2027 में अयोध्या की पांचों सीटें जीतेगी सपा, सरकार बनी तो फिर शुरू होगा यश भारती सम्मान: शिवपाल यादव
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। अयोध्या पहुंचे शिवपाल यादव ने कहा कि आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी अयोध्या की सभी पांच विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भगवान श्रीराम का आशीर्वाद सपा को मिला था और 2027 में भी पार्टी को उनका आशीर्वाद मिलेगा।

शिवपाल यादव ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर यश भारती सम्मान दोबारा शुरू किया जाएगा। इसके तहत पहलवानों, लोकगीत गायकों, कलाकारों, कवियों और साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछली सपा सरकार में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों और कलाकारों को यश भारती सम्मान के साथ नौकरी भी दी जाती थी, लेकिन पिछले दस वर्षों में इस तरह का कोई सम्मान नहीं दिया गया।
उन्होंने ऐलान किया कि सपा सरकार बनने पर जिला और तहसील स्तर के पहलवानों को भी सम्मान मिलेगा। वहीं, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के अनुरूप सरकारी नौकरी दी जाएगी। शिवपाल ने हर गांव में खेल स्टेडियम बनाने की जरूरत पर भी जोर दिया।
गौरतलब है कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी 2027 में सरकार बनने पर यश भारती सम्मान फिर से शुरू करने की घोषणा कर चुके हैं। इसके तहत एक लाख रुपये मासिक सम्मान राशि देने की बात कही गई है। वहीं, आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सपा 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर अपना घोषणापत्र जारी करने की तैयारी में है। इसमें महिलाओं, युवाओं और आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर विशेष जोर रहने की संभावना है।