कूनो नेशनल पार्क से मंगलवार दोपहर एक बार फिर बुरी खबर है। कूनो पार्क में एक चीता शावक की मौत हो गई है। यह शावक निगरानी दल को बीमार मिला था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सीसीएफ वाइल्ड लाइफ उत्तम कुमार शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। इससे पहले भी कूनो में तीन चीतों की मौत हो चुकी है। लगातार एक के बाद एक हो रही चीतों की मौत से प्रबंधन पर सवाल भी उठ रहे हैं। चर्चा है दक्षिण अफ्रीका से भारत के कूनों में बसाए गए चीत बच पाएंगे या नहीं।
बता दें, नामीबिया से लाई गई मादा चीता ज्वाला (सियाया) ने बीते 24 मार्च को पार्क में चार शावकों को जन्म दिया था। पर्यावरण मंत्रालय और कूनो पार्क प्रबंधन इन शावकों के नामाकरण करने के लिए लोगों से नाम मांग रहा था। इसी बीच शावक की मौत हुई है। अब कूनो पार्क में कुल 17 चीते और तीन शावक बचे हैं। अब तक तीन चीतों और एक शावक की मौत हो चुकी है। मदर्स डे पर चारों शावक अपनी मां संग अठखेलियां करते नजर आए थे। पार्क प्रबंधन की ओर से इनका वीडियो जारी किया गया था। अब एक शावक की मौत ने प्रबंधन की चिंता बढ़ा दी है।