Hindustanmailnews

मुख्यमंत्री मोहन यादव

पुलिस कर्मियों के खाते में हर महीने 15 लीटर पेट्रोल के पैसे डाले जाएंगे : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि शांति-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस अपनी भूमिका का अच्छे ढंग से निर्वहन कर रही है। प्रदेश की पुलिस और बेटा-बेटियों पर मुझे गर्व है। मैं आपके परिवार का मुखिया हूं, जब भी जरूरत पड़ेगी आपके साथ खड़ा रहूंगा। पुलिसकर्मी अपने बच्चों और परिवार के साथ समय बिता सकें इसलिए प्रदेश में साप्ताहिक अवकाश की व्यवस्था की गई है। तनावमुक्त रहकर ज्यादा अच्छे से कार्य कर सकें, इसलिए राज्य सरकार ने पुलिस कर्मियों के कल्याण के लिए कई योजनाएं और कार्यक्रम शुरू किए हैं। हर महीने 15 लीटर पेट्रोल के पैसे पुलिसकर्मियों के खाते में डाले जाएंगे।

20 अधिकारियों को राष्ट्रपति पदक और चार को वीरता पुलिस पदक
मध्यप्रदेश पुलिस के कर्तव्यनिष्ठ चार अधिकारी व कर्मचारियों को वीरता पदक एवं 20 अधिकारी कर्मचारियों को विशिष्ट तथा सराहनीय सेवा के लिए वर्ष 2023 के राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान करने की घोषणा की गई है। पदकों का वितरण अगले साल स्वतंत्रता दिवस समारोह में किया जाएगा।

राष्ट्रपति पदक से इनका सम्मान
सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति का पुलिस पदक एआइजी मलय जैन, एएसपी सुरेन्द्र जैन, डीआइजी मनोज श्रीवास्तव, एसपी ग्वालियर (अजाक) पंकज पांडे, भोपाल पुलिस अधीक्षक (एटीएस) प्रणय नागवंशी, ग्वालियर एसपी (लोकायुक्त) रामेश्वर सिंह यादव, डीजीपी के स्टाफ आफिसर (एएसपी) संदेश जैन, उज्जैन डीएसपी अजय कैथवास, निरीक्षक सुनील राय, उप निरीक्षक डीपी सक्सेना, इंदौर के आरक्षक मोहनलाल, छिंदवाड़ा के प्रधान आरक्षक केशव राव इंगले, ग्वालियर के प्रधान आरक्षक अशोक सिंह भदौरिया, उज्जैन के प्रधान आरक्षक राम रतन नादेड़, सागर के आरक्षक रमेश जोशी और उज्जैन के डीएसपी सुनील कुमार तालान को दिया जाएगा।

पुलिस कर्मियों के खाते में हर महीने 15 लीटर पेट्रोल के पैसे डाले जाएंगे : मुख्यमंत्री Read More »

शिवराज के खास नायक और भूपेंद्र सिंहके करीबी धनौरा ने थामा कांग्रेस का हाथ

दतिया के भाजपा नेता और राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त सीएम शिवराज के खास अवधेश नायक और मंत्री भूपेंद्र सिंह के करीबी सुरखी (सागर) के राजकुमार सिंह धनौरा ने समर्थकों के साथ कांग्रेस का हाथ थाम लिया। दोनों को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर धार से शुभांगना राजे, पीसी मालवीय, सुरेश कुमार, मिश्रीलाल, रामबाबू लोधी सहित अन्य ने भी पार्टी की सदस्यता ली। इसके पहले कमल नाथ ने अपने आवास पर शायर अंजुम रहबर को सदस्यता दिलाई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाथ ने दोनों नेताओं को समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता दिलाते हुए कहा कि आपने यह निर्णय किसी प्रलोभन में नहीं बल्कि प्रदेश के भविष्य को देखते हुए किया है। अभी बागेश्वरधाम की बात आई। मैंने 15 वर्ष पहले हनुमान जी का मंदिर बनाया था। धार्मिक हूं, मेरी अपनी आस्था है पर जब हम धार्मिक आयोजन करते या मंदिर जाते हैं तो भाजपा नेताओं के पेट में दर्द होता है। मैं तो गर्व से कहता हूं कि हिंदू हूं पर बेवकूफ नहीं हूं। उन्होंने पूछा कि क्या भाजपा नेताओं ने धर्म का ठेका ले रखा है।
मंत्रियों ने जो आतंक मचाया है, मैंने आज तक ऐसा नहीं देखा : दिग्विजय
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस के विरुद्ध लड़ने वाले आज प्रताड़ना के कारण भाजपा के विरुद्ध हैं। दतिया और सुरखी विधानसभा में जो आतंक मंत्रियों ने मचाया है, वैसा मैंने अपने जीवन में किसी भी विधानसभा में नहीं देखा। झूठे प्रकरण बनाकर लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है।
हम दतिया की आजादी की लड़ाई
लड़ रहे हैं : अवधेश नायक
अवधेश नायक दतिया से 2008 में विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। शिवराज सरकार ने उन्हें 2016 में पाठ्य पुस्तक निगम का उपाध्यक्ष बनाकर राज्यमंत्री का दर्जा दिया था। उन्होंने कहा कि हम दतिया की आजादी की लड़ाई लड़ रहे हैं। मेरे भतीजे को जेल भेज दिया और जब हमने विरोध किया तो हमारे साथियों को प्रताड़ित किया गया।

शिवराज के खास नायक और भूपेंद्र सिंहके करीबी धनौरा ने थामा कांग्रेस का हाथ Read More »

प्रदेश में छठवां वेतनमान पा रहे 1 लाख कर्मियों के डीए में 9 प्रतिशत की वृद्धि

हिन्दुस्तान मेल, भोपाल
राज्य सरकार ने प्रदेश में छठवां वेतनमान पा रहे 1 लाख कर्मचारियों का 9 प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाए जाने के आदेश जारी कर दिए हैं। यह भुगतान इसी महीने में मिलने वाले वेतन में किया जाएगा। इससे 40 हजार स्थायी कर्मी, 23 हजार पंचायत स​चिव और बाकी निगम मंडलों में कार्यरत कर्मचारी को फायदा मिलेगा। डीए का भुगतान 1 जनवरी 2023 से होगा। 1 ज​नवरी से 30 जून तक छह महीने के एरियर की राशि दी जाएगी। यह भुगतान समान ​किस्तों में अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर के महीने में किया जाएगा।
पंचायत सचिवों को 7वां वेतनमान – प्रदेश के 23 हजार ग्राम पंचायतों के पंचायत सचिवों को सातवें वेतनमान के साथ न्यू पेंशन स्कीम का लाभ नियमित कर्मचारियों की तरह मिलेगा। रिटायरमेंट पर तीन लाख रुपए दिए जाएंगे। असामयिक मृत्यु पर अनुकंपा नियुक्ति मिलेगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने पंचायत सचिवों के सम्मेलन में यह घोषणा की। इससे सरकार पर 200 करोड़ रु. का भार आएगा। लाल परेड ग्राउंड में हुए कार्यक्रम में उन्होंने कहा- ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम पंचायत और सरकार के बीच सेतु की तरह कार्य करते हैं। सरकार की योजनाओं को जमीन पर उतारते हैं। चाहे कोविड हो, लाड़ली बहना, आवास योजना, नल-जल या अन्य स्कीम, सारा दारोमदार पंचायत सचिवों पर ही रहता है। इसीलिए उन्हें भी सरकार की अन्य सुविधाओं का हक है। आज समरसता के वातावरण के साथ विकास आवश्यक है और ग्राम पंचायत सचिव इसमें महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते हैं। कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राम खेलावन पटेल मौजूद रहे।

शिवराज भोपाल में आज करेंगे जनसेवा मित्रों से संवाद
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज (शुक्रवार को) लाल परेड मैदान भोपाल में मुख्यमंत्री जनसेवा मित्र बूटकैंप में युवाओं से संवाद करेंगे। इस सम्मेलन में प्रदेश के 52 जिलों से लगभग 10 हजार जनसेवा मित्र शामिल होंगे। कैंप का उद्देश्य जनसेवा मित्रों को प्रेरित करना है, जो राज्य में कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जमीनी स्तर पर जागरूकता का संचार करने के लिए प्रयास कर रहे हैं। कार्यक्रम की थीम यूथ फॉर एमपी रहेगी। इसमें पांच सत्र होंगे। इस कार्यक्रम में पहला सत्र यूथ फॉर न्यू एज लर्निंग, दूसरा सत्र यूथ फॉर नेक्स्ट जेनरेशन गवर्नेंस, यूथ फॉर कम्युनिटी, तीसरा सत्र यूथ फॉर हेरिटेज, यूथ फॉर एनवायरमेंट, चौथा सत्र यूथ फॉर डेमोक्रेसी और पांचवां सत्र यूथ फॉर डेवलपमेंट आॅफ मध्य प्रदेश होगा। मुख्यमंत्री पांचवें सत्र में युवाओं को प्रदेश के विकास में भागीदारी के लिए प्रेरित करने के साथ उनके परिजन और लाभांवित हितग्राहियों से भी संवाद करेंगे। 

मप्र ईज आफ डूइंग बिजनेस कॉन्क्लेव आज
भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआइआइ) के सहयोग से एमपी औद्योगिक विकास निगम (एमपीआइडीसी) मध्य प्रदेश ईज आॅफ डूइंग बिजनेस कॉन्क्लेव- 2023 आज शुक्रवार को कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर भोपाल में होगा। कॉन्क्लेव का उद्देश्य व्यवसाय करने में आसानी बढ़ाकर और उनकी परिचालन लागत को कम करके उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण को बढ़ावा देना है। कॉन्क्लेव में वर्तमान के सुधारों पर सूचना प्रसार, संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत और मध्य प्रदेश में संचालित उद्योगों के लिए समस्या समाधान की सुविधा पर मंथन होगा।

प्रदेश में छठवां वेतनमान पा रहे 1 लाख कर्मियों के डीए में 9 प्रतिशत की वृद्धि Read More »

हर खेत में पहुंचेगा पानी, लहराएंगी फसलें, प्रदेश में आएगी समृद्धि

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं में निरंतर विस्तार किया जा रहा है। आज आगर-मालवा में 1200 करोड़ रुपए से अधिक की लागत की कुंडालिया पाइप सिंचाई प्रणाली के प्रथम चरण के कार्य का लोकार्पण किया गया है। इससे 146 गांवों के खेतों में पाइप लाइन से पानी पहुंचाया जाएगा। हमारा प्रयास है कि प्रदेश के हर खेत में पानी पहुंचे। इससे किसानों की फसलें लहराएंगी और समृद्धि आएगी। साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पर ड्रॉप मोर क्रॉप का सपना साकार होगा।
मुख्यमंत्री आगर-मालवा में विकास पर्व के अंतर्गत लाड़ली बहना सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने आज वहां पहुंची संत रविदास यात्रा का स्वागत और संतों का सम्मान किया। मुख्यमंत्री चौहान ने 1306 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण/भूमि-पूजन किया तथा हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। कार्यक्रम कन्या-पूजन से शुरू हुआ।
बहनों के कल्याण की योजनाएं
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मां-बहन-बेटियों के चेहरों पर मुस्कुराहट लाना हमारा संकल्प है। बहनों के कल्याण और सम्मान के लिए प्रदेश में कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। लाड़ली लक्ष्मी, मुख्यमंत्री कन्या-विवाह/निकाह, संबल जैसी योजनाओं के बाद अब लाड़ली बहना योजना महिलाओं को मजबूती देगी और आत्म-सम्मान भी बढ़ाएगी। स्थानीय निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण जैसे कार्यों से आज बहनें ग्रामों और नगरों में शासन चला रही हैं। लाड़ली बहना योजना की राशि धीरे-धीरे बढ़ाकर 3000 रुपए प्रतिमाह तक की जाएगी। महिला कल्याण योजनाओं के मैदानी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लाड़ली बहना सेना बनाई गई है। बेटियों के प्रति दुराचार करने वालों को फांसी के फंदे पर लटकाया जाता है और उनके घर भी तोड़े जाते हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि संत रविदास ने कहा था कि ऐसा राज होना चाहिए, जहां सभी समान हों और सभी को भरपेट भोजन मिले। मध्यप्रदेश में उनकी कल्पना के अनुरूप ही सरकार चल रही है। हर व्यक्ति के कल्याण के कार्य किए जा रहे हैं। गरीबों को नि:शुल्क अनाज, पक्के मकान, स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।

हर खेत में पहुंचेगा पानी, लहराएंगी फसलें, प्रदेश में आएगी समृद्धि Read More »

जी-20 के वर्किंग ग्रुप सी-20 की समिट के समापन पर बोले सीएमयोजनाएं अहसान नहीं, कमजोर तबकों का हक

दुनिया के संसाधन सभी में बराबर नहीं बांट सकते, पर जिनके पास अभाव है, उनकी मदद होनी चाहिए। यह बात जी-20 के वर्किंग ग्रुप सी-20 की समिट के समापन सत्र में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कही। उन्होंने कहा- लाड़ली बहना जैसी योजनाएं महिलाओं पर अहसान नहीं, इन वर्गों का हक है। कमजोर वर्गों की न्यूनतम जरूरतें पूरी हों, यह सरकार और समाज की ड्यूटी है।
भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद् के अध्यक्ष डॉ. विनय सहस्रबुद्धे ने कहा कि मुख्यमंत्री मूलत: सेवा योगी हैं। चौहान का जनता के लिए अपनत्व है, इसलिए ही उन्हें मामा कहते हैं। कार्यक्रम में रतलाम के सैयद शाहिद मीर, डॉ. अंबर पारे, जीशान निज, प्रमांशु शुक्ला, मोहन सोनी सहित 12 समाजसेवियों का सम्मान सीएम द्वारा किया गया।
सेवा के लिए वैश्विक प्लेटफॉर्म बने
सेवा समिट के नेशनल को-आॅर्डिनेटर संतोष गुप्ता ने समापन के बाद मीडिया से चर्चा में कहा कि कुल 7 अनुशंसाएं की गई हैं। राष्ट्रों के बीच क्रॉस-कंट्री लर्निंग, वसुधैव कुटुम्बकम के दर्शन को बढ़ावा देने वाले नागरिकों/स्वैच्छिक संगठनों का एक वैश्विक नेटवर्क स्थापित करना, राज्य स्तरीय सेवा अभियान का आयोजन करना आदि शामिल हैं।
ग्रीन एनर्जी अवेयरनेस पर करेंगे काम
समिट का हिस्सा रहे शैलेश सिंघल ने कहा कि पूरी दुनिया में यूथ को ग्रीन एनर्जी के लिए अवेयर करना जरूरी है।

जी-20 के वर्किंग ग्रुप सी-20 की समिट के समापन पर बोले सीएमयोजनाएं अहसान नहीं, कमजोर तबकों का हक Read More »

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights