Hindustanmailnews

इंदौर

विस्तार और लागत के मामले में एमपीआरडीसी का सबसे महंगा प्रोजेक्ट …….16 करोड़ में एक किमी के हिसाब से सिक्सलेन होगा इंदौर-उज्जैन फोरलेन

इंदौर। इंदौर से उज्जैन के बीच फोरलेन को सिक्सलेन बनाने की दिशा में मप्र रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एमपीआरडीसी) ने गुरुवार को टेंडर जारी कर दिया है। टेंडर में 45.475 किलोमीटर लम्बी इस सड़क के लिए 735.36 करोड़ की अनुमानित लागत आंकी गई है। मतलब 16.17 करोड़ रुपए/किलोमीटर।
इंदौर-देवास सिक्सलेन के बाद यह क्षेत्र की दूसरी सबसे महंगी सड़क होगी। 48 किलोमीटर लम्बे इस हाईवे को 19.54 करोड़ रुपए/किलोमीटर के हिसाब से बनाया गया था। हालांकि, टेंडर ओपन करने की तारीख 15 अप्रैल तय है, इसीलिए लोकसभा चुनाव की आचार संहिता के तहत टेंडर प्रक्रिया का प्रभावित होना भी तय है। इस पर जून में ही फैसला हो पाएगा। 20 फरवरी, 2024 को लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव डीपी आहुजा ने 45.475 किलोमीटर लम्बे इंदौर-उज्जैन रोड (अरबिंदो अस्पताल से उज्जैन के हरिफाटक) के विस्तार के लिए हाईब्रिड एन्युटी मॉडल पर 1692 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की थी। इसके बाद 7 मार्च को इसका टेंडर प्रकाशित हुआ, जिसमें प्रोजेक्ट की लागत 735.36 करोड़ आंकी गई है, जो लागत के हिसाब से रीवा-हनुमना (736.7 करोड़) आरडीसी का दूसरा बड़ा प्रोजेक्ट है, लेकिन प्रति किलोमीटर के हिसाब से सबसे महंगी सड़क, क्योंकि 89.9 किलोमीटर लम्बी रीवा-हनुमना रोड 8.19 करोड़/किमी में बनी, जबकि उज्जैन रोड की लागत 16.17 करोड़ है। इंदौर-देवास सिक्सलेन इससे 3 करोड़ करोड़ रुपए महंगा है, लेकिन वह एनएचएआई का काम था।
15 अप्रैल तक इच्छुक कंपनियां टेंडर डॉक्यूमेंट पर्चेस कर सकेंगी। 16 अप्रैल को टेक्निकल बिड ओपन होगी। इसके बाद फाइनेंशियल बिड खोली जाएगी। चूंकि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सप्ताहभर में आचार संहिता लगना है। आचार संहिता में काम होंगे नहीं, इसीलिए संभवत: प्रस्तावों पर जून में आचार संहिता खत्म होने के बाद फैसला लिया जाएगा। काम के लिए एमपीआरडीसी ने 24 महीने की समयसीमा तय की है। कॉर्पोरेशन के अधिकारियों की मानें तो अगस्त के आसपास काम शुरू हो सकता है।
298 करोड़ में बना था फोरलेन
इंदौर-उज्जैन फोरलेन 48.9 किलोमीटर लम्बा बना था। 2008-09 में 298 रुपए में काम महाकालेश्वर टोलवेज प्रालि नाम की कंपनी को सौंपा गया था।
सिंहस्थ में मिलेगा फायदा…
हाईवे चौड़ा होने का फायदा सिंहस्थ-2028 में मिलेगा। जब 15 करोड़ श्रद्धालु आने का अनुमान है। ओंकारेश्वर जाने वालों को भी इंदौर होकर ही आना-जाना पड़ता है। यही वजह है कि इंदौर-उज्जैन हाईवे पर वाहनों का दबाव कई गुना बढ़ जाता है और सिंहस्थ के दौरान बार-बार ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा होती है। 2023 सबसे ज्यादा सड़क दुर्घटना उज्जैन-इंदौर रोड पर ही हुई। यातायात पुलिस के अनुसार 1 जनवरी से 31 दिसंबर तक 226 दुर्घटना में 210 लोग घायल हुए और 22 की मृत्यु हुई।

विस्तार और लागत के मामले में एमपीआरडीसी का सबसे महंगा प्रोजेक्ट …….16 करोड़ में एक किमी के हिसाब से सिक्सलेन होगा इंदौर-उज्जैन फोरलेन Read More »

ताला तोड़ने के लिए उठा लिए पत्थर…

नेहरू स्टेडियम में गुरुवार रात साड़ी वॉकथान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को लेकर था और शाम 6 बजे शुरू होना था। लेकिन रात 8 बजे तक शुरू नहीं हो सका। देरी के कारण महिलाएं घर लौटने लगीं। तब विवाद की स्थिति बन गई।
महिलाएं कार्यक्रम छोड़कर जाने लगी तो उन्हें रोकने के लिए स्टेडियम के गेट नंबर एक पर ताला लगा दिया गया। नाराज महिलाओं ने पत्थर उठा लिए। ताला तोड़ने की कोशिश की। हालांकि बाद में नगर निगम के अधिकारियों के दखल के बाद ताला खोलना पड़ा। अपने तय कार्यक्रम से लेट होकर सीएम डॉ. मोहन यादव करीब सवा आठ बजे पहुंचे। उन्होंने साड़ी वॉकथान को औपचारिक तौर पर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कार्यक्रम में देरी से पहुंचने पर महिलाओं से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि साड़ी भारतीय परिधान ही नहीं, यह महिलाओं के लिए गर्व का भी विषय है। कार्यक्रम के लिए महिलाओं को दोपहर 3 बजे से ही बुला लिया गया था। कई महिलाएं छोटे बच्चों को साथ लेकर आई, जो परेशान होती रही। इस कार्यक्रम में 25 हजार महिलाओं के शामिल होने का दावा किया जा रहा था, लेकिन हालात यह रहे कि स्टेडियम में कुल जमा 100 महिलाएं भी नहीं थी।

ताला तोड़ने के लिए उठा लिए पत्थर… Read More »

सुदामा नगर में घरके नीचे खड़ी एक्टिवा चोरी हुई

सुदामा नगर में वायके शर्मा सर के सेक्टर डी-1744, राम मंदिर के पीछे स्थित घर के नीचे खड़ी एक्टिवा बीती रात अज्ञात चोर ले उड़ा। पत्रकार कीर्ति राणा का परिवार यहां भोजन करने आया था। बेटी तनु राणा ने अपनी गाड़ी मेनगेट के बाहर अन्य दो पहिया वाहनों के साथ पार्किंग में खड़ी की थी। रात 10.30 से 11 के बीच एक्टिवा वहां नहीं थी। आसपास तलाश करने के साथ ही जब सीसीटीवी फुटेज देखे तो एक युवक गाड़ी स्टार्ट कर ले जाते हुए नजर आया। अन्नपूर्णा थाने में गाड़ी चोरी की जानकारी देने के साथ ही पुलिस को वीडियो फुटेज भी उपलब्ध कराए हैं।

सुदामा नगर में घरके नीचे खड़ी एक्टिवा चोरी हुई Read More »

सोमला डकैत@मोटू-पतलू

10 से 15 सालों के दौरान शहर में सोमला डकैत और मोटू-पतलूू लूट जैसे 2 बड़े अपराध हुए, उनमें पुलिस 90 फीसदी से ज्यादा आरोपी को सजा नहीं दिला पाई। पुलिस ने केस तो दर्ज किया, लेकिन जांच कमजोर रही। इसी आधार पर चालान भी पेश कर दिया और जो सबूत-गवाह तैयार किए, वे कोर्ट में पलट गए। कमजोर धाराओं का लाभ लेकर अपराधी छूट गए। डकैती, लूट के मामलों में पीड़ित को न्याय ही नहीं मिला। इस वजह से असल अपराधी कौन है, इसका भी खुलासा आज तक नहीं हो सका।

इंदौर के लंदन विला डकैती मामले में पुलिस ने फिर कोर्ट का रुख किया। पुलिस ने अब नए तर्कों के साथ कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दायर की है। याचिका दायर करने वाले वही अधिकारी हैं, जिन्हें केस में लापरवाही बरतने के चलते लाइन अटैच किया गया है। मामले में मास्टरमाइंड सोमला भील को कोर्ट से मंगलवार को जमानत मिल चुकी है। कोर्ट ने सबूतों के अभाव के कारण यह जमानत दी है। सोमला के निकल जाने में पांच पुलिसकर्मियों की लापरवाही भी सामने आई है।
कोर्ट संभवत: आज (गुरुवार) फिर से फैसला सुना सकती है। याचिका में प्रकरण को लेकर कुछ तथ्यात्मक जानकारी दी गई है, ताकि फिर से सोमला को पकड़कर उसके बाकी साथियों तक पहुंचा जा सके। पुलिसकर्मियों ने बुधवार को जेएमएफसी कोर्ट नंबर 10/1 में सोमला पुत्र बदन सिंह, निवासी कदवाल बोरी की जमानत निरस्त करने की अपील की है।
अपील करने वाले अधिकारियों में बाणगंगा थाना प्रभारी नीरज बिरथरे, एसआई कमलकिशोर नागर, डीआरपी लाइन के टीआई रैंक के अधिकारी शामिल हैं। इनका मानना है कि प्राथमिक एफआईआर देखकर न्यायालय ने डकैती के आरोपी को जमानत दे दी, जबकि उसके पांच साथियों को अभी गिरफ्तार किया जाना है। फरियादी के सामने अभी शिनाख्त भी नहीं हुई है। सोमला को जमानत मिलने के मामले में कोर्ट रूम में उसके साथ मौजूद पांच पुलिसकर्मियों की लापरवाही भी सामने आई है।

लापरवाही से निकला सोमला
कोर्ट में सोमला को अजय यादव सहित पांच पुलिसकर्मी लेकर पहुंचे। जमानत पर बहस की पूरी जानकारी उन्होंने टीआई नीरज बिरथरे और एसआई कमल किशोर को नहीं दी। कोर्ट में वकीलों ने सिर्फ लूट की धारा पर बहस की, जबकि अंदर के विवरण में डकैती, शिनाख्त, माल की बरामदगी और उसके साथियों की गिरफ्तारी बाकी होने का भी उल्लेख था। कोर्ट ने जब जमानत दी तो सोमला के वकीलों ने तुरंत परिसर में ही उसकी हथकड़ी खुलवाई।
दो क्लू जिनके चलते पुलिस के हत्थे चढ़ा था सोमला
’ लंदन विला डकैती में कार के पास आते-जाते फुटेज में नजर आए संदिग्ध का हुलिया सोमला भील से मैच हुआ। उसके चलने-फिरने के तरीके और हाइट से उसकी पहचान करने वाले बाग-टांडा और धार के मुखबिरों को वह फुटेज दिखाए गए। मुखबिरों के ग्रीन सिग्नल के बाद सोमला के इस वारदात में शामिल होने की पुष्टि हुई।
’ सोमला अपने गांव के आसपास छुपा था। यहीं से पुलिस के मूवमेंट पर नजर रखता। मोबाइल लोकेशन की मदद से पुलिस उसकी घेराबंदी करने में कामयाब रही।

सोमला डकैत@मोटू-पतलू Read More »

तीन सौगात एक साथ… अटल रेडियो, पिंक आई बस और इलेक्ट्रिक बस

लोकसभा चुनाव के मौके पर इंदौर को मिलीं सौगतें। प्रदेश का पहला बस अटल रेडियो, महिला यात्रियों हेतु इलेक्ट्रिक पिंक आई बस एवं बीआरटीएस पर इलेक्ट्रिक बस का तौहफा शरीक है। प्रदेश के नगरीय प्रशासन और आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बुधवार को आयोजित समारोह में उक्त सौगातें दीं। इस मौके पर मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस आठ को है, लेकिन आज आपने महिलाओं को तोहफा देने का काम किया है… इसके लिए महापौर का अभिनंदन। उन्होंने कहा कि देश के पीएम हमेशा कहते हैं कि संवाद होना बहुत जरूरी है। लोकतंत्र को मजबूत करना तो यह जरूरी है कि संवाद हो और अटल रेडियो इसके लिए सबसे बेहतर है। बस में किस प्रकार के लोग हैं, इसका भी सर्वे हो। एज ग्रुप के हिसाब से जानकारी दे सकते हैं। यह रेडियो सिर्फ बस के लिए है… अच्छे कार्यक्रम होंगे तो बहुत लोकप्रिय होगा।
विजयवर्गीय ने कहा कि अमेरिका में इसका चलन है। वहां के ट्रैफिक से भी इसको जोड़ दिया है। किसी भी जाम की जानकारी भी इसके माध्यम से मिल जाती है। शहर की हर इन्फॉर्मेशन इसके माध्यम से मिलना आसान होगी। रेडियो में इस प्रकार की कई जानकारी इसमें मिल सकेंगी। सूचना से अपडेट कर लोगों के लिए यह उपयोगी हो सकता है।
शहर की लाइफ लाइन पब्लिक ट्रांसपोर्ट- महापौर पुष्यमित्र मित्र भार्गव ने कहा- किसी भी बढ़ते हुए शहर की लाइफ लाइन पब्लिक ट्रांसपोर्ट होता है। हमारा सौभाग्य है कि टेम्पो वाला शहर मेट्रो की ओर आगे बढ़ रह है। इसमें कैलाशजी की खास भूमिका रही।
अटल रेडियो – अकउळरछ द्वारा एक नई शुरुआत- प्रदेश में प्रथम बार लोक परिवहन की बसों में इंटरनेट रेडियो की शुरुआत हो रही है। इसका प्रसारण एआईसीटीएसएल कार्यालय से ही किया जाएगा। यह रेडियो एआईसीटीएसएल की बस, बस स्टॉप्स और मोबाइल ऐप के माध्यम से सुना जा सकेगा।

तीन सौगात एक साथ… अटल रेडियो, पिंक आई बस और इलेक्ट्रिक बस Read More »

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights