Hindustanmailnews

कलेक्टर ने की राह आसान… चैन्नई से मंगाया गया वाहन

हमेशा की तरह इस बार की जनसुनवाई भी दिव्यांगजन और जरूरतमंदों के लिए वरदान साबित हुई है। कलेक्टर ने दिव्यांग कोमल के लिए विशेषताओं से युक्त अत्याधुनिक व्हील चेयर कम इलेक्ट्रिक व्हीकल के लिए एक लाख रुपए स्वीकृत किए हैं, वहीं अन्य जरूरतमंदों को भी मदद दी गई है।
कलेक्टोरेट में जनसुनवाई में पहुंची दिव्यांग कोमल व्यास के लिए मंगलवार का दिन यादगार हो गया। कोमल राजवाड़ा क्षेत्र के कुंवर मंडली में रहती हैं, जो बचपन से ही दिव्यांग हैं। चलने-फिरने में असमर्थ हैं। उनके पिताजी की भी मृत्यु हो चुकी है। उनका 13 साल का एक भाई है और माताजी गृहिणी हैं। ये दोनों कोमल पर आश्रित हैं। कोमल ने उच्च शिक्षा प्राप्त की है और एक प्राइवेट कंपनी में वर्क फ्राम होम भी कर रही हैं, पर जून महीने से वर्क फ्रॉम आॅफिस शुरू हो जाएगा। कोमल ने बताया- मेरे पास आॅफिस जाने के लिए कोई साधन नहीं है। मुझे दिक्कतों को सामना करना पड़ेगा। इनकम भी इतनी नहीं है कि मैं वाहन खरीद सकूं।
कोमल व्यास ने कलेक्टर के समक्ष एक विशेष उपकरण के अटेचमेंट वाले इलेक्ट्रिक वाहन की इच्छा जाहिर की। कलेक्टर ने तुरंत ही उक्त वाहन के लिए एक लाख रुपए स्वीकृत किए। यह वाहन चैन्नई से आएगा, जो आर्डर पर मंगाया जाएगा। वाहन के लिए एक लाख रुपए स्वीकृत होने से कोमल बेहद खुश हैं। वे बोलीं- मेरे जीवन की राह अब आसान होगी। कलेक्टर के प्रति उन्होंने आभार भी व्यक्त किया। इसी तरह जनसुनवाई में और भी कई पीड़ित, जरूरतमंद पहुंचे, जिनकी समस्याएं सुन कलेक्टर ने उन्हें भी राहत दी।

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights