Hindustanmailnews

Author name: Hindustanmailnews

प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव : संघ के स्वयंसेवकों द्वारा घोषवादन

550 वर्षों के सतत् संघर्ष के पश्चात भगवान राम लला का दिव्य मंदिर पावन अयोध्या धाम में बनकर तैयार हो गया है। 22 जनवरी को भगवान राम लला की प्राण-प्रतिष्ठा के महोत्सव पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, घोष विभाग इंदौर द्वारा भगवान रणजीत हनुमानजी के मंदिर प्रांगण में पूर्ण गणवेश में 388 स्वयसेवकों द्वारा घोषवादन किया गया, जिसमें 166 आनक वादक, 32 शंख वादक, 25 प्रणव वादक,14 त्रिभुज वादक, 29 झल्लरी वादक, 83 वेणु वादक, 14 वंशी वादक, 3 नागांग वादक, 3 मधुरिका वादक, 1 स्वरद वादक, 2 तूर्य वादक, 1 मुख सवादिनी वादक एवं 15 संचालन टोली में वादक थे। इस वादन में करीब 12 रचनाएं एवं वेणु पर अलंकार राम भजनों की घोष वादकों द्वारा प्रस्तुत की दी गई।
समाज से लगभग 500 से अधिक गणमान्य लोग पधारे और घोष की रचनाओं का आनन्द लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में संतोष संत (प्रख्यात वेणु वादक व पंडित हरिप्रसाद चौरसिया के शिष्य) एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघचालक डॉ. प्रकाश शास्त्री एवं इंदौर विभाग संघचालक डॉ. मुकेश मोढ मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अन्त में आशुतोष शर्मा, प्रान्त घोष प्रमुख का उद्बोधन रहा।

प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव : संघ के स्वयंसेवकों द्वारा घोषवादन Read More »

रामलला विराजमान : एक साथ मनी होली और दीपावली

हिन्दुस्तान मेल, धार
सैकड़ों वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद वो शुभ घड़ी… देशवासियों की आस्‍था का केंद्र भगवान श्रीराम लला अपनी अयोध्‍या में दोबारा विराजमान हुए हैं। इसका जश्‍न पूरे देश में देखने को मिला। पूरा धार शहर राममय नजर आया। शहर के प्रमुख मार्गों पर भगवा वंदनवार लगाई गई थी। प्रमुख चौराहों पर भगवान श्रीराम का तैलचित्र रखकर पूजन किया गया, साथ ही दोपहर 12.30 बजे भगवान की महाआरती कर उत्‍सव मनाया गया। लोगों ने इस दौरान जमकर आतिशबाजी कर खुशियां मनाईं। शहर में कुछ स्‍थानों पर रामभक्‍त दीपावली तो कुछ जगहोंं पर गुलाल खेलकर होली मनाते नजर आए। हर वर्ग में राम लला की प्राण-प्रतिष्‍ठा को लेकर उत्‍साह देखने को मिला।
शहर के प्राचीन धारेश्‍वर महादेव मंदिर में बड़ी संख्‍या में लोगों की सहभागिता देखने को मिली। यहां पर अयोध्‍या से लाइव प्रसारण दर्शन की व्‍यवस्‍था की गई थी। इसके चलते बड़ी संख्‍या में लोगों की आवाजाही मंदिर परिसर में बनी रही। दोपहर 12.30 बजे मंदिर परिसर में मौजूद श्रीराम मंदिर में भगवान का पूजन-अर्चन कर महाआरती की गई। राम लला की प्राण-प्रतिष्‍ठा महोत्‍सव के चलते मंदिर परिसर में अखंड रामायाण पाठ का भी आयोजन किया जा रहा है। भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्‍मण और हनुमानजी महाराज का आकर्षक शृंगार किया गया। शाम को दीपोत्‍सव की धूम रही।
युवाओं ने खेली होली, आतिशबाजी भी की- भगवान श्रीराम लला विराजमान के उत्‍सव को लेकर पूरे शहर का माहौल राममय नजर आया। भगवान की प्राण-प्रतिष्‍ठा के बाद शहरभर में उत्‍साहपूर्ण माहौल नजर आया। युवाओं ने जमकर आतिशबाजी की, वहीं शहरभर में गुलाल खेलकर होली भी मनाई गई। हटवाड़ा, आनंद चौपाटी, राजवाड़ा, नालछा दरवाजा, मोहन टॉकीज, बस स्‍टैंड सहित प्रमुख स्‍थानों पर भगवान की महाआरती कर महाप्रसादी वितरित की गई।

रामलला विराजमान : एक साथ मनी होली और दीपावली Read More »

प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव : जय स्तंभ चौक पर सजा भव्य राम दरबार

नगर के जय स्तंभ चौक पर जबरेश्वर सेना के तत्वावधान में भव्य राम दरबार रोशनी से सजाया गया। आतिशबाजी के साथ महाआरती और भोजन प्रसादी का भव्य आयोजन हुआ। नगर और आसपास के जबरेश्वर सैनिकों ने ढोल-नगाड़े के साथ रामभक्ति में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। लगभग बीस हजार से ज्यादा भक्तों ने भोजन प्रसादी ग्रहण की। जबरेश्वर सेना के राजेन्द्र चौधरी ने जय स्तंभ चौक पर महाआरती की।
बेटमा हुआ राममय… निकाली गई भगवा यात्रा
अयोध्या में निर्मित श्रीराम मंदिर में हुए प्राण-प्रतिष्ठा उत्सव कार्यक्रम के उपलक्ष में बेटमा नगर राममय हो गया। सोमवार के दिन सुबह से ही नगर के मंदिरों को विशेष रूप से सजाकर विद्युत सज्जा की गई, वहीं मंदिरों में दोपहर 12 बजे महाआरती की गई। कई जगह भंडारों का आयोजन हुआ।
शाम होते ही सागौर रोड बेटमा स्थित छोटे बालाजी मंदिर से विश्व हिंदू परिषद् बजरंग दल द्वारा भव्य भगवा रामराज यात्रा निकाली गई। यात्रा के रथ में सवार भगवान राम नगर भ्रमण पर निकले रामजी के रथ को श्रद्धालु अपने हाथों से खींचते हुए चल रहे थे, वहीं बड़ी संख्या में यात्रा में युवा सम्मिलित हुए व डीजे एवं ढोलक की थाप पर खूब थिरके। यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई बेटमा के प्राचीन राम मंदिर पर समाप्त हुई। यात्रा का मार्ग में अनेक जगह पुष्प वर्षा से भव्य स्वागत किया गया, वहीं इस अवसर पर नगरवासियों ने घरों के बाहर भगवा पताकाएं लहराईं, रंगोलियां बनाई, घरों पर रोशनी कर दीप जलाए व आतिशबाजी कर पटाखे छोड़े व राम दीपावली मनाई।

प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव : जय स्तंभ चौक पर सजा भव्य राम दरबार Read More »

भगवान राम सबके… मर्यादा, प्रेम, त्याग, तपस्या जीवन में उतारना जरूरी – चड्ढा

हिन्दुस्तान मेल, इंदौर
प्रभु राम के अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर कांग्रेस ने गांधी भवन कांग्रेस कार्यालय पर भव्य सुंदर काण्ड के साथ भजन कार्यक्रम भी रखा। भजनों पर कांग्रेसी खूब नाचे, दीपक लगाए, खिचड़ी भी वितरित की।
मप्र कांग्रेस कमेटी के संभागीय प्रवक्ता विवेक खंडेलवाल, गिरीश जोशी ने बताया- प्रभु श्रीराम के अयोध्या में हुए प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के शुभ अवसर पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत चड्डा के नेतृत्व में आज गांधी भवन कांग्रेस कार्यालय पर विधिविधान से सुंदरकाण्ड का पाठ किया गया। भजनों की धुन पर कांग्रेस नेता खूब नाचे। गांधी भवन को दीपक से सजाया गया। खिचड़ी प्रसाद बांटी गई। इस अवसर पर सुरजीत चड्ढा ने कहा कि राजीव गांधी का सपना आज साकार हुआ है। राम भगवान सबके हैं, प्रभु राम जैसी मर्यादा, प्रेम, त्याग, तपस्या, जीवन में उतारने की आवश्यकता है, तभी गांधी का सपना ‘रामराज्य’ साकार हो सकता है। कार्यकम में मुख्य रूप से जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव, विवेक खंडेलवाल, गिरीश जोशी, अर्चना जायसवाल, अरविंद बागड़ी, महेंद्र रघुवंशी, प्रेम खड़ायता, अमन बजाज, देवेंद्रसिंह यादव, नीलाभ शुक्ला, किरण जिरेती, मनीषा शिरोढ़कर, निखिल वर्मा, प्रवेश यादव, अनूप शुक्ला, मुकेश ठाकुर, प्रहलाद महावार, राज हींगेकर, सन्नी राजपाल सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।

भगवान राम सबके… मर्यादा, प्रेम, त्याग, तपस्या जीवन में उतारना जरूरी – चड्ढा Read More »

राजवाड़ा : भजन संध्या और जोरदार आतिशबाजी

हिंदुस्तान मेल, इंदौर। अयोध्या में श्रीराम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के सुअवसर पर विधानसभा क्षेत्र- 3 में विधायक गोलू शुक्ला के नेतृत्व में राजवाड़ा पर उत्सव के रूप में मनाते हुए कार सेवकों का सम्मान कर 2200 किलो लड्डुओं का वितरण किया गया। राजवाड़ा पर विधायक गोलू शुक्ला, हरप्रीत बक्शी, क्षेत्रीय पार्षद रूपाली पेंढारकर ने श्रीराम दरबार के चित्र का पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में 80 कारसेवकों का शॉल ओढ़ाकर श्रीफल भेंटकर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर सुप्रसिद्ध भजन गायक गन्नू महाराज ने भगवान श्रीराम के सुमधुर भजनों से समां बांध दिया। मेरी झोपड़ी के भाग्य आज खुल जाएंगे… भजन ने उपस्थित श्रद्धालुओं को थिरकने पर मजबूर कर दिया। माता-बहनें सब राम के रंग में रंगे नजर आ रहे थे। अवध में राम आए है… लहर-लहर लहराए री झंडा बजरंग बली का… रामजी से कह देना जय सियाराम… जैसे सुमधुर भजनों पर गोलू शुक्ला भी श्रद्धालुओं के साथ भक्ति के रस में डूबकर थिरक उठे।
राजवाड़ा पर छाया भगवा रंग – कार्यक्रम से पूरा राजवाड़ा भगवा रंग में नजर आया। बड़ी संख्या में उपस्थित माता बहनें केसरिया भगवा रंग के पारंपरिक वस्त्रों में शामिल हुईं तो भगवा ध्वजों के साथ पूरा क्षेत्र भगवा रंग में रंगा नजर आया।

राजवाड़ा : भजन संध्या और जोरदार आतिशबाजी Read More »

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights