Hindustanmailnews

इंदौर

पिकनिक स्पॉट पर हादसा, कुंड में गिरी कार

हिन्दुस्तान मेल, इंदौर। सिमरोल थाने से कुछ किलोमीटर दूरी पर लोदिया कुंड में रविवार को पिकनिक बनाने के लिए कई परिवार पहुंचे थे। उन्हीं में से इंदौर से भी एक परिवार गया हुआ था। परिवार की कार कुंड के ऊपर बने पहाड़ी पर लगाई गई थी, लेकिन पहाड़ी पर लगी कार का हैंडब्रेक ना लगाने के कारण कार अचानक से कुंड में गिर गई, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। पूरे मामले में सुमित मैथ्यू नामक व्यक्ति अचानक कार गिरते हुए देखी तो कार के आगे कार को रोकने वाले व्यक्ति को डूबते हुए देखा और कुंड में कूद गए और उन्हें बाहर निकाला गया। कार के अंदर एक बच्चा भी था, जिसे अन्य लोगों ने बाहर निकाला। सभी सुरक्षित है, लेकिन कार कुंड में डूब गई थी। पूरे मामले में किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई है।

पिकनिक स्पॉट पर हादसा, कुंड में गिरी कार Read More »

नगर निगम की माली हालत सुधारने पर जोर, बड़े बकायादार निशाने पर…..इसी माह 50 करोड़ वसूलने का टारगेट………..

नगर निगम की माली हालत ठीक नहीं चल रही है। आर्थिक सेहत सुधारने के लिए राजस्व वसूली पर खासा जोर दिया जा रहा है। निगम ने बड़े बकायादारों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। निगमायुक्त ने राजस्व विभाग के कर्ताधर्ताओं को अगस्त माह में 50 करोड़ वसूली का टारगेट दे दिया है। साथ ही 25 हजार व्यावसायिक लाइसेंस बनाने का भी लक्ष्य दिया है। राजस्व वसूली के लिए झोनवार शिविर लगाने के साथ ही करदाताओं से घर-घर संपर्क करने के लिए भी कहा गया है।
निगम की बिगड़ी आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए निगम प्रशासन द्वारा राजस्व वसूली के लिए अभियान चलाने के साथ ही सख्त कदम भी उठाए जा रहे हैं। निगम के निशाने पर खासतौर पर बड़े बकायादार हैं। निगमायुक्त हर्षिका सिंह ने राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक लेकर राजस्व वसूली के संबंध में सख्त निर्देश दिए हैं। निगमायुक्त द्वारा सिटी बस आॅफिस में ली गई समीक्षा बैठक में अपर आयुक्त अभिलाष मिश्रा और उपायुक्त लता अग्रवाल सहित समस्त सहायक राजस्व अधिकारी, बिल कलेक्टर व अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। आयुक्त सिंह द्वारा संपत्तिकर, जलकर, कचरा प्रबंधन शुल्क व अन्य करों की राजस्व वसूली की झोनवार/वार्डवार समीक्षा की गई। आयुक्त द्वारा राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान समस्त सहायक राजस्व अधिकारी एवं बिल कलेक्टर को बड़े बकाया करदाताओं से संपत्तिकर के बकाया 44 करोड़, जलकर के 3 करोड़ एवं कचरा प्रबंधन शुल्क के 3 करोड़ सहित कुल 50 करोड़ की राशि इसी माह अगस्त में वसूल करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही आयुक्त द्वारा अगस्त में 25 हजार से अधिक व्यापारिक लाइसेंस बनाने का लक्ष्य दिया गया।

नगर निगम की माली हालत सुधारने पर जोर, बड़े बकायादार निशाने पर…..इसी माह 50 करोड़ वसूलने का टारगेट……….. Read More »

240 रुपए किलो तक बिक रहा है टमाटर

शहर में टमाटर 140 से 240 रुपए प्रति किलो तक बिक रहा है। दामों में लगातार तेजी की वजह से ज्यादातर लोगों ने तो टमाटर खरीदना ही छोड़ दिया है। एक महीने पहले भोपाल में रोज 15 से 20 ट्रक टमाटर की खपत होती थी, जो अब घटकर 3-4 ट्रक पर आ गई है। हालांकि अगले 20 दिन यानी अगस्त अंतिम सप्ताह से लोकल फसल मंडी में आने के बाद टमाटर के दाम घटने लगेंगे।
भोपाल की सबसे बड़ी करोंद मंडी में टमाटर के थोक विक्रेता व्यापारी आरके सैनी ने बताया ​कि भोपाल में टमाटर महाराष्ट्र की पुणे, पिपलगांव और कर्नाटक की कोलार, बंगारपेट मंडियों से आ रहा है। मार्च-अप्रैल में बेमौसम बारिश से टमाटर की फसल खराब हो गई थी। तब किसानों को 3 से 5 रुपए प्रति किलो का दाम भी नहीं मिल रहे थे। किसानों ने खेतों में टमाटर नष्ट कर दिए। इसके बाद भाव बढ़ने लगे। बिट्टन मार्केट व्यापारी संघ के अध्यक्ष हरिओम खटीक कहते हैं कि 1 और 2 अगस्त को टमाटर 240 रु. किलो तक थे।

आम दिनों में करोंद
मंडी में 30 से 40 ट्रक
आम दिनों में करोंद मंडी में 30 से 40 ट्रक टमाटर के आते थे। 15 मई के बाद लोकल टमाटर की आवक करीब बंद हो जाती है। इस दौरान 20 से 25 ट्रक माल आने लगता है। 15 से 20 जुलाई के बीच तक 15 से 20 ट्रक टमाटर करोंद मंडी में आ रहे थे। 25 जुलाई के बाद आवक घटकर सीधे 3 से 4 ट्रक पर आ गई।

पहली फसल- किसानों की मानें तो दिसंबर में रोपाई करते हैं। ये ढाई महीने में तैयार हो जाती है। फरवरी के बाद भोपाल में लोकल टमाटर की बंपर आवक होती है। ये फसल मई के पहले सप्ताह तक चलती है। तापमान 40 डिग्री से पार पहुंच जाता है तो फसल नष्ट होने लगती है।
दूसरी फसल- 20 जून से दोबारा ​किसान टमाटर की रोपाई शुरू कर देता है। ये फसल अगस्त के अंत से लेकर सितंबर के पहले सप्ताह तक मार्केट में आ जाती है। इस दौरान टमाटर की आवक लोकल और प्रदेश के बाहर से बढ़ने पर दाम अचानक से नीचे आ जाते हैं।

240 रुपए किलो तक बिक रहा है टमाटर Read More »

सावन सोमवार : 40 मिनट में दर्शन का दावा

श्रावण माह का आज पांचवां सोमवार है। उज्जैन में तड़के 2.30 बजे महाकालेश्वर के पट खुलते ही मंदिर भगवान शिव के जयकारों से गूंज उठा। रात 12 बजे से भक्त लाइन में लगना शुरू हो गए थे। तड़के भस्म आरती में बाबा महाकाल को दूध, दही, घी, शहद और शकर से बने पंचामृत से अभिषेक पूजन कर भस्म अर्पित की गई। भगवान महाकाल का भांग, चंदन और आभूषणों से राजा स्वरूप में दिव्य शृंगार कर आरती की गई। शाम 4 बजे सवारी निकाली जाएगी। इस दिन 5 लाख भक्तों के पहुंचने की उम्मीद है। दिनभर दर्शन का सिलसिला चलता रहेगा। यह रात 10.45 पर शयन आरती के बाद समाप्त होगा। बाबा महाकाल लगातार 20 घंटे तक भक्तों को दर्शन देंगे। मंदिर प्रशासक संदीप सोनी ने बताया कि भक्तों की भीड़ बढ़ने की संभावना है। इसके लिए भक्तों को 40 मिनट में दर्शन हो सकें, इसके इंतजाम किए गए हैं। मंदिर के महेश पुजारी ने बताया कि अलसुबह भस्म आरती में भगवान महाकाल पहला पूजन किया गया। गर्भगृह में स्थापित सभी भगवान की प्रतिमाओं का जलाभिषेक कर दूध, दही, घी, शकर, शहद से बने पंचामृत से भगवान महाकाल पूजन किया। हरि ओम जल चढ़ाकर कपूर आरती के बाद भांग, चंदन, अबीर के साथ महाकाल के मस्तक पर ऊं, चंद्र और त्रिपुण्ड अर्पित कर राजा स्वरूप में शृंगार किया गया।

सावन सोमवार : 40 मिनट में दर्शन का दावा Read More »

भाजपा में कोई गुटबाजी नहीं… कमलनाथ का भ्रष्टाचार भूली नहीं जनता

केंद्रीय जल संसाधन मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत ने कल राजस्थान की राजनीति में भाजपा की गुटबाजी को लेकर उठ रहे सवाल, मणिपुर के हालातों व मध्यप्रदेश में भाजपा की स्थिति पर जवाब दिए। उन्होंने राजस्थान को लेकर कहा कि यहां भाजपा में कोई गुटबाजी नहीं है और अगला चुनाव सामूहिक नेतृत्व में लड़ा जाएगा। मोदीजी भाजपा का चेहरा होंगे। राजस्थान में भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। मप्र की जनता डबल इंजन की सरकार ही चुनेगी। कमलनाथ की 18 माह की सरकार के भ्रष्टाचार भूली नहीं है। मणिपुर पर कहा कि पहली बार ऐसा हो रहा है कि सरकार चर्चा को तैयार है, लेकिन विपक्ष अड़ंगे डाल रहा है।
51 फीसदी घरों में नल से पानी
मप्र में हर घर नल-जल योजना की सफलता को लेकर कहा कि एमपी में कुल 1 करोड़ घरों में सिर्फ 11 फीसदी घरों में नल से जल पहुंचता था, लेकिन अब यह 51 फीसदी पर पहुंच गया है। एमपी में इस प्रोेजेक्ट की रफ्तार तेज होना चाहिए।
तनाव दूर… केन-बेतवा का मोदी करेंगे शुभारंभ
एमपी की केन-बेतवा ऐतिहासिक योजना है। बहुत जल्द पीएम नरेंद्र मोदी उसका लोकार्पण करेंगे। एमपी और यूपी के बीच केन-बेतवा को लेकर जो तनाव था, वह हमने दूर किया और काम शुरू किया। अब बुंदेलखंड के 62 लाख घरों को पीने का पानी मिलेगा। हजारों किसानों को सिंचाई का पानी मिल सकेगा। इस योजना की 90 फीसदी राशि केंद्र ने दी है।
…तो बचाने में लगे रहे सीएम
शेखावत ने कहा कि महिला अपराध पर जब राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत को उनके ही मंत्री ने घेरा तो उसे बर्खास्त कर दिया। फिर लाल डायरी के जरिये उन्होंने गहलोत के भ्रष्टाचार की परतें खोलीं तो उन्हें विस में घुसने से रोका। पिटाई करवाई गई। यही नहीं, पेपर लीक के 19 गंभीर मामले प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आए। बेरोजगारी के कारण 2 हजार युवा आत्महत्या कर चुके हैं। जब भी पेपर लीक हुआ, सीएम अधिकारियों व नेताओं को बचाने में लगे रहे। आखिर दबाव के बाद जांच हुई और संभवत: पहली बार पीएससी मेंबर को गिरफ्तार किया गया।
कर्जमाफी का छलावा…
शेखावत ने कहा कि राजस्थान सरकार की असफलता की कहानी सुनना है तो राजस्थान के किसानों से मिलिए। 19 हजार से ज्यादा किसानों को कर्जमाफी के छल में जमीन नीलाम करना पड़ी, कई ने आत्महत्या कर ली। पहली बार किसानों ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर आत्महत्या की, वहीं शेखावत ने गहलोत को तुष्टिकरण की राजनीति पर भी घेरा। उन्होंने कहा कि सीएम तुष्टिकरण की राजनीति में हिंदुओं को दरकिनार कर रहे हैं। एक वर्ग विशेष से खास लगाव सिर्फ इसलिए है, ताकि उनका वोट बैंक सुरक्षित रहे।

भाजपा में कोई गुटबाजी नहीं… कमलनाथ का भ्रष्टाचार भूली नहीं जनता Read More »

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights