Hindustanmailnews

इंदौर

सरकारी चावल की कालाबाजारी करने वालों को पकड़ने वाले पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित

भाजपा पार्षद और महापौर परिषद सदस्य मनीष मामा ने अवैध चावल की कालाबाजारी में शामिल माफियाओं को पकड़ने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया है।
एमआईसी सदस्य ने बाणगंगा थाने पहुंचे और पुलिसकर्मी अमित रघुवंशी और योगेश यादव का पुष्प माला और मिठाई खिलाकर सम्मान किया। उल्लेखनीय है कि राशन के सरकारी चावल की कालाबाजारी के आरोप में शकील मोहम्मद, जमील मोहम्मद, नियाज और अनवर को पकड़ा गया है। इन आरोपियों की लोडिंग रिक्शा से 4 क्विंटल अवैध चावल जब्त किया गया था। इस कार्रवाई में खाद्य विभाग के फूड इंस्पेक्टर राहुल शर्मा और अंकुर गुप्ता भी मौजूद थे।

सरकारी चावल की कालाबाजारी करने वालों को पकड़ने वाले पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित Read More »

इंदौर में एसडीएम रहे कौशल बंसल ने कराया प्राचीनमंदिर का जीर्णोद्धार

सरकारी सेवा में रहकर मां शक्ति की भक्ति में लीन रहे इंदौर के एसडीएम कौशल बंसल ने रिटायरमेंट के बाद बिजाना (शाजापुर) में 18 किलोमीटर लम्बी ओम आकार की पहाड़ी पर सर्व सिद्ध मां बगलामुखी तारा शक्ति पीठ बना दिया। जहां पापेश्वर महादेव महाकाल व 18 शक्तियों का दिव्य मंदिर है। इनके द्वारा पूर्व जन्म के पापों का नाश होता है और मनोकामनाए पूर्ण होती है और भाग्योदय होता है। जल्द ही यहां भव्य मंदिर आकार लेगा। जिसकी डिजाइन प्रसिद्ध वास्तुकार चंद्रकांत सोमपुरा ने तैयार की है जिन्होंने अयोध्या का राम मंदिर डिजाइन किया था।
चार दशक पहले जब नलखेड़ा में मां बगलामुखी मंदिर विकास समिति बनी थी तब बंसल वहां नायब तहसीलदार थे। तभी ठान लिया था कि जीवन आपको समर्पित कर दूंगा। बंसल ने अपनी और अपने मित्रों की 70 बीघा जमीन पर मंदिर की नींव 2012 में रखी थी। इसी साल जनवरी में रिटायर हुए थे। बिजाना की पहाड़ी पर सतयुगीन प्रतिमाएं थी। बंसल बताते हैं कि विवाह पश्चात शिव-पार्वती यहां घुमने आए थे जिसका कुमारिका क्षेत्र के रूप में उल्लेख शिव पुराण में भी है। यह सिद्ध मंदिर है। यहां पर मनोकामनाएं पूर्ण होती है। भगवान महाकाल पापेश्वर महादेव, मां बगलामुखी, मां तारा और मां हरसिद्धि सहित 18 महाविद्या (श्री कुल की नौ माता और काली कुल की नौ माता) स्वयंभू विराजित हैं। यहां पर मुख्य में मां तारा नील सरस्वती के रूप में तथा दांए और बांए मां बगलामुखी और मां कमला विराजित हैं। देशभर में यह एकमात्र ऐसा सिद्ध स्थान है, जहां बगलामुखी ब्रह्मास्त्र विद्या का अनुष्ठान किया जाता है। मंदिर शाजापुर जिला मुख्यालय से करीब 16 किमी दूर ग्राम बिजाना में पहाड़ियों के बीच स्थित है। प्राकृतिक सौंदर्य के बीच यह पीठ अनादि काल से स्वयंभू स्थापित है, जिसका पुनर्निर्माण कौशल बंसल और बगलामुखी तारा पीठ के महंत कैलाश चंद्र शर्मा ने किया था। जिस धरा पर मां भगवती विराजित है उस (कुमारिका क्षेत्र) का वामन शिव महापुराण में मिलता है। यहां प्रचीन काल में सेवाएं देते रहे संत की समाधी है। मंदिर के ठीक सामने भैरव जी विराजित हैं। यहां कई बड़े राजनेता गुप्त रूप से साधना करने आते हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और पूर्व मंत्री कमल पटेल भी आए थे। अनुष्ठान करके गए। बंसल ने बताया कि मंदिर विस्तार होगा। तकरीबन 19 करोड़ की लागत आएगी। लाल पत्थर से मंदिर बनेगा। कैलाश चंद्र शर्मा ने बताया कि मंदिर के पास स्थित पहाड़ों में पत्थरों से मंदिर बनाया जा रहा है। जहां श्री राम दरबार, बाबा श्री नीम करौली महाराज, हनुमान जी की मूर्तियों को विराजित किया जाएगा।

इंदौर में एसडीएम रहे कौशल बंसल ने कराया प्राचीनमंदिर का जीर्णोद्धार Read More »

23 सड़कों से बदलेगी इंदौर की तस्वीर …….विकास को लगेंगे पंख

इंदौर। इंदौर की तस्वीर बलने वाली है। शहर और इससे जुड़े बाहरी इलाकों में सड़कों का जाल बिछने वाला है। सरकार ने मास्टर प्लान की 23 सड़कों के लिए 468 करोड़ से ज्यादा की राशि दी है। सड़के बनने से जहां यातायात सुगम और बेहतर होगा वहीं विकास को भी पंख लगेंगे। साथ ही हजारों वाहन चालकों के अलावा सैकडों कॉलोनियों के रहवासियों को भी लाभ मिलेगा।
इंदौर को लोकसभा चुनाव के मौके पर बड़ा तोहफा मिला है। सरकार के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा 23 सड़कों के लिए 468.41 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। मास्टर प्लान की यह सड़के स्कीम फॉर असिस्टेन्स टू फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट के तहत बनाई जाएगी। निगम द्बारा नगरीय प्रशासन विभाग को इंदौर की 28 मास्टर प्लान सड़कों के लिए 688.32 करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया था। जिसमें से 23 सड़कों के प्रस्ताव को हरि झंडी मिलने के साथ ही 468.41 करोड़ की राशि इंदौर नगर निगम के खाते में जमा हो गई है।
शहर को सड़कों का महत्वपूर्ण तोहफा दिलाने में मुख्यमंत्री मोहन यादव, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव की बड़ी भूमिका रही है।

23 सड़कों से बदलेगी इंदौर की तस्वीर …….विकास को लगेंगे पंख Read More »

ठेके पर चोरी करने वाले बदमाश गिरफ्तार, मास्टर माइंड फरार

राऊ और राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने ऐसे बदमाशों को पकड़ा है, जो ठेका लेकर चोरी करते थे। आरोपियों से दो कार, सोने-चांदी के आभूषण व एक महंगी बाइक बरामद की है। गिरोह का मास्टर माइंड मुंबई का अजहर उर्फ समीर है, जो पूरे देश में चोरी करता है। उस पर 30 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं।
डीसीपी जोन-1 विनोद कुमार मीना के मुताबिक 14 फरवरी को राऊ थाना क्षेत्र स्थित हसनजी नगर में कारोबारी कजिन भाई के सूने घर में चोरी हुई थी। धार्मिक यात्रा पर इराक गए कजिन भाई के घर से बदमाश सोने-चांदी के आभूषणों के साथ कार भी चुरा कर ले गए। सीसीटीवी फुटेज से छानबीन करने पर पुलिस को पता चला आरोपित कार डेली कालेज के आसपास छोड़ कर चले गए हैं।
राजेंद्र नगर, मल्हारगंज और तेजाजी नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच की तो पता चला बदमाशों ने कजिन भाई के घर से चुराई कार से कई जगह वारदात की है। टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों सुनील पटेल निवासी रेवाड़ी बरोठा जिला देवास और दीपक कुमावत निवासी मावता पिपलोदा जिला रतलाम को पकड़ा। दोनों आरोपी फिलहाल श्रीजी वैली (कनाड़िया) में रहते है।
पूछताछ में बताया चोरी में मास्टर माइंड मुंबई का अजहर उर्फ समीर पुत्र शमसू शेख है। उसने 30 प्रतिशत कमीशन देकर चोरी करवाई है। समीर के विरुद्ध जूनी इंदौर, राजेंद्र नगर, सदर बाजार, द्वारकापुरी सहित उदयपुर (राजस्थान) में भी चोरी के प्रकरण दर्ज हैं।

ठेके पर चोरी करने वाले बदमाश गिरफ्तार, मास्टर माइंड फरार Read More »

आज भी गर्म रहेगा मौसम, कल से मिल सकती है राहत….

मार्च के आखिरी हफ्ते में गर्मी के तेवर लगातार तीखे होते जा रहे हैं। पिछले 24 घंटे में दिन के तापमान में 1 डिग्री का उछाल आया है। बुधवार को तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा है। स्थिति यह है कि दोपहर 12 बजे बाद ही धूप चुभने लगी है। मौसम वैज्ञानिकों ने गुरुवार को भी ऐसे ही तेज गर्मी के आसार जताए हैं। 28 मार्च से राजस्थान में बारिश के आसार हैं। इसके चलते यहां भी तापमान में गिरावट आ सकती है। यानी रंगपंचमी पर गर्मी के तेवर नरम रहेंगे।
मंगलवार को दिन का तापमान 37.5 (+1) डिग्री और रात का तापमान 22.8 (+2) डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। बुधवार को तेज तपन रही और तापमान 38.8 (+2) डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रात के तापमान में हल्की गिरावट रही और 22.2 (+3) डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बुधवार को सुबह से ही गर्मी है। धूप चढ़ने के साथ पारा तेजी से ऊपर बढ़ रहा है। दरअसल अभी हवा का रुख दक्षिण-पश्चिम की ओर है। इस कारण हवा में गर्माहट है। रात में हल्के बादल छाने की वजह से रात का तापमान सामान्य से ज्यादा बना हुआ है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक वर्तमान में एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव है। साथ ही ट्रफ लाइन भी है। अभी 28-29 मार्च को भी ऐसा ही मौसम रहेगा। 29 मार्च से एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने की संभावना है। इसका 30 और 31 मार्च को प्रदेश के पूर्वी और मध्य हिस्से में असर रहेगा। 28 मार्च को राजस्थान में बारिश के आसार हैं। इससे इंदौर और उसके आसपास भी इसका प्रभाव रह सकता है। इस दौरान तापमान में गिरावट की संभावना है। लोगों को कुछेक दिन गर्मी से राहत मिल सकती है।

आज भी गर्म रहेगा मौसम, कल से मिल सकती है राहत…. Read More »

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights