Hindustanmailnews

PM Modi Live: राजस्थान से मोदी का I.N.D.I.A पर हमला, कहा- इंडिया की चिंता होती तो विदेश जाकर निंदा करते क्या

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान दौरे पर हैं। उन्होंने सीकर में 9 करोड़ किसानों के खातों में किसान सम्मान निधि के 17 हजार करोड़ रुपये जारी किए हैं। साथ ही पीएम प्रणाम योजना और किसान समृद्धि केंद्र की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के पांच मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन कर सात का शिलान्यास भी किया। 

आजादी का आंदोलन जब पूरी प्रखरता पर था तो महात्मा गांधी ने एक नारा दिया था, तब महात्मा गांधी ने जो नारा दिया था आज फिर से देश के कल्याण के लिए उस नारे की जरूरत है। महात्मा गांधी ने नारा दिया था- अंग्रेजों भारत छोड़ो और अंग्रेजों को देश छोड़कर जाना पड़ा था। जैसे गांधी जी ने भारत छोड़ो का नारा दिया था, वैसे ही आज का मंत्र है- भ्रष्टाचार छोड़ो इंडिया, परिवारवाद छोड़ो इंडिया, तुष्टिकरण छोड़ो इंडिया। यह क्विट इंडिया ही देश को बचाएगा। इसी के साथ पीएम मोदी ने अपना संबोधन समाप्त कर दिया।

पीएम मोदी ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा- कांग्रेस और उसकी जामत उन फ्रॉड कंपनियों की तर्ज पर काम कर रही है जो एक कांड कर के नाम बदल कर दूसरे नाम से नया कांड कर सके। मोदी ने ‘इंडिया’ गठबंधन की तुलना इस्ट इंडिया कंपनी से करते हुए कहा कहा- अगर, उन्हें इंडिया की चिंता होती तो विदेश जाकर भारत की निंदा करते क्या। अगर, इन्हें इंडिया की चिंता होती तो क्या ये सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाते। अगर, इन्हें इंडिया की चिंता होती तो क्या ये गलवां में सैनिकों की शहादत पर सवाल पूछते।

राजस्थान में युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है। पेपर लीक उद्योग चल रहा है। राजस्थान के युवा काबिल हैं, लेकिन यहां की सरकार उनके भविष्य को बर्बाद कर रही है। यहां सत्ताधारी दल के लोगों पर ही पेपर लीक माफिया होने का आरोप लग रहा है। युवाओं को पेपर लीक माफिया से बचाने के लिए कांग्रेस को हटाना ही होगा।

पीएम मोदी ने कहा- राजस्थान के विकास के लिए केंद्र सरकार लगातार पैसे भेज रही है। जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, 10 साल में राजस्थान को टैक्स की हिस्सेदारी के रूप में 1 लाख करोड़ ही दिए गए थे। बीते 9 साल में भाजपा सरकार ने टैक्स हिस्सेदारी के रूप में राजस्थान को 4 लाख करोड़ से ज्यादा दिए हैं। जब केंद्र में 10 साल कांग्रेस की सरकार थी तब राजस्थान को सेंट्रल ग्रांट के रूप में भी करीब 50,000 करोड़ ही दिए गए थे, हमारी सरकार ने 9 साल में सेंट्रल ग्रांट के तौर पर राजस्थान को 1.5 लाख करोड़ से ज्यादा दिए हैं।

पीएम मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सीकर के शेखावटी का यह क्षेत्र किसानों का गढ़ है। यहां का किसान पानी की कमी के बाद भी फसल पैदा कर रहा है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार ऐसी सरकार आई है, जो किसानों के साथ खड़ी है। पीएम ने कहा- भारत का विकास तभी हागा जब गांव का विकास होगा। हमारी सरकार भारत के गावों में हर वो सुविधा पहुंचाने का काम कर रही है, जो शहरों में मिला करती है।

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights