉल पर 95 रन की पारी खेली, जबकि मोहम्मद शमी ने 5 विकेट चटकाए। शमी प्लेयर आॅफ द मैच रहे।
विराट की 3 फिफ्टी पार्टनरशिप
दिग्गज विराट कोहली ने एक बार फिर टीम इंडिया को रन-चेज में जीत दिलाई। वह 95 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन उनके आउट होने के बाद टीम को 14 बॉल पर महज 5 रन चाहिए थे। टीम ने 2 गेंद पर ही 5 रन बना लिए और टूर्नामेंट में लगातार पांचवी जीत दर्ज की। कोहली अपनी पारी में 8 चौके और 2 छक्के लगाने के साथ 43 सिंगल और 4 डबल भी दौड़े। उन्होंने श्रेयस अय्यर के साथ 52, केएल राहुल के साथ 54 और रवींद्र जडेजा के साथ 78 रन की बेहद अहम साझेदारियां कीं। इन साझेदारियों के सहारे टीम इंडिया चेज में कहीं भी पीछे नहीं छूटी।
टीम इंडिया की अच्छी शुरुआत
274 रन का टारगेट चेज करने उतरी भारत की ओपनिंग जोड़ी ने सकारात्मक शुरुआत की। रोहित और शुभमन ने पहले पिच कंडीशंस को समझा, फिर शॉट खेलने शुरू किए। दोनों ने पावरप्ले के लगभग हर ओवर में बाउंडी जमाई। भारतीय पारी के पावरप्ले का 9वां ओवर ही बाउंड्री रहित रहा। पावरप्ले में भारतीय ओपनर्स ने अर्धशतकीय साझेदारी की और टीम ने 10 ओवर में बिना नुकसान के 63 रन बनाए। पहले पावरप्ले में शानदार शुरुआत के बाद लॉकी फर्ग्यूसन ने भारतीय ओपनर्स को पवेलियन की राह दिखाई। 12वें ओवर में कप्तान रोहित शर्मा 46 रन बनाकर बोल्ड हुए। बॉल बल्ले का अंदरुनी किनारा लेकर स्टंप्स से जा लगी। उनके बाद 14वें ओवर में शुभमन गिल 26 रन के निजी स्कोर पर डेरिल मिचेल को कैच थमा बैठे। वहीं, 33वें ओवर में सूर्यकुमार यादव गैरजिम्मेदाराना तरीके से रन आउट हो गए, हालांकि यहां कीवी टीम ने बेहतरीन फील्डिंग की। ऐसे में जडेजा और कोहली ने अर्धशतकीय पार्टनरशिप करके टीम की नैया पार लगाई।
कोहरे के कारण 20 मिनट रुका खेल
धर्मशाला में मुकाबला कोहरे के कारण करीब 20 मिनट तक रोका गया। शाम करीब 7:38 बजे कोहरा आ गया, खिलाड़ियों को देखने में दिक्कत होने लगी, जिसके बाद मैच रोका गया। हालांकि 20 मिनट बाद ही कोहरा हटा और मैच फिर शुरू हो गया। क्रिकेट मैच रुकने का ये कोई पहला अजीब कारण नहीं है। 6 साल पहले दिल्ली में पॉल्यूशन ज्यादा होने के कारण भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट मैच रोकना पड़ा था। मुकाबला ड्रॉ रहा था।
डेथ ओवर्स में गेंदबाजों ने कराई वापसी
पहले बैटिंग करते हुए न्यूजीलैंड ने शुरुआती 30 ओवर में पकड़ बना ली थी। रचिन रवींद्र और डेरिल मिचेल फिफ्टी लगा चुके थे, यहां से भारतीय गेंदबाजों ने टीम की वापसी कराई। 34वें ओवर में मोहम्मद शमी ने रचिन रवींद्र को कैच आउट कराया। रचिन 75 रन बनाकर आउट हुए। रचिन के बाद तो जैसे विकेट की झड़ी लग गई। टॉम लैथम 5, ग्लेन फिलिप्स 23, मार्क चापमन 6, मिचेल सैंटनर 1 और लॉकी फर्ग्यूसन 1 ही रन बना सके। वहीं मैट हेनरी तो खाता भी नहीं खोल सके। शमी और कुलदीप यादव ने ब्रेकथ्रू दिलाए, वहीं बुमराह ने मार्क चापमन को कैच आउट कराया। शमी ने आखिरी 2 ओवर में 3 विकेट लेकर पारी में अपने 5 विकेट भी पूरे किए।

वर्ल्डकप में भारत की 5वीं जीत न्यूजीलैंड को 20 साल बाद हराया Read More »

वर्ल्ड कप : आज पाकिस्तान और अफगानिस्तान का मुकाबला

वनडे वर्ल्ड कप 2023 में आज यानी सोमवार 23 अक्टूबर को पाकिस्तान का सामना अफगानिस्तान से होगा। मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में दोपहर 2 बजे से शुरू होगा। टॉस मैच शुरू होने से आधे घंटे पहले यानी दोपहर 1:30 बजे होगा। दोनों टीमें वनडे फॉर्मेट में साल 2012 में पहली बार आमने-सामने हुई थीं, तब से दोनों के बीच 7 मैच खेले और अफगानिस्तान को अब तक जीत का इंतजार है। दोनों टीमों का इस वर्ल्ड कप में पांचवां मैच रहेगा। पाकिस्तान को 4 में से दो में जीत और दो में हार मिली है।
दूसरी ओर अफगानिस्तान को चार में से तीन में हार और महज एक में जीत मिली। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 7 वनडे खेले गए हैं। सभी मैचों में पाकिस्तान को जीत मिली है। वनडे वर्ल्ड कप में भी पाकिस्तान का पलड़ा भारी है। टूर्नामेंट में दोनों के बीच 1 मैच हुआ। उस मैच में भी पाक को जीत मिली। इस वर्ल्ड कप में पाकिस्तान से मोहम्मद रिजवान टॉप स्कोरर हैं। उनके नाम चार मैचों में एक शतक और एक अर्धशतक भी है। वहीं बॉलिंग में पेसर शाहीन शाह अफरीदी ने सबसे ज्यादा विकेट झटके हैं।
अफगानिस्तान की ओर से विकेट कीपर-बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक हाफ सेंचुरी लगाई है। बॉलिंग में राशिद खान टॉप विकेट-टेकर हैं। 2019 वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में अफगानिस्तान ने 227 रन बनाए। जवाब में 45 ओवर तक पाकिस्तान ने 182 रन पर 6 विकेट गंवा दिए। उन्हें 30 बॉल पर 46 रन चाहिए थे, यहां बॉलिंग पर आए अफगानिस्तान के कप्तान गुलबदीन नैब ने 18 रन दे दिए। मुकाबला फिर भी आखिरी ओवर तक गया और टीम को 6 बॉल पर 6 रन चाहिए थे। यहां शुरूआती 3 गेंद पर 4 रन बने और चौथी बॉल पर इमाद वसीम ने चौका लगाकर पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबला जिता दिया।

वर्ल्ड कप : आज पाकिस्तान और अफगानिस्तान का मुकाबला Read More »

विजयादशमी कल : ढाई सौ फीट की लंका, 111 फीट का रावण

दशहरा मैदान पर इस बार 250 फीट क्षेत्र में लंका का निर्माण कर बुराई का प्रतीक 111 फीट विशालकाय रावण का दहन किया जाएगा। दशहरा मैदान रावण दहन समिति के सत्यनारायण सलवाड़िया ने बताया कि दशहरा महापर्व पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 111 फीट ऊंचा रावण का पुतला दशहरा मैदान पर बनकर तैयार है। हर वर्ष के अनुसार इस बार भी विशालकाय रावण का दहन दशहरा मैदान पर होगा, जिसकी तैयारियां तेजी से चल रही हैं। कलाकार लक्की सलवाड़िया, धर्मसिंह सिसोदिया, प्रवीण हरगांवकर, मनोज आर्या, लालू लाहोरिया, राजेश आदि द्वारा रात-दिन की कड़ी मेहनत से रावण के पुतले का निर्माण किया है।
संस्था के नारायणसिंह यादव, सुरेश मिंडा, प्रहलाद शर्मा, अरुण माहेश्वरी, जितेन्द्र रावरिया, राजाराम बोरासी, जीतेश शाह, सागर सलवाड़िया भी अपना योगदान दे रहे हैं। गेरा परिवार एवं खेमा इंडस्ट्री द्वारा दशहरे पर रावण के पुतले पर चलने वाली रंगारंग आतिशबाजी हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी नि:शुल्क उपलब्ध कराई गई है।

आज कन्या पूजन और महाप्रसादी, रावण दहन-मिलन समारोह कल
इंदौर। तुलसी नगर में गरबा महोत्सव के इस 22वें वर्ष में नौ दिवसीय उत्सव में बालिका वर्ग और महिला वर्ग इन दो ग्रुप में हर दिन गरबे में बड़ी संख्या में प्रतिभागी शामिल हुए। चुनाव के चलते लगी आचार संहिता का सख्ती से पालन करते हुए गरबा निर्धारित समय पर समाप्त हो जाते थे। आज महानवमी पर शाम 5 बजे कन्या पूजन और महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। महाप्रसादी के लिए कॉलोनी के रहवासियों ने आर्थिक सहयोग किया है।
रहवासी संघ अध्यक्ष राजेश तोमर ने बताया- दशहरा पर मंगलवार की शाम रावण दहन और मिलन समारोह आयोजित किया गया है। तोमर के मुताबिक नौ दिनी गरबा में मातृशक्ति शारदा सिंह, भावना रघुवंशी, ज्योति ठक्कर, राजकुमारी राणा, अर्चना सचान, सोमा वर्मा, गीता मिश्रा, अनिता मालवीय के साथ प्रशिक्षक ईशा राजावत का विशेष योगदान रहा। श्री तुलसी सरस्वती सोशल वेलफेयर सोसायटी के पदाधिकारियों राजेश तोमर, शम्भूनाथ सिंह, संजय यादव, केके झा, कीर्ति राणा, विवेक शर्मा, शिवबहादुर सिंह, भगवान झा, महीप धींग, राकेश जायसवाल, प्रवीण मालवीय, मनीष सिंह, राहुल ठक्कर, भरत पटेल, अमोल पाटिल के साथ समस्त कार्यकारणी के साथियों का व्यवस्था बनाए रखने में अभूतपूर्व सहयोग रहा।

विजयादशमी कल : ढाई सौ फीट की लंका, 111 फीट का रावण Read More »

प्रत्याशियों के लिए खर्च की सीमा तय अधिकतम 40 लाख खर्च कर सकेंगे

विधानसभा चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार तय सीमा से ज्यादा खर्च नहीं कर सकेंगे। इसके लिए खर्च सीमा तय कर दी है। वे अधिकतम 40 लाख रुपए खर्च कर सकेंगे। प्रत्याशियों के खर्चों पर निगरानी रखी जाएगी।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त व्यय प्रेक्षकगण प्रवीण कतारकी, आलोक श्रीवास्तव, मेरूगु सुरेश, रणविजय कुमार तथा अमित संजय गुरव रविवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने व्यय लेखा टीम और निगरानी दलों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने विधानसभा निर्वाचन के दौरान की जा रही व्यवस्थाओं और तैयारियों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने जिले में की जा रही व्यवस्थाओं और तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इंदौर में विधानसभा निर्वाचन के लिए बहुत अच्छी व्यवस्थाएं और तैयारी है। जिले में निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप चाक-चौबंद व्यवस्थाएं की गई हैं। बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इलैयाराजा टी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन, अपर कलेक्टर गौरव बेनल, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुनील मेहता, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और अपर कलेक्टर राजेन्द्र रघुवंशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

एकल खिड़की और शिकायत
निवारण प्रकोष्ठ का निरीक्षण
व्यय प्रेक्षकों ने कलेक्टर कार्यालय के भ्रमण के दौरान निर्वाचन के मद्देनजर जारी की जाने वाली अनुमतियों के लिए बनाई गई एकल खिड़की और शिकायतों के निवारण के लिए गठित कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इलैयाराजा टी, जिला पंचायत के सीईओ सिद्धार्थ जैन, अपर कलेक्टर गौरव बेनल तथा अपर कलेक्टर रोशन राय, एडीएम सपना लोवंशी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। व्यय प्रेक्षकगणों ने शिकायत निवारण प्रकोष्ठ और एकल खिड़की व्यवस्था को देखा और कार्यप्रणाली के संबंध मे जानकारी ली। इसके पश्चात उन्होंने व्यय लेखा दल के कार्यों को भी देखा।

प्रत्याशियों के लिए खर्च की सीमा तय अधिकतम 40 लाख खर्च कर सकेंगे Read More »

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights