Hindustanmailnews

देश

अमरनाथ यात्रा : अब तक शहर के 10 हजार भक्तों ने कराया पंजीयन

अमरनाथ यात्रा पर जाने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। 15 दिन में ही करीबन 10 हजार श्रद्धालुओं ने पंजीयन करा लिए हैं। इसमें सबसे अधिक पंजीयन आॅनलाइन हो रहे हैं। वहीं बैंकों के माध्यम से एक हजार पंजीयन हो चुके हैं। भोपाल से ही 15 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन करने पहुंचेंगे। पूरे एमपी से यह संख्या 50 हजार तक पहुंच जाएगी। बता दें कि 29 जून से शुरू होने वाली है। इस बार यह यात्रा 19 अगस्त तक चलेगी। इस बार यात्रा 52 दिन की रहेगी। यात्रा के लिए चिकित्सा प्रमाण पत्र जरूरी है। 13 से 70 वर्ष की देश के नागरिकों को जिन डॉक्टरों को चिकित्सा प्रमाण पत्र के लिए अनुमति दी गई है, उन्हें प्रमाण पत्र लेना होगा। इस बार 15 हजार से अधिक श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा पर जाने का अनुमान लगाया जा रहा है। अमरनाथ यात्रा के लिए लोगों ने ट्रेनों में आरक्षण करना शुरू कर दिया है, जिससे ट्रेन फुल चल रही हैं।

पहलगाम और और बालटाल के रास्ते से जाने के लिए जुलाई तक बुकिंग फुल हो चुकी है। ओम शिव शक्ति सेवा मंडल के सचिव रिंकू भटेजा ने बताया कि जम्मू एंड काश्मीर बैंक व पंजाब नेशनल बैंक में रोज 80 से 90 रजिस्ट्रेशन किए जा रहे हैं। इस कारण अब लोग आॅनलाइन रजिस्ट्रेशन अधिक करा रहे हैं। इस वजह से लोगों को अब 12 जुलाई के बाद की तिथि यात्रा के लिए मिल पा रही है। जो लोग अमरनाथ यात्रा पर पहलगाम के रास्ते से जाना चाहते हैं, उन्हें 18 जुलाई के बाद की तारीखें दी जा रही हैं।
पहलगाम मार्ग : इस मार्ग से गुफा तक पहुंचने में 3 दिन लगते हैं, लेकिन ये रास्ता आसान है। यात्रा में खड़ी चढ़ाई नहीं है। पहलगाम से पहला पड़ाव चंदनवाड़ी है। ये बेस कैंप से 16 किमी दूर है। यहां से चढ़ाई शुरू होती है।
बालटाल मार्ग : वक्त कम हो, तो बाबा अमरनाथ दर्शन के लिए बालटाल रूट से जा सकते हैं। इसमें सिर्फ 14 किमी की चढ़ाई चढ़नी होती है, लेकिन एकदम खड़ी चढ़ाई है, इसलिए बुजुर्गों को इस रास्ते पर दिक्कत होती है। इस रूट पर संकरे रास्ते और खतरनाक मोड़ हैं।

अमरनाथ यात्रा : अब तक शहर के 10 हजार भक्तों ने कराया पंजीयन Read More »

बैरागढ़ से 40 लाख रुपए बरामद परिचित के यहां छिपाकर रखे थे

हिन्दुस्तान मेल, भोपाल
राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन क्षेत्र में कारोबारी कैलाश खत्री के पास से पुलिस को 40 लाख रुपये और मिले हैं। कारोबारी ने यह रुपये पहले अपनी महिला रिश्तेदार के घर पहुंचा दिए थे, इसके बाद बैरागढ़ में दो महिलाओं के घर और फिर एक अन्य परिचित के घर में छिपाकर रखे थे।
पुलिस ने करीब 40 सीसीटीवी खंगालने के बाद रूट मैप बनाया और बैरागढ़ निवासी परिचित के घर से रकम बरामद कर ली। अब इन लाख रुपये के साथ बरामद की गई कुल रकम 71 लाख के करीब पहुंच चुकी है। पुलिस का कहना है कि रकम और मिलने की संभावना है। पुलिस ने पूरी रकम को जब्त कर आयकर विभाग को सूचित कर दिया है। आगे की जांच अब आयकर विभाग करेगा।

डीसीपी प्रियंका शुक्ला ने बताया कि मामले में एडिशनल डीसीपी रश्मि अग्रवाल दुबे के नेतृत्व में टीम अन्य एंगल से भी जांच कर रही थी। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात कारोबारी के बैरागढ़ स्थित अन्य ठिकाने पर पुलिस ने दबिश दी थी। यहां से पुलिस ने नोटों से भरे छह बैग बरामद किए। इनमें 40 लाख 11 हजार चार सौ रुपये मिले। इस प्रकार पूर्व में बरामद 32 लाख व अब मिले 40 लाख रुपये मिलाकर कुल रकम अब 71 लाख 69 हजार 473 रुपये पहुंच गई है। बताया जाता है कि कैलाश खत्री के स्वजन पुलिस की छापामार कार्रवाई के तत्काल बाद नोटों से भरे बैग लेकर भाग गए थे। इसकी पुष्टि सीसीटीवी फुटेज से हुई है। 40 से अधिक कैमरों के फुटेज चेक कर पुलिस ने पाया कि बैग पहले पंजाबी बाग निवासी कारोबारी के रिश्तेदार के घर पहुंचाए गए। उसके बाद तीन अलग-अलग स्थानों पर बैगों को पहुंचाया गया था।

बैरागढ़ से 40 लाख रुपए बरामद परिचित के यहां छिपाकर रखे थे Read More »

मोदी ने तीसरी बार भरा नामांकन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को वाराणसी लोकसभा क्षेत्र से अपना नामांकन भरने से पहले यहां गंगा नदी के किनारे दशाश्वमेध घाट पर पूजा-अर्चना की। पीएम मोदी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगा घाट पर आरती भी की। पीएम मोदी ने काल भैरव मंदिर के दर्शन किए। वहां से सीधे कलेक्टोरेट पहुंचे। नामांकन दाखिल किया। पीएम मोदी के चार प्रस्तावक भी तैयार हैं, जिसमें पंडित गणेश्वर शास्त्री, बैजनाथ पटेल, लालचंद कुशवाहा और संजय सोनकर शामिल हैं।
कौन होते हैं प्रस्‍तावक…?
चुनावों में प्रस्‍तावक की भूमिका काफी अहम् होती है। ये ही वे लोग होते हैं, जो किसी उम्‍मीदवार के नाम का प्रस्‍ताव रखते हैं। निर्वाचन आयोग के मुताबिक, प्रस्‍तावक वे स्‍थानीय लोग होते हैं, जो किसी उम्‍मीदवार को चुनाव लड़ने के लिए अपनी ओर से प्रस्‍तावित करते हैं। आमतौर पर नामांकन के लिए किसी महत्‍वपूर्ण दल के वीआईपी कैंडिडेट के लिए पांच और आम उम्‍मीदवार के लिए 10 प्रस्तावकों की जरूरत होती है। कई बार प्रस्‍तावकों के कारण चुनाव का रुख ही बदल जाता है, जैसा इस बार सूरत लोकसभा सीट पर देखने को मिला था। नियमों के अनुसार… अगर कोई उम्मीदवार किसी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहा है तो निर्वाचन क्षेत्र के एक मतदाता को उसकी उम्मीदवारी का प्रस्ताव देना आवश्यक होता है।
12 मुख्‍यमंत्री, 18 कैबिनेट
मंत्री… समेत ये नेता
पीएम मोदी के नामांकन दाखिल करने जाते समय उनके साथ गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्री, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और अनेक पार्टी नेता मौजूद रहे। इसके साथ ही राजग में भाजपा के सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान, अपना दल (एस) की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर भी इस दौरान प्रधानमंत्री के साथ रहे। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों- नीतीश कुमार (बिहार), पुष्करसिंह धामी (उत्तराखंड), मोहन यादव (मध्यप्रदेश), विष्णु देव साय (छत्तीसगढ़), एकनाथ शिंदे (महाराष्ट्र), भजनलाल शर्मा (राजस्थान), हिमंत विश्व शर्मा (असम), नायबसिंह सैनी (हरियाणा), प्रमोद सावंत (गोआ), प्रेमसिंह तमांग (सिक्किम) और माणिक साहा (त्रिपुरा) भी पीएम के नामांकन में शामिल रहे।

मोदी ने तीसरी बार भरा नामांकन Read More »

अपना डांस देखकर चिड़ गईं ममता, दिए कार्रवाई के आदेश

सोशल मीडिया पर पीएम मोदी के ऊपर बनाए गए मीम का वीडियो ट्रेंड होने के बाद अब बंगाल की सीएम ममता बनर्जी का भी एक ऐसा ही डांस वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीएम मोदी का चेहरा लगाकर हाल ही में एक एनीमेटिड वीडियो सोशल मीडिया पर डाला गया, जिसमें वह डांस करते नजर आ रहे हैं, जिसको खुद पीएम मोदी ने शेयर किया था। हालांकि जब ऐसा ही एक वीडियो पश्चिम बंगाल से सीएम ममता बनर्जी का अपलोड किया गया तो बंगाल की सीएम उस पर गुस्सा हो गईं। दीदी की कोलकाता पुलिस ने वीडियो बनाने वाले को गिरफ्तार करने की चेतावनी दे डाली। हालांकि बाद में चेतावनी वाले ट्वीट को भी एक्स से डिलीट कर दिया गया।

अपना डांस देखकर चिड़ गईं ममता, दिए कार्रवाई के आदेश Read More »

पाकिस्तान को सम्मान दे भारत, उनके पास परमाणु बम हैं- अय्यर

विरासत टैक्स और भारतीयों को लेकर रंगभेदी टिप्पणी करने वाले इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सैम पित्रोदा के बाद अब कांग्रेस के एक और नेता का बयान सामने आया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर ने पाकिस्तान को लेकर एक विवादित बयान दिया है। अय्यर ने एक इंटरव्यू में कहा कि भारत को पाकिस्तान की इज्जत करनी चाहिए, क्योंकि पड़ोसी मुल्क के पास परमाणु बम हैं। अगर हम उन्हें इज्जत नहीं देंगे तो वे भारत पर परमाणु हमला करने की सोच सकते हैं। अय्यर ने कहा कि भारत को ये नहीं भूलना चाहिए कि पाकिस्तान के पास भी परमाणु हैं। मुझे ये समझ नहीं आता कि मौजूदा सरकार ये क्यों कहती है कि हम पाकिस्तान से बात नहीं करेंगे, क्योंकि वहां आतंकवाद है। ये समझना जरूरी है कि आतंकवाद को खत्म करने के लिए चर्चा बहुत जरूरी है, वर्ना पाकिस्तान सोचेगा कि भारत अहंकार के साथ हमें दुनिया में छोटा दिखा रहा है। ऐसे में पाकिस्तान में कोई भी पागल इन बम का इस्तेमाल कर सकता है।
उन्होंने चेताते हुए कहा कि उनके पास परमाणु बम हैं। हमारे पास भी हैं, लेकिन क्या होगा… अगर कोई पागल लाहौर में ये बम गिराने का फैसला कर ले! इस रेडिएशन को अमृतसर पहुंचने में आठ सेकंड भी नहीं लगेंगे। अगर हम उनकी इज्जत करेंगे तो वे शांत बने रहेंगे, लेकिन अगर हम उन्हें छोटा दिखाते रहेंगे तो कोई पागल आएगा और बम गिरा देगा।

पाकिस्तान को सम्मान दे भारत, उनके पास परमाणु बम हैं- अय्यर Read More »

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights