Hindustanmailnews

इंदौर

राजवाड़ा : भजन संध्या और जोरदार आतिशबाजी

हिंदुस्तान मेल, इंदौर। अयोध्या में श्रीराम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के सुअवसर पर विधानसभा क्षेत्र- 3 में विधायक गोलू शुक्ला के नेतृत्व में राजवाड़ा पर उत्सव के रूप में मनाते हुए कार सेवकों का सम्मान कर 2200 किलो लड्डुओं का वितरण किया गया। राजवाड़ा पर विधायक गोलू शुक्ला, हरप्रीत बक्शी, क्षेत्रीय पार्षद रूपाली पेंढारकर ने श्रीराम दरबार के चित्र का पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में 80 कारसेवकों का शॉल ओढ़ाकर श्रीफल भेंटकर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर सुप्रसिद्ध भजन गायक गन्नू महाराज ने भगवान श्रीराम के सुमधुर भजनों से समां बांध दिया। मेरी झोपड़ी के भाग्य आज खुल जाएंगे… भजन ने उपस्थित श्रद्धालुओं को थिरकने पर मजबूर कर दिया। माता-बहनें सब राम के रंग में रंगे नजर आ रहे थे। अवध में राम आए है… लहर-लहर लहराए री झंडा बजरंग बली का… रामजी से कह देना जय सियाराम… जैसे सुमधुर भजनों पर गोलू शुक्ला भी श्रद्धालुओं के साथ भक्ति के रस में डूबकर थिरक उठे।
राजवाड़ा पर छाया भगवा रंग – कार्यक्रम से पूरा राजवाड़ा भगवा रंग में नजर आया। बड़ी संख्या में उपस्थित माता बहनें केसरिया भगवा रंग के पारंपरिक वस्त्रों में शामिल हुईं तो भगवा ध्वजों के साथ पूरा क्षेत्र भगवा रंग में रंगा नजर आया।

राजवाड़ा : भजन संध्या और जोरदार आतिशबाजी Read More »

हर्ष और उल्लास से निकली प्रभु श्रीरामजी की शोभायात्रा

इंदौर। नंदानगर स्टेडियम ग्राउंड से मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की शोभायात्रा कलश यात्रा के साथ निकाली गई। शिव आनंद एवं राहत महिला मंडल की संयोजक तथा सुंदर कांड की शहर में प्रथम महिला चंद्रकला शर्मा (सुषमा) ने बताया कि 22 जववरी को भगवान श्रीराम की विशाल कलश यात्रा नंदानगर से निकाली गई। कलश यात्रा एवं शोभायात्रा में महिलाएं पीताम्बर और केशरिया वेशभूषा धारण किए हुई थीं। यात्रा में क्षेत्र की महिलाएं, स्कूली छात्राएं सर पर कलश रखकर निकलीं। शोभायात्रा में युवक हाथ में श्रीराम का झंडा लेकर श्रीराम की जय-जयकार करते हुए चल रहे थे। डीजे, बैंडबाजा, ढोलक, ताशे और बग्घी के साथ यात्रा निकली। महिला मंडल की संयोजक चंद्रकला शुक्ला ने बताया कि शोभायात्रा में संपूर्ण देवी-देवताओं के राम दरबार की सुंदर फ्लैक्स शोभायात्रा में आकर्षण का केंद्र रहे। शोभायात्रा के पश्चात भोजन प्रसादी का आयोजन भी हुआ। महिला मंडल की मालती शाहू, रजनी, सुधा शर्मा, नेहा मित्तल, राधा मित्तर, कला खंडेलवाल ने बताया कि चल समारोह के पश्चात शाम 5 बजे सुंदरकांड का संगीतमय पाठ भी हुआ। रात्रि 8 बजे से श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में भंडारा भी हुआ।

हर्ष और उल्लास से निकली प्रभु श्रीरामजी की शोभायात्रा Read More »

सागर में 40 प्रसव हुए, 23 परिवारों में जन्मीं बेटी तो 17 घरों में बेटे के जन्म से आईं खुशियां…

भगवान रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के दिन को हर किसी ने अपने-अपने अंदाज में खास बनाया। चारों तरफ पूजा-पाठ और भगवान की आराधना में लोग डूबे थे। इसी दौरान सागर के अस्पतालों में किलकारियां गूंजी। सागर के अलग-अलग अस्पतालों में सोमवार को 40 परिवारों की महिलाओं ने अपने जीवन में यादगार बनाया। इन महिलाओं ने सोमवार को बेटे या बेटियों को जन्म दिया। जिनमें 23 बेटियां और 17 बेटे जन्में हैं।
हिंदू परिवारों के लोग इन बच्चों को भगवान राम और सीता द्वारा दी गई सौगात मान रहे हैं। सनातन धर्म को मानने वाले 22 परिवारों की महिलाओं ने अपने डॉक्टरों से 22 जनवरी को प्रसव कराने की इच्छा जाहिर की थी। इनमें ज्यादातर महिलाओं के लिए डॉक्टर ने 24 से 30 जनवरी के बीच की तारीख दी थी। 22 जनवरी का दिन यादगार बनाने के लिए वे एक माह से डॉक्टरों से लगातार परामर्श ले रही थीं। 21 जनवरी को ही यह महिलाएं सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती हो गई थीं। डॉक्टरों के अनुसार इनमें 18 महिलाओं के सामान्य प्रसव हुए हैं। जबकि 22 महि​लाओं ने आॅपरेशन के जरिए नवजात को जन्म दिया है।
जिला अस्पताल में हुए 16 प्रसव- जिला अस्पताल के आरएमओ डॉ. अभिषेक ठाकुर ने बताया कि रविवार की रात 12 से लेकर सोमवार की शाम 7 बजे तक डफरिन अस्पताल में कुल 16 महिलाओं के प्रसव कराए गए हैं। इनमें 9 महिलाओं ने बेटियों और 7 ने बेटों को जन्म दिया है। 8 महिलाओं का सामान्य प्रसव व 8 महिलाओं का आॅपरेशन से प्रसव हुआ है।
बीएमसी में 16 डिलीवरी हुई, 10 सामान्य- बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में सोमवार को कुल 16 महिलाओं के प्रसव कराए गए। गायनी विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. जागृति किरण नागर ने बताया कि 8 महिलाओं ने बेटों और 8 ने बेटियों को जन्म दिया है। 10 महिलाओं के सामान्य प्रसव हुए हैं। जबकि 6 महिलाओं के सीजर आॅपरेशन किए गए हैं। वहीं स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. मोनिका जैन ने बताया कि अस्पताल में सोमवार को 8 महिलाओं के प्रसव हुए हैं। 6 परिवारों की महिलाओं ने बेटी को जन्म दिया है। जबकि 2 घरों में बेटे जन्में हैं।

सागर में 40 प्रसव हुए, 23 परिवारों में जन्मीं बेटी तो 17 घरों में बेटे के जन्म से आईं खुशियां… Read More »

फूलों और आतिशबाजी से अभिनंदनसारे रास्ते लगे जय श्रीराम के जयकारे

इंदौर में आयोजित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ‘जन आभार यात्रा’ में सड़कों पर जन सैलाब उमड़ पड़ा। बड़ा गणपति से राजवाड़ा तक आयोजित रोड-शो के दौरान विभिन्न मंचों के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. यादव का जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। अनेक स्थान पर पुष्पवर्षा की गई। आतिशबाजी से आसमान दमक उठा। केसरिया झंडे और बैनर से पटा मार्ग जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
विधानसभा चुनाव में इंदौर की सभी 9 सीटों पर भाजपा को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाए जाने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जन आभार यात्रा के जरिए इंदौर की जनता का आभार और धन्यवाद व्यक्त किया। बड़ा गणपति से राजवाड़ा तक आयोजित आभार यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव के स्वागत में इंदौर में जनसैलाब उमड़ पड़ा। मुख्यमंत्री ने बड़ा गणपति मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद आभार यात्रा का श्रीगणेश किया।
वे रथ पर जनप्रतिनिधियों के साथ सवार होकर जनता का धन्यवाद देने निकले। बड़ा गणपति से प्रारंभ हुई उनकी आभार यात्रा के दौरान उनका जगह-जगह जोरदार स्वागत किया गया। मंच और घरों की छतों से पुष्पवर्षा की गई। आतिशबाजी भी जमकर की गई। मुख्यमंत्री ने रोड-शो के दौरान रथ रुकवाकर चाय और भुट्टे का भी स्वाद चखा। सीएम की आभार यात्रा राजवाड़ा पर देवी अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ समाप्त हुई।
बड़ा गणपति से लेकर राजवाड़ा तक विभिन्न नागरिक संगठनों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा उनका स्वागत किया गया। स्वागत के लिए अनेक मंच लगाए गए थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव जनप्रतिनिधियों के साथ एक रथ में सवार होकर जनसमुदाय का अभिवादन स्वीकार करते हुए चल रहे थे। इस दौरान विभिन्न संस्कृतियों का प्रदर्शन भी किया गया। मुख्यमंत्री यादव ने जन आभार यात्रा के माध्यम से जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री यादव के साथ रथ पर कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, नगर अध्यक्ष बीजेपी गौरव रणदिवे, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, राकेश गोलू शुक्ला, मालिनी गौड़, महेंद्र हार्डिया, मधु वर्मा, मनोज पटेल, उषा ठाकुर, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, निशांत खरे, वरिष्ठ नेता बाबूसिंह रघुवंशी, गोपीकृष्णा नेमा, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, आईडिए अध्यक्ष जयपालसिंह चावड़ा, सावन सोनकर आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न धर्मस्थलों में किया दर्शन-पूजन
मुख्यमंत्री ने शहर के विभिन्न धर्मस्थलों पर पहुंचकर दर्शन और पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने बड़ा गणपति से शुरू होने वाली जन आभार यात्रा के पहले प्रसिद्ध बड़ा गणपति मंदिर में प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेशजी के दर्शन कर पूजन किया। तत्पश्चात उन्होंने विश्राम बाग में लोहे के स्क्रैप से बने श्रीराम मंदिर की प्रतिकृति का अनावरण कर श्री रणजीत हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री खालसा कॉलेज पहुंचे और यहां सजाए गए दीवान में माथा टेका। सीएम यादव ने राजवाड़ा पर माता अहिल्याबाई की प्रतिमा पर माल्यर्पण भी किया। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों का आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धर्मस्थलों में स्वच्छता अभियान चलाने का आग्रह किया गया है।

फूलों और आतिशबाजी से अभिनंदनसारे रास्ते लगे जय श्रीराम के जयकारे Read More »

बीआरसी आॅफिस में धूल खा रही पहलीसे आठवीं तक की हजारों किताबें

अगले दो महीनों में स्कूलों में परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं, वहीं राज्य शिक्षा केंद्र से आई पहली से आठवीं तक की हजारों किताबें सुभाष नगर स्थित बीआरसी आॅफिस में धूल खा रही हैं। ये किताबें शहर के अलग-अलग सरकारी स्कूलों में वितरित की जाना थीं, लेकिन यहीं पड़ी हुई हैं। कुछ बंडलों की तो सील भी नहीं टूटी है, ऐसे ही बंधे हुए हैं।
किताबों के साथ ही अन्य सामग्री भी ऐसे ही पड़ी हुई है। हर साल 70-80 हजार किताबें प्रत्येक बीआरसी आॅफिस पर बांटने के लिए भेजी जाती हैं। स्कूलों में बिना किताबों के कैसे पढ़ाई हो रही होगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। वहीं जिम्मेदार कोटे के अनुसार किताब पहुंचाने की बात कह रहे हैं।
मार्च में होना हैं परीक्षाएं
मार्च में पहली से 8वीं तक की परीक्षाएं होंगी। 5वीं और 8वीं की परीक्षाएं बोर्ड पैटर्न पर आयोजित की जाएंगी। ऐसे में यदि किताबों का आवंटन अभी तक बच्चों को नहीं किया गया है तो उनकी पढ़ाई कैसे कराई जा रही होगी।
सर्वशिक्षा अभियान के
तहत भेजा गया था सामान
सरकार के सर्व शिक्षा अभियान के तहत हर साल शासन द्वारा स्कूली बच्चों को बांटने के लिए किताबें और अन्य पढ़ाई की सामग्री बीआरसी कार्यालयों पर भेजी जाती है। यहां से स्कूलों में पहुंचाकर उनका वितरण किया जाता है। बीआरसी कार्यालय के कमरों में किताबें जमीन पर बंडलों में बंधी मिली।
बांटने के बाद बची हुई किताबें हैं, 10% कोटा रखने का आदेश है
बीआरसी राजेंद्र तंवर ने बताया कि राज्य शिक्षा केंद्र से आने वाली किताबें बांटने के बाद बच जाती हैं तो उसका 10 प्रतिशत कोटा रखने का प्रावधान है।
हमारे पास केवल 2 प्रतिशत कोटा शेष है। हर स्कूल में पिछले साल की संख्या के आधार पर किताबें भेजी जाती हैं।
यदि छात्रों की संख्या कम होती है तो वह किताब कार्यालय में रख ली जाती हैं और उसकी रिपोर्ट आरएसके को भेज दी जाती है।

बीआरसी आॅफिस में धूल खा रही पहलीसे आठवीं तक की हजारों किताबें Read More »

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights