Hindustanmailnews

The Sabarmati Report: एमपी में टैक्स फ्री हुई द साबरमती रिपोर्ट, सीएम यादव बोले- सच सामने आना ही चाहिए

भोपाल। 22 साल पहले गुजरात के गोधरा कांड पर आधारित फिल्म द साबरमती रिपोर्ट मध्य प्रदेश में टैक्स-फ्री कर दी गई है। इसे लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह एक बेहतरीन फिल्म है और इसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए टैक्स फ्री किया गया है। उन्होंने कहा कि जिस घटना पर यह फिल्म आधारित है, वह हमारे इतिहास का एक काला अध्याय है। इस फिल्म को देखने से सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय वोट की राजनीति के लिए गंदा खेल खेला गया था।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उस समय गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने राज्य और देश की प्रतिष्ठा को बचाया था। यह सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए। सीएम यादव ने यह भी कहा कि वह खुद यह फिल्म देखने जाएंगे और अन्य सांसद और विधायक भी इसे देखेंगे। हालांकि, फिल्म को लेकर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है।

मंत्री विश्वास सारंग ने इस फिल्म को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा सच को दबाने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने गोधरा कांड के पीड़ितों को न्याय नहीं मिलने दिया और गुजरात को बदनाम किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही वे कार्यकर्ताओं और जनता के साथ फिल्म देखने जाएंगे।

दूसरी ओर, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन लोगों ने हिंदू समुदाय को भड़काकर यह जुर्म करवाया, उनकी स्थिति क्या है। उन्होंने कहा कि उन पीड़ितों से पूछिए जो गोधरा कांड में अनाथ हो गए और जिनका पुनर्वास तक नहीं हुआ।

जंगल सत्याग्रह पर बनी फिल्म को टैक्स-फ्री करने की मांग

दिग्विजय सिंह ने द साबरमती रिपोर्ट के संदर्भ में कहा कि यदि फिल्में देखनी हैं तो हाल ही में रिलीज हुई जंगल सत्याग्रह देखिए, जो बैतूल में शूट हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि इस फिल्म को भी टैक्स-फ्री किया जाए। उन्होंने कहा कि यह फिल्म ब्रिटिश शासनकाल में जंगल अधिकारों के संघर्ष पर आधारित है और इसे सभी को देखना चाहिए।

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights