Hindustanmailnews

इंदौर

इंदौर में 17 हजार से अधिक अब भी पाकिस्तानी…

हिन्दुस्तान मेल,
इंदौर। लोकसभा में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) पेश होेने से लेकर नोटिफिकेशन होने के बीच पाकिस्तान से आए चार हजार से अधिक सिंधी समाज के लोगों को इंदौर में नागरिकता मिली है। अब भी 17 हजार ऐसे हैं जिनके पास नागरिकता नहीं है। कई के आवेदन पेंडिंग है। कोई 12 साल की पात्रता के दायरे में नहीं आया। 5 से 7 हजार ऐसे हैं जो लांग टर्म विजा (एलटीवी) पर आए थे लेकिन अर्से से उन्होंने अपना एलटीवी अपडेट नहीं कराया।
सीएए की जो अधिसूचना से सिंधी समाज खुश है। समाज ने जश्न मनाया। सिंधी समुदाय की जैकमाबाद पंचायत इंदौर में है। पंचायत के महासचिव कमल कस्तुरी ने बताया कि सिंधी समाज के लोगों को नागरिकता नियमित रूप से मिलती रही है। 2019 से 2024 के बीच तकरीबन 4500 लोगों को हमने नागरिकता दिलाई है। तकरीबन 4 हजार लोग 2019 के बाद दोबारा पाकिस्तान जा चुके हैं। ये लोग घुमने आए थे।
डॉ.जयकुमार परियानी ने बताया कि 2019 से अब तक इंदौर में पाकिस्तान से 500 से अधिक परिवार आकर बसे हैं। जिनकी कुल संख्या तकरीबन 4 हजार के आसपास है। सीएए नोटिफिकेशन से इन्हें भी फायदा होगा। हमने पंचायत में एक व्यक्ति की नियुक्त कर रखी है जिसके पास नागरिकता के लिए आवेदन किया जा सकता है।
एलटीवी पर आए…बस गए…
पाकिस्तान से आने वालों को लांग टर्म वीजा दिया जाता है। जिसकी अवधि 2 साल रहती है। मतलब 2 साल बाद उसे फिर अपडेट कराना पड़ता है। ऐसा 12 साल तक कराना पड़ता है। 12 साल के बाद नागरिकता का पात्र हो जाता है। इंदौर में अब 5 हजार से अधिक ऐसे लोग हैं जिनका एलटीवी अपडेशन जारी है। अभी किसी को 8 साल हुए हैं तो किसी को 10 साल। इसीलिए वे अभी पात्र नहीं है।
कई गैरकानूनी भी रह रहे हैं
पाकिस्तान से आए समाज के ऐसे लोगों की संख्या भी ज्यादा है जो एलटीवी पर आए थे। एक-दो बार अपडेट कराया। उसके बाद कोई अपडेशन नहीं। बरसों हो गए उन्हें यहां रहते-रहते। ऐसे लोगों की संख्या इंदौर में 8 हजार से अधिक बताई जा रही है।

इंदौर में 17 हजार से अधिक अब भी पाकिस्तानी… Read More »

आम आदमी तो ठीक साइबर हैकरों के निशाने पर पुलिस अफसर

इंदौर। लसूड़िया थाने में थाना प्रभारी रहे संतोष दूधी का फेसबुक अकाउंट हैक हो गया। उनके नाम से पहले फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी गई। इसकी जानकारी स्वयं दूधी ने अपने दूसरे सोशल मीडिया अकाउंट से दी। साइबर फ्रॉड का शिकार होने वाले दूधी पहले पुलिस अधिकारी नहीं है। इससे पहले साइबर एक्सपर्ट वरूण कपूर का अकाउंट भी हैक हो चुका है। पूरे देश में दो दर्जन पुलिस कमश्निर और अधिकारियों के साथ कई वीवीआईपी के खातों में छेड़छाड़ करके बेखौफ हैकर्स जांच एजेंसियों को चुनौती दे रहे हैं। कुछ पकड़े भी गए हैं लेकिन चुनौती बड़ी है।

सावधान! यदि आपके फेसबुक मैंसेंजर पर किसी फेसबुक फ्रेंड, परिचित या रिश्तेदार ने अपने को किसी मुसीबत में बताकर आपसे धनराशि की मांग कर रहा है तो आप बिना सोचे-समझे और जानकारी लिए मैसेज के आधार पर किसी के बैंक खाते में रुपए जमा नहीं करवाएं। साइबर जालसाज इन दिनों फेसबुक मैसेंजर को हैक कर ऐसे मैसेज भेज रहे है और उसके मित्रों से राशि ठग रहे है। इसके शिकार आम आदमी ही नहीं, बल्कि पुलिस पदाधिकारी तक हो चुके है।
इन्हें भी नहीं छोड़ा….
ठगोरे बहुत पढ़े लिखे भले न हो लेकिन एक्सपर्ट है। अगस्त 2023 में साइबर क्राइम ने सोशल मीडिया ऐप टेलीग्राम के माध्यम से फेसबुक और यूट्यूब पर लाइक शेयर और सब्सक्राइब करने के नाम पर ठगने वाले को पकड़ा था जो 8वीं पास निकला।
26 दिसंबर 2023 को बरेली के आईजी डॉक्टर राकेश सिंह के नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट बना लिया। फिर मैसेज करके कई लोगों से रुपयों की मांग कर डाली।
5 दिसंबर को मुरादाबाद के पुलिस कमिश्नर आंजनेय कुमार का फेसबुक आईडी हेक हुआ और रिजवान हुसैन नाम के प्रॉपर्टी डीलर से दो लाख रुपए मांगे।
फरवरी 2023 को मध्यप्रदेश सरकार के खनिज साधन और श्रम मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह का फेसबुक अकाउंट हैक हो गया। उस वक्त उनके नाम से पैसे मांगे गए जब वे देश के बाहर थे।

आम आदमी तो ठीक साइबर हैकरों के निशाने पर पुलिस अफसर Read More »

विश्व महिला दिवस : निगमायुक्त ने आयोजित किया विशेष महिला मिलन समारोह

शहर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर विभिन्न स्थानों पर कार्यकम आयोजित किए गए। निगमायुक्त हर्षिका सिंह द्वारा विशेष महिला सम्मेलन आयोजित किया गया। रीजनल पार्क में आयोजित इस सम्मेलन में शहर की सफाई मित्र महिला कर्मचारी निगम महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ज्योति मिमरोट, डॉ. विनीता कोठारी, पार्षद कंचन गिद्ववानी, सुनीता हार्डिया, संध्या यादव, सोनाली मिमरोट, आरजेश विनी, रुपाली जैन, स्वच्छ भारत मिशन की श्रद्धा तोमर और रश्मि चौधरी सहित बड़ी संख्या में महिला सफाई मित्र निगम के विभिन्न विभागों में पदस्थ महिला कर्मचारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कैसे स्वस्थ्य रहें… दी जानकारी
इस अवसर पर स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ज्योति मिमरोट, डॉ. विनीत कोठारी द्वारा महिला सफाई मित्र को अपने जीवन में अपनी स्वयं की स्वास्थ्य संबंधी सुरक्षा के साथ ही अपने स्वास्थ्य के प्रति ध्यान रखने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई तथा पार्षद सोनाली मिमरोट एवं सुनीता हर्डिया द्वारा भी महिला सफाई मित्रों की प्रशंसा करते हुए अपने कार्य के साथ ही अपने परिवार को भी समय देने के संबंध में चर्चा की गई।
महिला सफाई
मित्रों संग चेयर रेस
विशेष महिला मिलन समारोह में आयुक्त द्वारा उपस्थित महिला सफाई मित्र कर्मचारियों के साथ चेयर रेस प्रतियोगिता भी खेली गई। इसके साथ ही इस अवसर पर विशिष्ट कलाकार मानसी पांडे द्वारा गीत प्रस्तुत किया गया। साथी महिला सफाई मित्र पुष्पा दीदी द्वारा अपने कार्य अनुभव की चर्चा करते हुए इंदौर को स्वच्छता में नंबर वन बनाए रखने की महिला मित्रों से अपील की गई।
सेहत का भी रखें ध्यान
आयुक्त हर्षिका सिंह द्वारा अंतर्राष्ट्रीय विश्व महिला दिवस पर समस्त महिलाओं को बधाई दी गई। आयुक्त ने कहा कि शहर और नगर निगम इंदौर की शक्ति हमारी सफाई मित्र आप हमारा सम्मान है और आप हमारा गर्व भी है। उन्होंने सफाई मित्रों से अपने सेहत पर ध्यान देने की बात भी कही।

विश्व महिला दिवस : निगमायुक्त ने आयोजित किया विशेष महिला मिलन समारोह Read More »

देवी अहिल्या अस्पताल में फर्जी डॉक्टर कर रहे थे कैंसर का इलाज

बिना किसी सुरक्षा मानक, अनुमति और योग्यता के दम पर कैंसर जैसी भयावह बीमारी का इलाज करके लोगों की जान से खिलवाड़ करने के मामले में कलेक्टर आशीष सिंह ने बड़ी कार्रवाई की। उन्होंने नेमावर रोड स्थित देवी अहिल्या हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर को न सिर्फ सील करने के आदेश दिए, बल्कि सीएमएचओ को संचालकों के खिलाफ केस दर्ज कराने और नगर निगम को भवन की वैधानिकता जांचने के आदेश दिए हैं। भर्ती मरीजों का इलाज या शिफ्टिंग सरकारी डॉक्टरों की निगरानी में होगा। खाली होते ही अस्पताल सील हो जाएगा।

7 मार्च, 2024 को यह आदेश कलेक्टर सिंह ने जारी किया है। आदेश में उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) से 1 मार्च, 2024 को मिले पत्र का हवाला दिया है। लिखा है 1, आनंदनगर स्थित देवी अहिल्या हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर की जांच जूनी इंदौर एसडीएम, अपर तहसीलदार, आईडीएसपी के नोडल अधिकारी, जोनल चिकित्सा अधिकारी संयोगितागंज, आयुर्वेद/होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी आयुष विभाग ने की। दल ने अस्पताल की आकस्मिक जांच की। मौका पंचनामा बनाया गया। बयान लिए गए। पता चला कि अस्पताल में जनमानस को गुमराह किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट में म.प्र. उपचर्यागृह तथा रूजोपचार संबंधी स्थापनाएं (रजिस्ट्रीकरण तथा अनुज्ञापन अधिनियम 1973) नियम 1997 (यथा संशोधित 2021) एवं चिकित्सा शिक्षा संस्था (नियंत्रण) अधिनियम 1973 की धारा 7-ग का उल्लंघन करके अस्पताल का संचालन पाया गया। अस्पताल में मरीजों की जान को गंभीर संकट में डालकर सिर्फ नाम का इलाज किया जा रहा है। इस बात की पुष्टि समिति द्वारा अस्पताल से जब्त दस्तावेजों से भी होती है। इसे अस्पताल प्रबंधन की बदनियती या हिमाकत कहेंगे कि बिना किसी सक्षम स्वीकृति के कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का इलाज गैर पेशेवर व्यक्ति द्वारा किया जा रहा है। प्राइवेट हॉस्पिटल के लिए जो सुरक्षा मानक तय हैं, उनका पालन भी नहीं है। न प्रमाण-पत्र है। हॉस्टिल के संचालक द्वारा चिकित्सा शिक्षा संस्था (नियंत्रण) अधिनियम 1973 की धारा 7-ग का उल्लंघन किया जा रहा है। अपने नाम के सम्मुख डॉक्टर शब्द का उपयोग कर आम जनमानस को गुमराह किया जा रहा है। कलेक्टर ने अपने आदेश में कहा कि नियम विरुद्ध अस्पताल का संचालन मिला है, इसीलिए अस्पताल के साथ ही संचालक पर भी कार्रवाई जरूरी है, इसीलिए तय किया जाता है कि हॉस्पिटल में भर्ती मरीजों के डिस्चार्ज होने या उन्हें किसी दूसरे अस्पताल में शिफ्ट होने तक उनकी मॉनिटरिंग आईडीएसपी के नोडल अधिकारी डॉ. अमित मालाकार करेंगे। सभी मरीजों के डिस्चार्ज या शिफ्ट होने पर तत्काल एसडीएम को सूचना देंगे। खाली होने के बाद एसडीएम अस्पताल को सील करेंगे। तब तक अस्पताल में कोई नया मरीज भर्ती नहीं होगा।

देवी अहिल्या अस्पताल में फर्जी डॉक्टर कर रहे थे कैंसर का इलाज Read More »

आज दूल्हा रूप में दर्शन दे रहे महाकाल, दोपहर में हुई भस्म आरती

महाशिवरात्रि के दूसरे दिन भगवान महाकाल दूल्हा रूप में दर्शन दे रहे हैं। शनिवार सुबह 4 बजे भगवान महाकाल का सवा मन फूलों और सप्त धान का सेहरा सजाया गया है। उन्हें दूल्हे के रूप में श्रृंगारित किया गया है। इससे पहले भगवान महाकाल को सप्त धान का मुखौटा, स्वर्ण त्रिकुंड, कुंडल, चांदी का छत्र और नए वस्त्र धारण कराए गए। सुबह 6 बजे सेहरा आरती हुई। इस दौरान करीब सवा लाख बिल्व पत्र भी अर्पित किए। बाबा महाकाल की भस्म आरती साल में एक बार दोपहर 12 बजे होती है, जो आज हुई। आज आम भक्तों को भी दोपहर की भस्म आरती के चलायमान दर्शन मिल सके। सभी को कार्तिकेय मंडपम से प्रवेश और दर्शन दिया जा रहा है। इससे पहले महाशिवरात्रि पर गुरुवार की रात ढाई बजे भगवान महाकाल मंदिर के पट खुले। शनिवार रात 10.30 बजे तक लगातार 44 घंटे भगवान महाकाल के दर्शन हो सकेंगे। शुक्रवार रात 10 बजे तक 7.35 लाख से ज्यादा भक्तों ने बाबा महाकाल के दर्शन कर लिए थे। हालांकि प्रशासन ने 12 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने का दावा किया था।

आज दूल्हा रूप में दर्शन दे रहे महाकाल, दोपहर में हुई भस्म आरती Read More »

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights